फॉर्मूला ई ट्रैक पर तहलका मचाने आ रही महिंद्रा की नई कार, महज 1.8 सेकंड में पकड़ती है 100 की रफ्तार; जानें क्या है इसमें खास
महिंद्रा रेसिंग ने 2027 फॉर्मूला ई सीजन के लिए अपनी नई इलेक्ट्रिक कार M13Electro की झलक दिखाई है. ये नई कार 804bhp की जबरदस्त ताकत और बेहद एडवांस जेन-4 टेक्नोलॉजी के साथ आई है, जो सिर्फ 1.8 सेकंड में 0 से 100 की रफ्तार पकड़ सकती है.
भारतीय सड़कों पर महिंद्रा की एसयूवी गाड़ियां खूब दौड़ती हैं. अब ये कंपनी अंतरराष्ट्रीय रेसिंग ट्रैक पर भी बड़ा धमाका करने जा रही है. महिंद्रा रेसिंग ने 2027 फॉर्मूला ई सीजन के लिए अपनी नई इलेक्ट्रिक कार से पर्दा उठा दिया है.
इस कार का नाम M13Electro है. इस नई कार के साथ ही टीम ने रेसिंग की सबसे नई और ताकतवर टेक्नोलॉजी जेन-4 में एंट्री कर ली है. कंपनी ने एक डिजिटल कैंपेन के जरिए अपनी इस खास लाल रंग की कार की पहली झलक दुनिया को दिखाई है.
जेन-4 के नियमों के हिसाब से तैयार हुई है ये कार
महिंद्रा की नई M13Electro को नए जेन-4 के नियमों के हिसाब से तैयार किया गया है. इसमें कार की ताकत, ड्राइवट्रेन और हवा को चीरकर आगे बढ़ने की क्षमता यानी एयरोडायनामिक्स में बड़े सुधार किए गए हैं.
इन बदलावों के बाद अब सभी टीमों को रेस के दौरान कार की सेटिंग, बैटरी मैनेजमेंट और रेस जीतने की रणनीति नए तरीके से बनानी होगी.
इस बार होगी जबरदस्त रफ्तार
नई जेन-4 कारों की रफ्तार और ताकत बहुत ज्यादा है. ये नई कार 804bhp तक की जबरदस्त ताकत पैदा करती है. ट्रैक पर इसकी टॉप स्पीड 335 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाती है.
ये कार महज 1.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. इसमें ऑल-व्हील ड्राइव और बेहतरीन ब्रेकिंग सिस्टम भी दिया गया है.
पर्यावरण का रखेंगे ध्यान
तेज रफ्तार के साथ इस कार में पर्यावरण की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है. फॉर्मूला ई ने इस जेन-4 कार को दुनिया की सबसे टिकाऊ रेस कार बताया है.
इसके सभी पुर्जों को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही इसको बनाने में 20 फीसदी से ज्यादा रीसायकल किए गए सामान का इस्तेमाल हुआ है.
पुराने ड्राइवर पर भरोसा
2027 के इस नए सीजन के लिए महिंद्रा रेसिंग ने अपने पुराने और अनुभवी ड्राइवरों पर ही भरोसा जताया है. निक डी व्रीस और एडोआर्डो मोर्टारा लगातार चौथे सीजन में टीम की तरफ से उतरेंगे.
दोनों ड्राइवर इस नई कार को बेहतर बनाने में मदद करेंगे. उनकी टेक्नोलॉजी की समझ से टीम को आगे बढ़ने में बड़ी मदद मिलेगी.
आगे की तैयारी
महिंद्रा रेसिंग के सीईओ और टीम प्रिंसिपल फ्रेडरिक बर्ट्रेंड का मानना है कि नए दौर को लेकर टीम के सपने बड़े हैं, लेकिन नई कार को पूरी तरह समझने में थोड़ा समय लगेगा.
उन्होंने साफ कहा कि नतीजे तुरंत नहीं मिलेंगे और कार की असली ताकत बाहर लाने के लिए लगातार मेहनत करनी होगी.
एबीबी एफआईए फॉर्मूला ई वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली महिंद्रा इकलौती भारतीय कंपनी है. इस नए सीजन से पहले कारों की असली परीक्षा मैड्रिड के सर्किटो डी जारामा ट्रैक पर प्री-सीजन टेस्टिंग के साथ शुरू हो रही है.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 9 मिनट में फुल चार्ज और पलक झपकते ही 100 की रफ्तार, भारत में 1.56 करोड़ रुपये में आई Denza Z9 GT