आरा में विजयादशमी की रात बदमाशों ने होमगार्ड के बेटे को मारी गोली, पुलिस ने पुरानी रंजिश में हमले की आशंका जताई
बिहार के आरा में विजयादशमी की रात मौलाबाग इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने होमगार्ड के बेटे अमरजीत कुमार यादव को गोली मार दी. घायल युवक नगर निगम में गाड़ी चलाने का काम करता है. पुलिस इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की संभावना जता रही है.
बिहार के आरा शहर में नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग इलाके में डीके कार्मेल स्कूल के समीप विजयादशमी की रात हथियारबंद बदमाशों ने होमगार्ड के बेटे को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया. घायल युवक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग वार्ड संख्या-13 निवासी होमगार्ड संजय यादव के 33 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार यादव के रूप में हुई है. घायल युवक नगर निगम में गाड़ी चलाने का काम करता है.
पुराने हत्याकांड में अमरजीत और उसके दोनों भाई थे नामजद
घटना के संबंध में घायल अमरजीत कुमार ने बताया कि बीते 2 मार्च 2026 को बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव निवासी स्व. शत्रुघ्न सिंह के 17 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस चर्चित हत्याकांड में अमरजीत और उसके दोनों भाइयों नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव एवं मंजीत यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. इस मामले में उसका भाई लोहा यादव फिलहाल जेल में बंद है.
कंधे में लगी गोली
अमरजीत ने बताया कि आदर्श की हत्या से उनका कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया. उसने बताया कि उस हत्याकांड के बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. मंगलवार की रात वह अपनी बाइक से घर से खाना खाने के लिए एक होटल जा रहा था. इसी दौरान डीके कार्मेल स्कूल के पास एक स्पलेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली उसके सिर के पास से गुजर गई, जबकि दूसरी गोली उसके दाहिने कंधे के पास जा लगी.
दो संदिग्धों के नाम आए सामने
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से मिलकर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली. एसडीपीओ ने बताया कि मंगलवार की रात अमरजीत नामक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायल युवक ने पुलिस को बताया है कि होली के समय हुई एक हत्या के प्रतिशोध में उस पर यह हमला किया गया है. घायल द्वारा दो संदिग्धों के नाम बताए गए हैं. पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं.
इनपुट: आईएएनएस