चीन की इस कंपनी का बड़ा दावा: अगले साल लॉन्च होगी 2-सीटर उड़ने वाली कार, महज 5 मिनट में कोई भी सीख लेगा उड़ाना
चीन की कंपनी एक्सपेंग ने बताया है कि अगले साल गर्मियों तक दो सीटों वाली उड़ने वाली कार का कमर्शियल इस्तेमाल शुरू हो सकता है. करीब तीन लाख डॉलर की कीमत वाले इस कार को एविएशन अथॉरिटी के अधिकारियों से मंजूरी मिल गई है.
अब सड़क पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से आपको छुटकारा मिलने वाला है. ऐसा चीन की एक कंपनी एक्सपेंग एयरोएचटी ने दावा किया है. उन्होंने कहा है कि अगले साल की गर्मियों तक लोग दो सीटों वाली उड़ने वाली कार में बैठकर सफर कर सकते हैं.
एक्सपेंग एयरोएचटी के सीईओ डेली झाओ ने बताया कि ये गाड़ी साल 2027 के आखिरी महीनों तक आम लोगों और इमरजेंसी सेवाओं के लिए तैयार हो जाएगी.
पिछले दस साल की मेहनत और कई तरह के सफल ट्रायल के बाद चीन के विमान विभाग ने इसे उड़ाने की इजाजत भी दे दी है. इस कार की कीमत की बात करें तो इसकी कीमत 300,000 डॉलर यानी लगभग 2.18 करोड़ रुपये होगी.
सिर्फ पांच मिनट में सीख सकेंगे उड़ाना
अंदर से ये गाड़ी किसी छोटी कार जैसी ही है, जिसमें दो लोग बड़े आराम से बैठ सकते हैं. इसे हवा में उठाने के लिए बैटरी से चलने वाले छह बड़े पंखे लगाए गए हैं, जो बिल्कुल किसी बड़े ड्रोन की तरह काम करते हैं.
इसे चलाना भी बेहद आसान है और एक जॉयस्टिक की मदद से इसे किसी भी तरफ मोड़ा जा सकता है. अगर आप खुद नहीं उड़ाना चाहते, तो इसमें पहले से जगह तय करके इसे अपने आप उड़ने के लिए भी छोड़ा जा सकता है.
कंपनी के बॉस झाओ खुद एक पायलट हैं और उनका कहना है कि वे किसी भी आम आदमी को बस पांच मिनट में इसे उड़ाना सिखा सकते हैं.
वैन के पीछे से निकलती है ये अनोखी कार
इस उड़ने वाली कार को लाने या ले जाने का तरीका भी किसी फिल्म के सीन जैसा है. इसकी कीमत में एक छह पहियों वाली बड़ी वैन भी साथ मिलती है. जब भी आपको उड़ना हो, तो इस वैन के पिछले हिस्से से ये कार ठीक उसी तरह बाहर खुलकर निकलती है, जैसे हॉलीवुड की ट्रांसफॉर्मर्स फिल्मों में गाड़ियां अपना रूप बदलती हैं.
झाओ बताते हैं कि उन्हें इस गाड़ी को बनाने का आइडिया हैरी पॉटर की कहानियों में उड़ने वाले जीवों और स्पाइडर-मैन के उड़ने वाले स्केटबोर्ड को देखकर आया था.
हाल ही में एक बड़े इवेंट में जब इसे दिखाया गया, तो लोगों की भारी भीड़ इसे देखने के लिए जमा हो गई.
एलन मस्क की कार पर कसा तंज
इन दिनों दुनिया में बिजली से चलने वाली गाड़ियों और ड्रोन को लेकर अमेरिका और चीन के बीच जबरदस्त रेस लगी हुई है. पिछले महीने अमेरिका के मशहूर कारोबारी एलन मस्क ने भी अपनी कंपनी टेस्ला की एक उड़ने वाली कार दिखाई थी, जो गैस के तेज धमाकों के सहारे हवा में उछलती है.
इस पर मजे लेते हुए चीनी कंपनी के प्रमुख झाओ ने कहा कि मस्क की गाड़ी असल में उड़ नहीं रही है, बल्कि सिर्फ हवा में उछल-कूद कर रही है.
उन्होंने इसे किसी सर्कस के खेल जैसा बताया. दूसरी तरफ, चीन की ये कार जमीन से एक किलोमीटर की ऊंचाई तक बड़े आराम से उड़ान भर सकती है.
शुरुआत में कुछ खास जगहों पर ही मिलेगी इजाजत
भले ही हम इसे उड़ने वाली कार कह रहे हैं, लेकिन इसमें नीचे कोई पहिया नहीं लगा है. देखने में ये किसी बड़े ड्रोन या छोटे हेलीकॉप्टर जैसी लगती है.
कंपनी का शुरुआती फोकस उन लोगों पर है जिन्हें एडवेंचर और आसमान में उड़ने का शौक है. वैसे सुरक्षा को देखते हुए शुरुआत में इसे हर जगह उड़ाने की छूट नहीं मिल पा रही है.
इसे सिर्फ चीन के कुछ पार्कों और उन बचाव दलों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जिन्हें पहाड़ी या मुश्किल रास्तों पर तुरंत पहुंचना होता है.
एक बार फुल चार्ज होने पर ये तीस किलोमीटर तक जा सकती है, लेकिन बैटरी को और ताकतवर बनाकर जल्द ही इस दूरी को दोगुना करने की तैयारी है.
दुनिया भर के बाजारों में जाने की तैयारी
चीन सरकार की बात करें तो इन दिनों कम ऊंचाई पर उड़ने वाले साधनों को तेजी से बढ़ावा दे रही है. सरकार का प्लान है कि पहले इन कारों को गांवों में इस्तेमाल करेगी. जहां भीड़ कम होती है. उसके बाद गाड़ियों का इस्तेमाल समान और लोगों को एक जगह स दुसरी जगह ले जाने का काम करेगा.
अकेले चीन में करीब बीस कंपनियां इस तरह की गाड़ियां बनाने में जुटी हुई हैं. झाओ का मानना है कि आने वाले समय में सभी कारों में पंख लग जाएंगे और हमारा सफर सड़कों से उठकर हवा में शुरू हो जाएगा.
उन्होंने बताया कि अरब देशों और एशिया के कई हिस्सों में इसे शुरू करने को लेकर बात पक्की हो गई है और अब उनकी नजर यूरोप के बाजार पर है.