समस्तीपुर छेड़छाड़ मामला: ADG डॉ. कमल किशोर ने की समीक्षा बैठक, बोले- दोषियों को स्पीडी ट्रायल से मिलेगी सख्त सजा
समस्तीपुर में नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ के वायरल वीडियो पर ADG ने 25 सिंतबर, 2026 दिन शुक्रवार को समीक्षा बैठक की. बैठक में ADG ने कहा कि दोषियों को स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाई जाएगी.
समस्तीपुर जिले में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार कर वीडियो वायरल मामले में पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा के लिए एडीजी डॉ. कमल किशोर समस्तीपुर पहुंचे. उन्होंने एसपी कार्यालय में डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एडीजी डॉ. कमल किशोर ने कहा कि समस्तीपुर जिले में एक-दो घटनाएं घटित हुई हैं. इसको लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है. यहां इनके खिलाफ जो एक्शन होने थे, वे एक्शन हुए हैं. इसको और आगे कैसे बढ़ाया जाए, स्पीडी ट्रायल कराकर जो दोषी हैं उनको सजा दिलाई जाए. जिला प्रशासन ने इस मामले में काफी अच्छा कार्य किया है, इसकी भी समीक्षा की गई है. डीएम और एसपी से बात हुई है. इस प्रकार की जो घटनाएं घटती हैं, आगे इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसको लेकर व्यापक कार्य-योजनाएं बनाई गई हैं.
समस्तीपुर की क्या है घटना, जानिए
घटना जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध बाइपास रोड की है. यहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में कुछ युवक एक लड़की के साथ गाली-गलौज, छेड़खानी करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने की सूचना 23 सितंबर, 2026 को समस्तीपुर पुलिस को मिली, इसके बाद पुलिस ने फौरन कार्रवाई की.
आरोपियों पर सख्त धाराओं में केस दर्ज
समस्तीपर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और आईटी एक्ट (IT Act) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. साथ ही पुलिस ने घटना में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार, राहुल कुमार, राम बाबू सहनी और अवधेश पासवान शामिल हैं. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह घटना 15 सितंबर, 2026 की है. आरोपियों में से एक के मोबाइल से पुलिस ने घटना का ओरिजनल वीडियो बरामद किया है.
रिपोर्ट: मनटुन राय