बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के संभावित असर के कारण बिहार और झारखंड के मौसम में बदलाव होने वाला है. पिछले कुछ समय से दोनों ही राज्यों का मौसम शुष्क हो रहा था, लेकिन एक बार फिर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग की मानें, तो 27 अक्टूबर से लेकर आने वाले तीन दिनों तक बिहार में बारिश, तेज आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका जताई गई है.
बिहार में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम के करवट लेने के पूरे संकेत हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से 29 नवंबर के बीच बिहार के कई इलाकों में बारिश, बादलों की गरज और वज्रपात गिरने का खतरा बना रह सकता है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. वहीं, कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

बिहार के सीमांचल इलाकों में 27 और 28 अक्टूबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद, 28 अक्टूबर से राजधानी पटना समेत राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है.
27 अक्टूबर से 28 अक्टूबर- सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया, भागलपुर, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में हल्की बारिश होने की संभावना.
29 अक्टूबर- पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण , सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना.
वहीं, पड़ोसी राज्य झारखंड में भी 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है. राजधानी रांची सहित राज्य के लगभग 16 जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश और कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग ने 27 अक्टूबर को गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश होने की संभावना जताई है. वहीं, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार और लोहरदगा में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. लेकिन, छिटपुट असर देखने को मिल सकता है.
