App

भूत है या टेक्नोलॉजी... पूरी रात बेसमेंट में बिना ड्राइवर घूमती रही कार, गार्ड भी हुआ हैरान; जानें पूरा सच

चीन की एक बिल्डिंग के बेसमेंट का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक खाली इलेक्ट्रिक कार पूरी रात खुद ही पार्क होने की कोशिश करती रही. जब कार मालिक ने सुबह गाड़ी का रिकॉर्ड चेक किया, तो पता चला कि ऑटोमैटिक पार्किंग सिस्टम रात भर में 868 बार चालू हुआ था.

भूत है या टेक्नोलॉजी... पूरी रात बेसमेंट में बिना ड्राइवर घूमती रही कार, गार्ड भी हुआ हैरान; जानें पूरा सच

अगर रात को आप अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में किसी काम से जाएं, और वहां किसी कार को बिना ड्राइवर के चलते देख लें, तो डर के मारे आपके हाथ-पांव फूल जाएंगे. ठीक ऐसा ही चीन की एक बिल्डिंग में हुआ है. वहां के बेसमेंट में एक बिना ड्राइवर वाली इलेक्ट्रिक कार पूरी रात खुद ही पार्क होने की कोशिश करती रही. सोशल मीडिया पर इस घटना का सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो देखकर सब हैरान हैं कि आखिर खाली कार रात भर आगे-पीछे क्यों घूम रही थी. जब मालिक ने सुबह गाड़ी का रिकॉर्ड चेक किया, तो पता चला कि रात भर में कार का ऑटोमैटिक पार्किंग सिस्टम 868 बार चालू हुआ था.

सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखाई दिया?

वायरल हो रहे वीडियो क्लिप में खाली इलेक्ट्रिक गाड़ियां अंडरग्राउंड पार्किंग में रिवर्स होती और मुड़ती हुई नजर आ रही हैं. एक वीडियो में तो आधी रात से लेकर सुबह होने तक कार लगातार यही करती दिखी.

वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड भी हैरानी से खाली कार को बिना ड्राइवर के आगे-पीछे होते देखता रहा. ऐसे ही कई दुसरे वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें अलग-अलग मॉडल की गाड़ियां बार-बार पार्किंग की कोशिश कर रही हैं.

एक खास क्लिप में सुबह करीब 6 बजे Avatr 06 और Avatr 12 मॉडल की दो कारें अगल-बगल एक साथ एक ही अंदाज में पार्क होती दिखाई दीं.

आखिर क्यों चल रही थीं ये गाड़ियां?

कारन्यूजचाइना की रिपोर्ट के मुताबिक ये वीडियो Huawei के दूसरे कियानकुन इंटेलिजेंट ड्राइविंग ओपन के दौरान सामने आए हैं. ये 14 दिनों की एक प्रतियोगिता थी जो 31 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक चली.

इसमें आठ अलग-अलग कैटेगरी के तहत 1 लाख 90 हजार से ज्यादा कार मालिकों ने हिस्सा लिया था. पार्किंग एलीट कैटेगरी में वो लोग आगे थे जो अपने आप पार्क होने वाले फीचर का सबसे सही इस्तेमाल कर रहे थे. टॉप 100 विजेताओं को कंपनी की तरफ से खास पॉइंट्स मिलने थे.

नियमों के बावजूद रात भर क्यों चली कार?

इस प्रतियोगिता में ऑटोमैटिक पार्किंग असिस्ट, रिमोट पार्किंग असिस्ट और एग्जिट एंड पार्क असिस्ट जैसे फीचर शामिल थे. लेकिन कंपनी के नियमों के अनुसार केवल सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक की पार्किंग को ही गिना जाना था.

ऐसे में सुबह होने से पहले आधी रात को कारों के चलने से मालिकों को कोई अलग से पॉइंट नहीं मिलने वाला था. यही बात सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर रही है कि जब पॉइंट नहीं मिलने थे, तो कारें रात भर क्यों घूम रही थी.

बार-बार कार चलने की तीन बड़ी वजहें

इस अजीब घटना के पीछे तीन बड़ी वजहें मानी जा रही हैं. पहली संभावना ये है कि मालिकों ने पॉइंट्स बढ़ाने के चक्कर में मोबाइल ऐप से कार को बाहर निकाला और फिर से पार्क किया.

दूसरी वजह बेसमेंट में कम रोशनी या पार्किंग की धुंधली पट्टियां हो सकती हैं, जिससे सिस्टम बार-बार अटक गया. तीसरी आशंका ये है कि कार के सॉफ्टवेयर में कोई गड़बड़ी आ गई, जिससे पार्किंग कमांड लगातार अपने आप चलता रहा.

लेकिन केवल सीसीटीवी फुटेज से ये पक्का नहीं हो सकता कि असली गलती किसकी थी. इसके लिए गाड़ी के अंदरूनी डेटा लॉग की जांच जरूरी होगी.

इन गाड़ियों में लगी है खास टेक्नोलॉजी

वायरल वीडियो में दिख रही गाड़ियों में Avatr 06, Avatr 11, Avatr 12 और Huajing S शामिल हैं. इन सभी कारों में Huawei की कियानकुन ड्राइविंग टेक्नोलॉजी लगी हुई है. Avatr कंपनी में चांगान की 40.99 प्रतिशत और CATL की 14.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि ड्राइविंग सिस्टम Huawei देता है.

कंपनी का ADS 3.2 सिस्टम अनजान गैराज में भी खुद रास्ता खोजकर पार्क करने की क्षमता रखता है. वहीं इसका वैलेट पार्किंग ड्राइवर फीचर मालिक को दूर बैठकर स्मार्टफोन से कार चलाने की सुविधा देता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More