)
बिहार दौरे पर आए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा के राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर बिहार में सियासी घमासान शुरू हो गया है. हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा था कि सम्राट चौधरी और शुभेंदु अधिकारी के साथ मिलकर वह राहुल गांधी को बांग्लादेश भेज देंगे, जहां जाकर वह चुनाव जीतेंगे. वहीं, अब इस पर सियासी दलों की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है.
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश प्रवक्ता प्रदेश प्रवक्ता हिमंत बिस्वा शर्मा के बयान पर कहा कि उनकी बातों से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है और वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, तो उन्हें जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए. राहुल गांधी अपनी ही पार्टी के सांसदों, विधायकों और चुने हुए मुख्यमंत्रियों पर सवाल उठाते रहते हैं.
हिमंत बिस्वा शर्मा के बयान पर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और संवैधानिक पद पर बैठे हैं. उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी विपक्ष और 'इंडिया' गठबंधन के 'वोट बचाओ, देश बचाओ' आंदोलन से डर गई है. एजाज अहमद ने हिमंत बिस्वा शर्मा से अपने बयान के लिए देश की जनता से माफी मांगने की मांग की.
दरअसल, बिहार के पूर्णिया में बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, आरक्षण हटाओ' पदयात्रा में बोलते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि विपक्ष वोट चोरी की बात करता है, लेकिन असल में देश में जो हो रहा है वह 'दिल की चोरी' है. उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि मैं राहुल गांधी को यह कहते हुए सुनता रहा कि पूरे देश में वोट चोरी हो रहे हैं, लेकिन मेरा मानना है कि चोरी हो रही है. यह वोट चोरी नहीं है, यह दिल की चोरी का काम है.
देश भर में वोटर लिस्ट में हो रहे बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने मुगल शासकों बाबर और औरंगजेब का जिक्र किया और सवाल किया कि क्या उनके नाम वोटर लिस्ट में रहने चाहिए. उन्होंने भीड़ से पूछा कि अगर बाबर और औरंगजेब के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए जाते हैं, तो क्या यह वोट की चोरी है या दिल की चोरी है.
वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर राहुल गांधी के बार-बार एतराज जताने पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता वोटर लिस्ट को साफ करने की इस कोशिश से परेशान हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोध के बावजूद बाबर और औरंगजेब जैसे नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए जाने चाहिए.
रिपोर्ट: संतोष नायक