एक्सीडेंट या बैटरी डेड होने पर कार के दरवाजे हो जाएं जाम, तो कैसे बचाएं अपनी जान? जानें आसान तरीके
आज कल आने वाली हाई-टेक कारों में इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉक जितने सुविधाजनक होते हैं, एक्सीडेंट या बैटरी डेड होने पर उतने ही खतरनाक बन सकते हैं. संकट के समय कार में फंसने से बचने और सुरक्षित बाहर निकलने के आसान तरीके यहां जानें.
आज के समय में आने वाली गाड़ियों में बहुत ही एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाता है, जो सफर को सुविधाजनकर और आरामदायक बना दिया है. अब एक बटन दबाते ही कार के दरवाजे खुल जाते हैं और कार स्टार्ट भी हो जाती है. यह देखने में जितना कूल लगता है, किसी इमरजेंसी में उतना ही खतरनाक साबित हो सकता है. क्या आपने कभी सोचा है कि अगर रास्ते में कार का एक्सीडेंट हो जाए, उसमें आग लग जाए या उसकी बैटरी पूरी तरह डेड हो जाए, तो क्या होगा?
ऐसी स्थिति में गाड़ियों के इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे काम करना पूरी तरह बंद कर देते हैं. दुनिया भर में कई ऐसे मामले सामने भी आ चुके हैं जहां हादसे के बाद इलेक्ट्रिक और हाई-टेक कारों के दरवाजे लॉक हो गए और कांच तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना पड़ा. ऐसी किसी भी इमरजेंसी सिचुएशन से निपटने के लिए आपको अपनी कार के मैनुअल सेफ्टी फीचर्स की जानकारी होना बहुत जरूरी है.
इलेक्ट्रॉनिक दरवाजों के साथ क्या आती है दिक्कत?
आजकल की प्रीमियम और इलेक्ट्रिक कारों में नार्मल हैंडल की जगह इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉक दिए जाते हैं. इन्हें सही तरीके से काम करने के लिए बिजली की जरूरत होती है. जब किसी हादसे के दौरान गाड़ी की वायरिंग कट जाती है या बैटरी अचानक पूरी तरह से खत्म हो जाती है, तो ये दरवाजे नार्मल तरीके से खुलना बंद हो जाते हैं. ऐसे में कार के अंदर बैठे लोग लॉक चैंबर जैसी स्थिति में फंस जाते हैं. वहीं, ऑडी, लेक्सस और टेस्ला जैसी बड़ी कंपनियां यूजर्स की सेफ्टी के लिए कारों में इमरजेंसी मैनुअल रिलीज का फीचर देती हैं.
गाड़ी में इमरजेंसी हैंडल कैसे तलाशें?
हर ऑटोमोबाइल कंपनी इस इमरजेंसी लीवर को अलग जगह पर फिट करती है. इसे खोजने के लिए इन बातों का ध्यान रखना चाहिए-
ओनर मैनुअल जरूर पढ़ें
अपनी गाड़ी की बुकलेट पढ़कर इसकी सही लोकेशन जरूर समझ लें.
विंडो स्विच के पास
कई एडवांस कारों में खिड़की के बटन के ठीक बगल में एक छोटा सा इमरजेंसी लीवर दिया जाता है.
कारपेट के नीचे
कुछ मॉडल्स में गाड़ी के फर्श पर बिछे कारपेट के नीचे एक छिपी हुई केबल होती है, जिसे खींचकर दरवाजा खोला जा सकता है.
हैंडल को जोर से खींचना
कुछ गाड़ियों में सामान्य हैंडल को ही सामान्य से ज्यादा ताकत लगाकर खींचने पर दरवाजा मैनुअली अनलॉक हो जाता है.
इमरजेंसी फीचर न होने पर कैसे निकलें बाहर?
साइड विंडो तोड़ें
अगर डोर बिल्कुल न खुलें तो कार में मौजूद ग्लास ब्रेकर हैमर से साइड की खिड़की का शीशा तोड़ दें. ध्यान रखें कि सामने की विंडशील्ड बहुत मजबूत होती है, उसे तोड़ना आसान नहीं होता.
डिक्की का रास्ता अपनाएं
ज्यादातर कारों की डिक्की यानी बूट के अंदर एक इमरजेंसी नोब होता है. पीछे की सीट फोल्ड करके डिक्की के रास्ते बाहर निकला जा सकता है.
फिजिकल की का इस्तेमाल
अगर आप बाहर हैं और स्मार्ट की की बैटरी खत्म हो गई है, तो रिमोट के अंदर छिपी असली चाबी निकालकर मैनुअल लॉक खोलें.
पुश स्टार्ट बटन ट्रिक
रिमोट की बैटरी डेड होने पर उसे सीधे स्टार्ट बटन के पास लगाकर दबाएं, बैकअप सिग्नल से कार की पावर ऑन हो सकती है.