)
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज (25 नवंबर, 2026) को होने वाली है. इस शाही शादी से पहले शिवांगी की मेहंदी की रस्म धूमधाम से आयोजित की गई. वहीं, बारिश के बाद खराब हुए हेलीपैड और घुड़दौड़ के मैदान को तैयार करने के लिए खुद अनंत सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ मैदान में उतर गए हैं. शादी में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है.
बीते दिन (24 नवंबर, 2026) मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की मेहंदी की रस्म अदा की गई. घर की सभी महिलाओं ने शिवांगी के हाथों में मेहंदी लगाई गई. इस दौरान शिवांगी की बड़ी बहन राजनंदिनी अपने पति पुनीत कुमार के साथ दिखाई दी. उनकी मां नीलम देवी ने भी कार्यक्रम के बाद पूरे परिवार और बाहर से आए मेहमानों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. मेहंदी की रस्म के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसके लिए मंच को खूबसूरत फूलों और लाइटिंग से सजाया गया था. शादी के लिए मंडप और मुख्य स्टेज भी बनकर पूरी तरह तैयार है. आज शिवांगी सिंह बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगी.
पिछले दो दिनों में हुई बारिश के कारण शादी स्थल, हेलीपैड ग्राउंड और घुड़दौड़ के मैदान में पानी और कीचड़ जमा हो गया था. मौसम साफ होते ही मोकामा विधायक अनंत सिंह खुद मैदान में उतरे और तैयारियों का जायजा लिया. उनके मैदान में उतरते ही सैकड़ों समर्थक भी काम में जुट गए. मशीनों से पानी निकालने के बाद ट्रैक्टरों से मैदान में बालू और रेत डाली गई है, ताकि कीचड़ खत्म हो सके. अब रोड रोलर चलाकर घुड़दौड़ की पिच और हेलीपैड ग्राउंड को पूरी तरह समतल कर दिया गया है. घुड़दौड़ जीतने वाले को गिफ्ट में थार मिलने वाली है.
शाही शादी में वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए पंजाब के लुधियाना से 25 से अधिक किन्नर भी पहुंचे हैं, जो पटना के गुरुद्वारा में रुके हैं. उन्होंने गीत गाकर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया और कहा कि वे शादी देखने और अनंत सिंह से मुलाकात करने के बाद ही पंजाब लौटेंगी. वहीं, वैशाली के नंदन कुमार और जहानाबाद के अमित सोनी स्केटिंग करते हुए 5 दिनों का सफर तय कर अपने गांव से बाढ़ स्थित विधायक के आवास पर पहुंचे हैं. दोनों शादी की शुभकामनाएं देने के लिए विधायक से मिलने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, बक्सर की रहने वाली दोनों पैरों से दिव्यांग महिला लक्ष्मीनी कुमारी भी ट्रेन के जरिए बाढ़ स्टेशन पहुंचीं और किसी तरह विधायक के गांव नदवां जाकर उनसे मुलाकात की.