SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रोल्स रॉयस जैसी दिखने वाली Avatr T09 से उठा पर्दा: 1000 हॉर्सपावर ताकत, 400 किमी रेंज का दावा; देखें फीचर्स

चीन की कंपनियों चांगान, हुआवे और CATL ने मिलकर अपनी नई लग्जरी कार Avatr T09 पेश कर दी है, जो देखने में रोल्स रॉयस जैसी शाही लगती है. दिसंबर में बाजार में आने वाली इस कार में तीन बड़ी स्क्रीन, 1000 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत और एक बार चार्ज करने पर 400 किलोमीटर तक चलने की खूबी है.

Written By Harsh Singh
Published: Nov 29, 2026, 10:34 IST | Updated: Nov 29, 2026, 11:31 IST
Join

कार की दुनिया में लग्जरी और शाही ठाठ-बाट की बात हो, तो सबसे पहले रोल्स रॉयस कलिनन और रेंज रोवर का नाम आता है. लेकिन अब चीन की दिग्गज कंपनियां चांगान, हुआवे और CATL ने मिलकर एक ऐसी शानदार SUV पेश की है, जो इन दोनों महंगी गाड़ियों को कड़ी टक्कर देने वाली है.

2026 गुआंगझोउ ऑटो शो में कंपनी ने अपनी नई फ्लैगशिप कार Avatr T09 को दुनिया के सामने रखा है. करीब 5.3 मीटर लंबी ये गाड़ी देखने में किसी महल जैसी भारी-भरकम और शाही लगती है.

दिसंबर में ये कार मार्केट में आ जाएगी. कम कीमत में ज्यादा ताकत और दमदार फीचर्स देकर ये कार लग्जरी गाड़ियों के मार्केट में बड़ा बदलाव लाने को तैयार है.

रोल्स रॉयस जैसा लुक...

Avatr T09 का डिजाइन जर्मनी के म्यूनिख में BMW के डिजाइनर रह चुके नादर फगीहजादेह की टीम ने तैयार किया है. इसकी लंबाई 5285 मिलीमीटर है, जो रेंज रोवर के लंबे मॉडल से भी ज्यादा है और रोल्स रॉयस कलिनन से बस दो इंच ही कम है.

आगे की तरफ इसमें 362 चमकते हुए लोगो वाली सीधी ग्रिल और लाख पिक्सल वाली स्मार्ट हेडलाइट्स दी गई हैं. गाड़ी का ऊंचा और चौकोर लुक इसे सड़क पर इसे अलग ही लुक देता है.

दो रंगों वाला पेंट और दरवाजों पर लगी चमकीली पट्टियां इसे मर्सिडीज-मेबैक और बेंटले जैसी महंगी गाड़ियों की लिस्ट में ला देती हैं.

क्या हैं कार के फीचर्स?

इस छह सीटर गाड़ी के अंदर बैठते ही आपको किसी फ्यूचरेस्टिक कार जैसा एहसास होगा. इसमें ड्राइवर के लिए 10.25 इंच की स्क्रीन और बीच व सामने बैठे यात्री के लिए 17.2 इंच की दो बड़ी स्क्रीन लगी हैं.

सबसे मजेदार चीज डैशबोर्ड में छिपा इसका वोर्टेक्स सिस्टम है. गाड़ी स्टार्ट करते ही ये लकड़ी और धुंधले कांच से बना हिस्सा शांत मोटर के साथ बाहर निकलता है और बंद करने पर अंदर चला जाता है.

इसमें उंगलियां फंसने से बचाने वाला सेंसर भी है. इसके अंदर लगी 118 छोटी लाइटें हुआवे के वॉयस असिस्टेंट से बात करते समय किसी चेहरे की तरह हिलती हैं. पीछे से किसी गाड़ी के तेजी से आने पर यह लाल और पीली लाइट जलाकर खतरा भी बताती है.

एक बटन दबाते ही बन जाएगी सामान रखने की जगह

लग्जरी के साथ-साथ इस कार में जगह और आराम का भी पूरा ध्यान रखा गया है. तीसरी लाइन की सीटें खुली रहने के बावजूद इसमें 550 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जिसमें परिवार का सामान आसानी से आ सकता है. अगर आपको और ज्यादा जगह चाहिए, तो बस एक बटन दबाने की देरी है.

बस 18 सेकंड के अंदर तीसरी लाइन की सीटें पूरी तरह से लेट जाती है और सामान रखने के लिए बड़ी जगह खाली हो जाती है. ये फीचर लंबे सफर पर जाने वाले परिवारों के लिए बहुत काम का साबित होने वाला है.

1000 हॉर्सपावर की ताकत और 400 किमी की रेंज

ताकत के मामले में ये कार किसी स्पोर्ट्स कार से कम नहीं है. इसके शुरुआती मॉडल में 1.5 लीटर टर्बो इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर लगी हैं, जो मिलकर 657 हॉर्सपावर की ताकत देती हैं.

वहीं इसके टॉप मॉडल में 2.0 लीटर इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई हैं, जो करीब 1,000 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत जनरेट करती हैं. लेकिन टॉप मॉडल के पक्के आंकड़े कंपनी ने अभी साफ नहीं किए हैं.

कार में CATL की 71.24 kWh की बैटरी लगी है. कंपनी के मुताबिक ये सिर्फ बैटरी पर 400 किलोमीटर तक चल सकती है, जबकि सख्त जांच के नियमों में इसकी रेंज 300 से 330 किलोमीटर के बीच आंकी गई है.

छोटी जगह में भी आसानी से मुड़ जाएगी ये बड़ी कार

इतनी बड़ी गाड़ी को संभालने और मोड़ने के लिए इसमें हुआवे का खास स्मार्ट चेसिस और एयर सस्पेंशन दिया गया है. इसके पिछले पहिये 10 डिग्री तक घूम सकते हैं, जिससे 5.3 मीटर लंबी ये कार महज 4.65 मीटर की छोटी जगह में भी आसानी से यू-टर्न ले लेती है.

सुरक्षा के लिए छत पर लगे मेन रडार समेत चार लिडार सेंसर और हुआवे का एडवांस ड्राइविंग सिस्टम दिया गया है. चीन में इसकी शुरुआती कीमत करीब 5 लाख युआन यानी लगभग 74600 डॉलर रहने की उम्मीद है.

चीन के चोंगकिंग कारखाने में बनने वाली ये गाड़ी अगले साल नॉर्वे और स्पेन पहुंचेगी, जबकि 2028 तक ऑस्ट्रेलिया और मिडिल ईस्ट के बाजारों में भी उतारी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES