आ गया यामाहा का नया साइलेंट इलेक्ट्रिक स्कूटर, एक चार्ज में दौड़ेगा 108 किलोमीटर; देखें फीचर्स
यामाहा ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Xenter E लॉन्च कर दिया है, जो 125cc पेट्रोल स्कूटर के बराबर ताकत देता है. बड़े 16-इंच के पहियों, साइलेंट मोटर और 5-इंच की स्क्रीन जैसे एडवांस फीचर्स से लैस ये स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 108 किलोमीटर तक की रेंज देता है.
यामाहा कंपनी ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Xenter E दुनिया के सामने ला दिया है. कंपनी का कहना है कि ये स्कूटर उतनी ही ताकत देगा जितनी 125cc वाले पेट्रोल स्कूटर में मिलती है.
जो लोग रोज ऑफिस या अपने किसी काम से बाहर आते-जाते हैं, उनके लिए ये स्कूटर बहुत काम की चीज है. इसमें जो मोटर लगी है, वो बिल्कुल आवाज नहीं करती है. इसी वजह से गाड़ी चलाते समय सफर बहुत आराम से कट जाता है.
इसके पहिये बड़े हैं और इसका लुक भी काफी शानदार है, जिससे ये बाजार में दूसरे इलेक्ट्रिक स्कूटरों को कड़ी टक्कर देने वाला है.
कैसा है डिजाइन?
इस नए स्कूटर का डिजाइन बहुत सोच-समझकर बनाया गया है जो देखने में काफी प्यारा लगता है. इसके आगे की तरफ चौकोर हेडलाइट दी गई है, जिससे इसका लुक एकदम जबरदस्त लगता है.
इसका आगे का हिस्सा काफी पतला है, जिससे भीड़भाड़ वाले रास्ते या जाम में इसे निकालना बहुत आसान हो जाता है.
पैरों को रखने के लिए इसमें बाकी स्कूटरों की तरह ही खुली और चौड़ी फ्लोरबोर्ड दी गई है. बैठने के लिए आरामदायक सीट बनाई गई है और इसका एल्युमिनियम वाला हिस्सा इसे और भी ज्यादा प्रीमियम लुक देता है.
बड़े पहियों के साथ मजबूत ब्रेक
इस स्कूटर की सबसे खास बात इसके 16-इंच के बड़े पहिये हैं. बड़े पहिये होने की वजह से रास्ते के गड्ढे और खराब सड़कों से आपको कोई परेशानी नहीं होगी.
इसके आगे वाले टायर पर और पीछे वाले टायर पर अच्छी ग्रिप मिलती है. झटकों से बचाने के लिए इसमें आगे और पीछे बढ़िया सस्पेंशन दिए गए हैं.
सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए इसके दोनों पहियों में बड़े डिस्क ब्रेक लगाए गए हैं. अगर गाड़ी तेज रफ्तार में भी हो, तो ब्रेक दबाते ही तुरंत कंट्रोल में आ जाती है.
दमदार बैटरी और लंबी दूरी का सफर
अब अगर बैटरी की बात करें तो इसमें 70.2 Ah की बैटरी दी गई है, जो एक बार पूरा चार्ज होने पर 108 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है.
गाड़ी में ऐसी टेक्नोलॉजी भी है जिससे ब्रेक लगाने पर बैटरी थोड़ी बहुत अपने आप चार्ज होती रहती है. अगर बैटरी बिल्कुल खत्म हो जाए, तो इसे घर पर जीरो से फुल चार्ज होने में करीब साढ़े पांच घंटे का समय लगता है.
कितना है वजह और ऊंचाई?
नया स्कूटर लेते समय अक्सर लोग उसके वजन को लेकर सोचते हैं. इस स्कूटर का कुल वजन 121 किलोग्राम है, जो किसी भी आम 125cc स्कूटर के बराबर ही है.
इसी वजह से इसे चलाना और संभालना बहुत आसान है. इसकी सीट की ऊंचाई 790 मिलीमीटर रखी गई है, यानी अगर आपकी लंबाई नॉर्मल है तो आप आसानी से जमीन पर पैर टिका सकते हैं.
इसके अलावा इस स्कूटर में ठीक-ठाक ग्राउंड क्लीयरेंस भी दिया गया है.
कैसे हैं फीचर्स?
इस स्कूटर में आपको कई एडवांस फीचर्स भी देखने को मिलेंगे. इसमें 5-इंच की स्क्रीन दी गई है जो आपके फोन से ब्लूटूथ के जरिए कनेक्ट हो सकती है. इससे आपको स्क्रीन पर ही रास्ता दिखने लगता है, जिससे बार-बार फोन देखने की जरूरत नहीं पड़ती है.
इसके अलावा गाड़ी में चाबी की जरूरत नहीं होती, मोबाइल चार्ज करने के लिए यूएसबी पोर्ट मिलता है और जरूरत के हिसाब से बदलने के लिए तीन अलग-अलग राइडिंग मोड भी दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 9 मिनट में फुल चार्ज और पलक झपकते ही 100 की रफ्तार, भारत में 1.56 करोड़ रुपये में आई Denza Z9 GT