SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मां काली की पूजा में दिखी धुनुची आरती की भव्य झलक, ढाक की थाप पर झूम उठे श्रद्धालु

मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित प्राचीन सुप्रसिद्ध मां काली मंदिर में धूमधाम से मां काली की पूजा की गई. इस दौरान श्रद्धालु ढाक की थाप पर धुनुची आरती कर झूम उठे.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Nov 10, 2026, 07:16 AM IST | Updated: Nov 10, 2026, 07:19 AM IST
Image Credit: मुजफ्फरपुर में मां काली मंदिर में गजब का कार्यक्रम हुआ (Video Grab)
Join

मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित मां काली मंदिर में बंगाली संस्कृति से मां काली की पूजा की गई. इस पूजा में धुनुची आरती की भव्य झलक देखने को मिली. निशा पूजा के बाद धुनुची आरती से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा. ढाक की थाप पर की जा रही धुनुची आरती में भक्त उमड़ पड़े और उनका उत्साह देखते बन रहा था.

दरअसल, मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित बंगाली कॉलोनी के श्री श्री श्यामा काली मंदिर में इन दिनों आस्था और बंगाली संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. मां काली की वार्षिक पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर है. सोमवार देर शाम भव्य धुनुची आरती का अयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और धुनुची आरती ने लोगों का मन मोह लिया. पारंपरिक ढाक की थाप पर महिलाओं और पुरुषों ने धुनुची लेकर नृत्य किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर बंगाली संस्कृति के रंग में रंग गया.

मंदिर में मां काली की पूजा की परंपरा 1961 से चली आ रही है. छह दशक से अधिक समय से बंगाली रीति-रिवाज और पारंपरिक विधि-विधान के साथ यहां मां की आराधना की जा रही है. समय के साथ पीढ़ियां बदलती रहीं, लेकिन मां के प्रति श्रद्धा और पूजा की परंपरा आज भी उसी उत्साह के साथ कायम है. इस आयोजन में बंगाली समुदाय के साथ-साथ शहर के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु पहुंचते हैं.

READ ALSO: 'फरसा नहीं कलम और ज्ञान की ताकत पहचानिए', प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज को लेकर दिया ऐसा बयान, जो हो रहा वायरल

वहीं, श्रद्धालुओं के लिए सबसे खास रही धुनुची आरती. बंगाल से आए पारंपरिक ढाकयों की गूंजती थाप ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया. जब श्रद्धालुओं ने हाथों में धुनुची लेकर मां काली की आराधना शुरू की, तो मंदिर परिसर का नजारा देखते ही बन रहा था.

क्या होती है धुनुची?

धुनुची मिट्टी का बना पारंपरिक पात्र होता है, जिसमें जलते कोयले और सुगंधित धूप सामग्री से धुआं निकलता है. इसी धुनुची को हाथों में लेकर बंगाली महिलाएं और पुरुष ढाक की थाप पर पारंपरिक अंदाज में नृत्य करते हुए मां की आराधना करते हैं.

कभी दोनों हाथों में धुनुची लेकर लयबद्ध नृत्य, तो कभी ढाक की तेज होती थाप पर भक्तों का उत्साह... धुनुची आरती का यह दृश्य बंगाली संस्कृति की जीवंत पहचान और मां के प्रति श्रद्धालुओं के समर्पण को दर्शाता नजर आया.

मंदिर के प्रधान पुरोहित भरत चक्रवर्ती ने कहा कि बंगाली विधि विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुआ, जिसमें मां काली की विशेष आराधना के दौरान सुख-समृद्धि, साहस और परिवार की खुशहाली की कामना की गई. इस पूजा की एक बेहद खास परंपरा है मां को अर्पित खिचड़ी, सब्जी, खीर और मिठाइयों का भोग. भोग के बाद श्रद्धालु एक साथ बैठकर मां का प्रसाद ग्रहण करते हैं.

श्री श्री श्यामा काली मंदिर में 8 से 10 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है. 8 नवंबर की मध्यरात्रि में निशा पूजा संपन्न हो चुकी है. 9 नवंबर की शाम धुनुची आरती का भव्य आयोजन हुआ, जबकि 10 नवंबर को भी धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना जारी रहेंगे.

इनपुट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES