गले में सोने का हार, कान में बड़े-बड़े झुमके और शैंपेन कलर की साड़ी... 'मेहंदी लगा के रखना' गाने पर थिरकीं अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी
आज अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी होने वाली है. इसके लिए 4 लाख से अधिक मेहमानों के लिए पकवान बनवाए जा रहे हैं. बीते दिन मेंहदी की रस्म अदा की गई. इस दौरान मां नीलम देवी ने डांस किया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी बेटी शिवांगी की मेहंदी रस्म के बाद खुशी से नाचती हुई नजर आ रही हैं. अपनी बेटी की होने वाली शादी के जश्न में नीलम देवी फिल्मी गानों की धुन पर झूमती हुई दिख रही हैं. वहीं, मोकामा के विधायक अनंत सिंह का गांव नदवां, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है और चारों ओर फूलों की महक फैली हुई है.
कल रात (24 नवंबर) अनंत सिंह के आवास पर एक अद्भुत नजारा देखने को मिला. जहां कल तक लोग बारिश की वजह से निराश थे, वहीं घर पर की गई शानदार सजावट और तैयारियों ने उनके चेहरों पर फिर से मुस्कान ला दी है.
घुड़दौड़ के लिए मैदान पूरी तरह तैयार
नदवां गांव अब चार लाख से ज्यादा मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है. गांव की गलियों को सजावटी तोरण-द्वारों से सजाया गया है, और 'जयमाला' समारोह के लिए बनाए गए भव्य मंच और पंडाल को देखकर लोग दंग रह गए हैं. घुड़दौड़ का मैदान भी पूरी तरह तैयार है. देर रात तक, अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शादी के कार्यक्रमों की तैयारियों की देखरेख में पूरी तरह जुटे रहे. आज अनंत सिंह की बेटी शिवांगी श्रषिकेश संग परिणय सूत्र में बंधने वाली है.
20 से ज्यादा घोड़े पहुंचे हैं नदवां गांव
शादी से पहले होने वाली घुड़दौड़ इस आयोजन का मुख्य आकर्षण है. इसके लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से 20 से ज्यादा घोड़े नदवां गांव पहुंचे हैं. इन घोड़ों को कई दिनों से दौड़ के लिए अभ्यास कराया जा रहा था. इसके लिए एक अलग से मैदान भी तैयार किया गया है.
बता दें कि हाल ही में हुई बारिश की वजह से जिस मैदान में आज अंतिम दौड़ होने वाला है, अभी गीला है और उसे तैयार किया जा रहा है. रेस मैदान को समतल करने के लिए कई ट्रैक्टर की मदद ली जा रही है. अनंत सिंह खुद सारी व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं और हर छोटी-बड़ी चीज का व्यक्तिगत रूप से जायजा ले रहे हैं. घुड़दौड़ के विजेता को इनाम के तौर पर एक 'थार' गाड़ी दी जाएगी.
रिपोर्ट: चंदन राय
यह भी पढ़ें: आज ऋषिकेश संग सात फेरे लेंगी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी, घुड़दौड़ जीतने वाले को गिफ्ट में मिलेगी 'थार'