मधुबनी फायरिंग कांड: SSP ने फरार ASI पर किया 25 हजार रुपये का इनाम घोषित, मर्डर की दर्ज होगी FIR
मधुबनी में ग्रामीणों ने एक ASI को अवैध संबंध में पकड़ा. इस दौरान ASI ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे एक युवक की मौत हो गई और तीन की हालत गंभीर है. यह घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव की बताई जा रही है.
मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में सोमवार (2 नवंबर) की आधी रात खाकी को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर (ASI) को ग्रामीणों ने अवैध संबंध के मामले में पकड़ा. खुद को घिरा पाकर ASI ने कई राउंड फायरिंग कर दी. इस घटना में अशोक नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. यह घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में हुई है.
क्या है पूरा मामला?
देर रात भी ASI सामान लेने के बहाने उक्त महिला के घर पहुंचा था. महिला के भाई ने घर में युवक को देख बाहर से कमरे को बंद कर दिया और आसपास के लोगों को बुलाया. ग्रामीणों ने घर के बाहर जमा होकर दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई. जब लोगों ने ASI को महिला के साथ पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी में चार लोगों को गोली लग गई. इसमें अशोक यादव (50) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. घायलों को सदर अस्पताल मधुबनी में इलाज चल रहा है. वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला को DMCH दरभंगा रेफर कर दिया गया है.
ASI ने सर्विस रिवॉल्वर से चलाई गोली
आरोपी ASI फरार है, उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और आक्रोश को देखते हुए SSP खुद घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं. SSP योगेंद्र कुमार ने बताया कि ASI एक पुलिस चौकी पर तैनात था और अक्सर गांव के एक घर में जाया करता था. जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया, तो ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी. चार लोगों को गोली लगी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई. एसएसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा.
ASI की जानकारी देने पर मिलेंगे 25 हजार
मधुबनी सदर अस्पताल में इलाज करा रहे धनिकलाल यादव ने बताया कि वह और कुछ अन्य लोग अपने घर के पास थे, तभी एक खिड़की से गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उन्हें लग गई. इस बीच, एसएसपी ने फरार एएसआई को पकड़वाने में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण