SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में हड़ताल पर नहीं लौटने वाले राजस्व कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई, वैकल्पिक व्यवस्था में विशेष सर्वेक्षण अमीनों को मिलेगा पदभार

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि हड़ताल पर नहीं लौटने वाले राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, हड़ताल पर गए कर्मचारियों के स्थान पर विशेष सर्वेक्षण अमीनों को पदभार सौंपा जाएगा.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Nov 05, 2026, 02:33 PM IST | Updated: Nov 05, 2026, 02:42 PM IST
Image Credit: मंत्री दिलीप जायसवाल (फाइल फोटो)
Join

बिहार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने गुरुवार (5 नवंबर, 2026) को कहा कि हड़ताल पर गए कई राजस्व कर्मचारी और अमीन काम पर लौट आए हैं और अपना काम कर रहे हैं. सरकार ने हड़ताल पर अब तक नहीं लौटने वाले कर्मचारियों और अमीनों के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सकारात्मक वार्ता के बाद भी जो कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

'अमीनों को सौंपा जाएगा पदभार'

मंत्री ने कहा कि विभाग ने जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. उन्होंने बताया कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों के स्थान पर विशेष सर्वेक्षण अमीनों को पदभार सौंपा जाएगा. इसके तहत लगभग 3,200 से 4,000 विशेष सर्वेक्षण अमीनों की तैनाती की जाएगी. उन्होंने कहा कि विभाग के पास लगभग 13,000 अमीन सर्वेक्षण कार्य में लगे हुए हैं. इनमें से अमीनों को लेकर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत तैनात किया जा रहा है.

'सरकार के नियमों के अनुसार कार्रवाई'

उन्होंने कहा कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों के डोंगल भी बंद किए जा रहे हैं. इससे सरकार का काम नहीं रुकेगा और हड़ताल का असर राजस्व संबंधी कार्यों पर नहीं पड़ेगा. दिलीप जायसवाल ने कहा कि हड़ताल पर लौटने वाले कर्मचारियों का स्वागत है, लेकिन जो लोग काम पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ सरकार के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.

'सकारात्मक निर्णय लेने के लिए सरकार तैयार'

मंत्री ने बताया कि जब उन्होंने तीन-चार महीने पहले मंत्री पद संभाला था, उस समय राजस्व कर्मचारी, अमीन और अंचल अधिकारी तीन अलग-अलग हड़ताल पर थे. सरकार ने संबंधित कर्मियों से वार्ता कर हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास किया था. अंचल अधिकारियों की हड़ताल समाप्त हो चुकी है और वे पूरी तरह काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों और अमीनों की पुरानी मांगों को लेकर दो बार चर्चा हुई है. उनकी उचित मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेने के लिए तैयार है. हालांकि, राजस्व कर्मचारियों की ओर से पदनाम बदलकर सहायक राजस्व अधिकारी करने की मांग रखी गई है, जिसे तत्काल स्वीकार करना संभव नहीं है.

'पदोन्नति की प्रक्रिया में लगता है 17 वर्ष का समय'

मंत्री ने कहा कि जिस पद पर किसी कर्मचारी की बहाली हुई है, फिलहाल उसे उसी पद पर काम करना होगा. उन्होंने बताया कि राजस्व अधिकारी के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया में सामान्य तौर पर 17 वर्ष का समय लगता है. इस अवधि को कम करने के लिए बीच में एक अतिरिक्त पदोन्नति का चरण देने पर विचार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के तहत 10 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद कर्मचारियों का पदनाम, ग्रेड और वेतनमान बदलने की व्यवस्था की जा सकती है. इस विषय पर कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई है.

-आईएएनएस

यह भी पढ़ें: विधान परिषद चुनाव: 3 सीटों पर हार के बाद आज JDU की हाई-लेवल समीक्षा बैठक, सीएम सम्राट की अध्यक्षता में NDA की भी मीटिंग

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES