SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खून से सनी भोजपुरी गायकों की जंग! जहानाबाद में दिनदहाड़े 6-7 बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला, हालत नाजुक

भोजपुरी गायकों की अदावत फिर खूनी हो गई. जहानाबाद जिले में दिनदहाड़े 6-7 बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया. गंभीर रूप से घायल युवक को PMCH रेफर किया गया. भोजपुरी गायक अभिषेक कुमार के समर्थकों पर चाकू से वार करने का आरोप लगा है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 16, 2026, 17:50 IST | Updated: Nov 16, 2026, 17:59 IST
Image Credit: भोजपुरी गायकों की अदावत फिर हुई खूनी, बदमाशों ने एक युवक पर किया जानलेवा हमला (Z News)
Join

जहानाबाद के दो भोजपुरी गायकों अभिषेक कुमार और शिव कुमार विक्कू के बीच चल रही वर्चस्व और रंजिश की लड़ाई एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई है. ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के कोर्ट एरिया का है, जहां 16 नवंबर सोमवार को दिनदहाड़े 6 से 7 की संख्या में बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में राजा बाजार निवासी बृजेश कुमार के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है.

घायल युवक ने सीधा आरोप भोजपुरी गायक अभिषेक कुमार के समर्थकों पर लगाया है. घायल युवक ने बताया कि वह किसी काम से कोर्ट एरिया गया हुआ था. वापस लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे करीब सात युवकों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घायल बृजेश का आरोप है कि हमलावर भोजपुरी गायक अभिषेक कुमार के समर्थक थे, जिन्होंने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर चाकू से वार किया. लहूलुहान हालत में बृजेश ने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

वहीं, सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि मारपीट में घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया था. उसके सिर पर काफी गंभीर चोट है. प्रथम दृष्टया लग रहा है कि किसी ठोस वस्तु से प्रहार किया गया है. नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है. वहां की जांच रिपोर्ट के बाद ही चोट की सही प्रकृति स्पष्ट हो पाएगी. इस घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई और मामले की छानबीन करने में जुटी है.

बता दें कि इस हमले के तार बीते 26 अक्टूबर की घटना से जुड़ते दिख रहे हैं. उस दिन भोजपुरी गायक अभिषेक कुमार के घर पर फायरिंग और गाड़ी में तोड़फोड़ की वारदात हुई थी, जिसमें अभिषेक ने भोजपुरी गायक शिव कुमार विक्कू के साथ-साथ आज घायल हुए बृजेश कुमार को भी नामजद अभियुक्त बनाया था. बहरहाल, कोर्ट एरिया जैसे संवेदनशील इलाके में दिनदहाड़े हुए इस हमले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है कि यह हमला 26 अक्टूबर के फायरिंग कांड का बदला है या इसके पीछे कोई और वजह है.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

यह भी पढ़ें: छठ घाट गया था पूरा परिवार, घर में अकेले थे पति-पत्नी, दोनों में हुआ विवाद और हो गया मर्डर, आरोपी गिरफ्तार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES