आनंद मोहन की जेल वापसी पर बिहार में सियासी घमासान, तेजस्वी के बयान पर BJP-JDU का पलटवार, कांग्रेस ने दिया साथ
आनंद मोहन की जेल वापसी को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. तेजस्वी यादव के आरोपों पर बीजेपी और जेडीयू ने पलटवार किया. वहीं कांग्रेस ने उनका समर्थन करते हुए बीजेपी-जेडीयू पर निशाना साधा.
बिहार में तेजस्वी यादव के आनंद मोहन की रिहाई को लेकर दिए गए बयान पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. वहीं बीजेपी और जेडीयू ने तेजस्वी पर तीखा पलटवार किया है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि आनंद मोहन की रिहाई राजनीतिक फायदे के लिए कराई गई थी और 2024 के लोकसभा चुनाव से लेकर 2025 के विधानसभा चुनाव तक उनका इस्तेमाल किया गया. साथ ही, उन्होंने इसे बीजेपी की कार्यशैली बताते हुए सवाल उठाए थे.
इस पर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राहुल आनंद ने कहा कि तेजस्वी यादव को कानून और संविधान की व्यवस्था समझनी चाहिए. किसी पीड़ित परिवार के सुप्रीम कोर्ट जाने पर अदालत कानून के मुताबिक फैसला लेती है. उन्होंने तेजस्वी यादव पर अपने परिवार और महागठबंधन से जुड़े घोटालों के मामलों को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि वे इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं.
JDU ने तेजस्वी पर कसा तंज
वहीं, जेडीयू विधायक श्याम रजक ने भी तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पहले कानून की पढ़ाई करनी चाहिए. वे अभी इतने काबिल नहीं हैं कि जज बनकर फैसला सुनाएं. श्याम रजक ने कहा कि तेजस्वी यादव पहले नौवीं पास करें, फिर कानून पढ़ें और उसके बाद सोच-समझकर बयान दें.
तेजस्वी के समर्थन में कांग्रेस
इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने तेजस्वी यादव का समर्थन करते हुए बीजेपी और जेडीयू पर निशाना साधा. कांग्रेस प्रवक्ता अजय पासवान ने कहा कि जैसी करनी, वैसी भरनी. बीजेपी और जेडीयू ने जिस तरह आनंद मोहन का इस्तेमाल किया और आनंद मोहन ने जिस तरह आरजेडी का अपमान किया, उसका परिणाम अब सामने है. उन्होंने कहा कि संविधान के मुताबिक हर किसी को अपनी मर्जी से नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत चलना होगा. आनंद मोहन की जेल वापसी दूसरे नेताओं के लिए भी सबक है कि वे राजनीति में इस्तेमाल होने से बचें और अपने सिद्धांतों व नैतिक मूल्यों को बनाए रखें.
ये भी पढ़ेंः आनंद मोहन को जेल से निकालने के लिए किस कानून को नीतीश सरकार ने बदला था, सुप्रीम कोर्ट ने कर दिया खारिज
तेजस्वी ने क्या कहा था ?
RJD नेता तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन को लेकर बीजेपी-जेडीयू पर जमकर निशना साधा था. उन्होंने कहा था कि नीतीश और बीजेपी अपनी सहूलियत से अपराधियों को बचाते और फंसाते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार और बीजेपी कानून और संविधान की धज्जियां उड़ाना अपना अधिकार समझते हैं.
आखिर पूरा मामला क्या है?
दरअसल, यह पूरा मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम और IAS अधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा की गई हत्या से जुड़ा है. इस मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को भीड़ को भड़काने को लेकर दोषी ठहराया गया था. वहीं 2007 में निचली अदालत ने आनंद मोहन को मौत की सजा सुनाई थी, जिसे दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था. इसके बाद 2023 में बिहार में जेल नियमों में बदलाव के बाद उनकी समय से पहले रिहाई कराई थी.
(रिपोर्टः शिवम राज, पटना)