क्रूज कंट्रोल वाली 5 सबसे सस्ती बाइक्स, अब लंबे सफर में नहीं थकेगा हाथ; कीमत सिर्फ 89,999 रुपये से शुरू!
अगर आप नई बाइक खरीदने का प्लान कर रहे हैं और लंबे सफर में हाथों की थकान से बचना चाहते हैं, तो क्रूज कंट्रोल वाली बाइक्स आपके लिए बेस्ट हो सकती हैं. अब महंगी टूरिंग बाइक्स का क्रूज कंट्रोल फीचर 89,999 रुपये की शुरुआती कीमत में मिल रहा है.
अगर आप नई बाइक खरीदने का प्लान कर रहे हैं और लंबे सफर के दौरान हाथों की थकान से बचना चाहते हैं, तो मार्केट में कम कीमत में ऐसी बाइक आ गई है, जो आपकी तलाश को पूरी कर सकती हैं. हाईवे या खुली सड़कों पर घंटों एक्सीलेटर खींचकर रखने का झंझट अब खत्म होने वाला है. पहले जहां क्रूज कंट्रोल जैसा एडवांस फीचर सिर्फ महंगी प्रीमियम बाइक्स में देखने को मिलता था, वहीं अब भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में यह बजट बाइक्स का भी हिस्सा बन चुका है.
हीरो और टीवीएस जैसी कंपनियों ने टेक्नोलॉजी में बड़ा बदलाव करते हुए इसे सस्ते बाइक्स में देना शुरू कर दिया है. अब करीब 89,999 रुपये की शुरुआती कीमत में आपको 125cc से लेकर 300cc सेगमेंट तक में क्रूज कंट्रोल का ऑप्शन मिल रहा है. अगर आप भी हर दिन के लंबे राइड्स या फिर वीकेंड राइड्स को आसान बनाना चाहते हैं, तो मार्केट में मौजूद ये 5 सबसे सस्ती क्रूज कंट्रोल बाइक्स आपके लिए बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकती हैं.
Hero Glamour X
हीरो ग्लैमर एक्स 125 इस समय भारत की सबसे सस्ती क्रूज कंट्रोल वाली मोटरसाइकिल है. इसकी एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत करीब 89,999 रुपये से लेकर 99,999 रुपये, डिस्क तक है. बता दें कि ये कीमत ऑन रोड प्राइज नहीं है. इसमें 124.7cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 11.4 bhp की पावर और 10.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. यह 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आती है. बाइक में राइड-बाय-वायर थ्रॉटल, तीन राइड मोड और कम बैटरी होने पर काम आने वाली ऐरा टेक्नोलॉजी के साथ किक-स्टार्ट का ऑप्शन भी इस बाइक में मिलता है.
Hero Xtreme 125R
Hero Xtreme 125R क्रूज कंट्रोल के साथ आने वाला हीरो का स्पॉर्टी 125cc ऑप्शन है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 91,500 रुपये से शुरू होकर 1.08 लाख रुपये तक जाती है, जो कि कुल चार वेरिएंट्स में आती है. इस बाइक में 124.7cc का इंजन मिलता है जो 11.55 bhp की पावर और 10.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. 2026 अपडेट में इसमें कलर एलसीडी डिस्प्ले, बार-एंड मिरर्स और नया पेंट स्कीम जोड़ा गया है. इसके टॉप वेरिएंट में डुअल-चैनल एबीएस सपोर्ट भी दिया गया है, जिसकी एक्स शोरूम कीमत 1.04 लाख से शुरू होती है.
Hero Xtreme 160R 4V
हीरो एक्स्ट्रीम 160R 4V कॉम्बैट एडिशन भारत की पहली 160cc मोटरसाइकिल है जिसमें क्रूज कंट्रोल सपोर्ट मिलता है. इसकी एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत 1.34 लाख रुपये है, जो इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट से करीब 4,485 रुपये ज्यादा है. इसका 163.2cc का इंजन 16.66 bhp की पावर और 14.6 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें राइड-बाय-वायर, तीन राइड मोड और ग्लैमर एक्स वाला ही कलर एलसीडी क्लस्टर मिलता है. इसके मैकेनिकल पार्ट में बेस मॉडल के मुकाबले कोई बदलाव नहीं किया गया है.
TVS Apache RTX
टीवीएस अपाचे आरटीएक्स 300 इस लिस्ट की सबसे दमदार बाइक्स में से एक है. अक्टूबर 2025 में लॉन्च हुई इस बाइक में 299.10cc का इंजन मिलता है. इसमें क्रूज कंट्रोल के साथ राइड-बाय-वायर, मल्टीलेवल ट्रैक्शन कंट्रोल, स्विचएबल एबीएस और बायडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर जैसे फीचर्स पैकेज के हिस्से के रूप में मिलते हैं. यह तीन वेरिएंट्स - बेस, टॉप और बिल्ट टू ऑर्डर में मिल रही है. इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है, जो उन खरीदारों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है जो क्रूज कंट्रोल के साथ-साथ ज्यादा पावरफुल इंजन चाहते हैं.
TVS Apache RTR 310
टीवीएस अपाचे आरटीआर 310 क्रूज कंट्रोल को स्टैंडर्ड फीचर के रूप में देने वाली सबसे ज्यादा परफॉरमेंस-ओरिएंटेड बाइक है. इसमें 312.2cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन है जो 35.6 bhp की पावर और 28.7 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. यह 6-स्पीड गियरबॉक्स और बायडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर के साथ आती है. इसका क्रूज कंट्रोल राइड-बाय-वायर, चार राइड मोड, मल्टीलेवल ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग एबीएस और स्मार्टएक्सकनेक्ट वाले 5-इंच टीएफटी डिस्प्ले के साथ मिलकर काम करता है. 2.44 लाख रुपये एक्स-शोरूम की शुरुआती कीमत पर यह बाइक उन लोगों के लिए बेस्ट है जो ज्यादा पावर और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स चाहते हैं.