Skoda की कार खरीदने वालों को झटका! Kylaq और Slavia समेत पूरी रेंज होगी महंगी, 1 अक्टूबर से बदलेगी कीमतें
नई Skoda कार खरीदने वाले लोगों को अब बजट थोड़ा बढ़ाना पड़ सकता है. कंपनी 1 अक्टूबर से अपनी कारों की कीमतों में इजाफा करने जा रही है. Kylaq से Kodiaq तक कई मॉडल इस कीमत बढ़ोतरी के दायरे में आएंगे.
अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन में नई Skoda की कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको झटका लग सकता है. Skoda कार खरीदारों की जेब पर 1 अक्टूबर से थोड़ा अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है. स्कोडा ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोत्तरी का ऐलान कर दिया है, जिसका सीधा असर एंट्री-लेवल एसयूवी काइलाक यानी Kylaq से लेकर फ्लैगशिप कोडिएक यानी Kodiaq तक की पूरी रेंज पर पड़ेगा. ऐसे में गाड़ी खरीदने की सोच रहे हैं, तो खरीदारी से पहले एक बार नई प्राइस लिस्ट पर नजर जरूर डाल लें.
1 अक्टूबर से Skoda Auto India अपनी पूरी पैसेंजर कार रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी के अनुसार, बढ़ती इनपुट और ऑपरेशनल लागत के कारण से यह फैसला लिया गया है. अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमत बढ़ेगी, लेकिन अधिकतम बढ़ोतरी 20,000 रुपये तक होगी.
इन Skoda कारों की बढ़ेगी कीमत
कंपनी की इस कीमत बढ़ोतरी का असर भारत में बिकने वाली लगभग पूरी Skoda कार रेंज पर पड़ेगा. इसमें Kylaq, Kushaq, Slavia, Superb, Octavia RS और Kodiaq शामिल हैं. इसके साथ ही Kylaq Sportline के साथ Classic Plus और Prestige Plus जैसे वेरिएंट की कीमतें भी बदलेंगी. कीमतों में यह बढ़ोतरी एक्स शोरूम कीमतों पर लागू होगी. लेकिन, कार की ऑन रोड कीमत अलग-अलग शहरों में अलग हो सकती है. इसकी वजह टैक्स, इंश्योरेंस और दूसरे चार्ज हैं.
Skoda की कारों की सेल भी मजबूत
कीमत बढ़ाने का फैसला ऐसे समय में आया है जब भारत में Skoda की सेल अच्छी चल रही है. कंपनी ने 2025 में कुल 72,655 कारें बेची थीं, जो भारत में उसका अब तक का सबसे बड़ा सालाना सेल का आंकड़ा था.
2026 में भी कंपनी की बिक्री में तेजी बनी हुई है. अगस्त तक Skoda भारत में 50,000 से ज्यादा रिटेल डिलीवरी कर चुकी थी. यह पिछले साल इसी टाइम पीरियज की तुलना में 8 फीसदी से ज्यादा की बढ़त है. कंपनी ने 2026 की पहली छमाही को भारत में अपना अब तक का सबसे मजबूत प्रदर्शन बताया है.
भारत में कंपनी की लोकल लेवल पर तैयार होने वाली Kylaq, Kushaq और Slavia की कुल सेल भी 2.5 लाख यूनिट के डेटा के पार कर चुकी है. इनमें अकेले Kylaq की 75,000 से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं. कस्टमर्स तक पहुंच बढ़ाने के लिए Skoda ने अपना रिटेल नेटवर्क भी 193 शहरों में 345 से ज्यादा टचपॉइंट तक पहुंचाया है.
(ये भी पढ़ेंः पानी पर फिसली BJP विधायक की गाड़ी! आखिर क्या है खतरनाक 'एक्वाप्लानिंग', जो चलती कार को कर देती है बेकाबू?)
Slavia Facelift भी जल्द आएगी
Skoda की तरफ से आने वाले दिनों में कुछ बड़े अपडेट भी देखने को मिलेंगे. कंपनी ने हाल ही में Slavia facelift को पेश किया है. इसमें कार के डिजाइन में मामूली बदलाव के साथ नए फीचर्स जोड़े गए हैं. इसके साथ ही 1.0 लीटर TSI इंजन के साथ नया 8 स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है. यह पुराने टॉर्क कन्वर्टर यूनिट की जगह लेगा. नई Slavia की कीमतों का ऐलान 6 अक्टूबर 2026 को किया जाना है.
वहीं, कंपनी ने Octavia RS की दूसर खेप भी पेश की है. इस बार 50 यूनिट लाई गई हैं, जिनकी एक्स शोरूम कीमत 56.69 लाख रुपये है. यह पहली खेप की तुलना में 6.70 लाख रुपये ज्यादा है. ज्यादा कीमत की वजह कार में दिए गए एडवांस स्पेसिफिकेशन और इसकी पोजिशनिंग को माना जा रहा है.
(ये भी पढ़ेंः कार कंपनियों के लिए आया नया नियम, छोटी कारों की छूट खत्म; EV समेत इन वाहनों को मिलेगा फायदा)