कार में फ्यूल टैंक के पास बना ये छोटा सा छेद क्यों होता है? काम जानेंगे तो कभी नहीं करेंगे इसे इग्नोर
पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाते समय अक्सर लोग नोजल और मीटर पर ही ध्यान देते हैं. लेकिन कभी ध्यान फ्यूल टैंक के पास बने एक छोटा से छेद पर भी चला जाता है. ऐसे में लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर इस छोटे से छेद की यहां क्या काम? आइए जानते हैं...
जब भी आप अपनी कार में पेट्रोल या डीजल भरवाने के लिए किसी फ्यूल स्टेशन पर जाते हैं, तो आमतौर पर आपका ध्यान सिर्फ नोजल और मीटर की रीडिंग पर ही रहता है. लेकिन क्या आपने कभी अपनी गाड़ी के फ्यूल फिलर नेक यानी जहां से तेल भरा जाता है, उसके ठीक ऊपर या आसपास बने छोटे से छेद पर ध्यान दिया है? देखने में बहुत ही मामूली और किसी सामान्य डिजाइन जैसा लगने वाला यह छोटा सा छेद वास्तव में आपकी कार का एक बहुत ही महत्वपूर्ण सुरक्षा फीचर है.
अक्सर लोग इसे महज एक एक्स्ट्रा स्पेस या गैर-जरूरी हिस्सा समझकर इग्नोर कर देते हैं, लेकिन यह छोटा सा छेद आपकी गाड़ी के फ्यूल सिस्टम को सही तरीके से काम करने में मदद करता है और किसी भी बड़े खतरे को टालने में बड़ी भूमिका निभाता है. आइए जानते हैं कि आखिर क्या होता है इस छोटे से स्पेस का काम?
गैस और प्रेशर को कंट्रोल करने का काम
दरअसल, पेट्रोल या डीजल जब कार के टैंक के अंदर रहता है, तो वह सिर्फ लिक्विड रूप में ही नहीं रहता. समय और टेंपरेटर के साथ उसमें से लगातार खतरनाक गैस और भाप निकलती रहती हैं. आपने ध्यान दिया होगा कि गर्मियों के दिनों में अगर किसी डिब्बे या केन में पेट्रोल रखा हो, तो वह फूल जाता है. ठीक वैसा ही दबाव आपकी कार के फ्यूल टैंक के अंदर भी बन सकता है. ऐसे में ये छोटे-छोटे छेद टैंक के अंदर बनने वाली इस गैस को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने का रास्ता देते हैं.
हवा का सही फ्लो है जरूरी
फ्यूल टैंक के पास बने ये छेद एक अलग वेंट पाइप से कनेक्ट होते हैं. ये न सिर्फ अंदर की गैस को बाहर निकालते हैं, बल्कि टैंक के अंदर ताजी हवा को जाने की जगह भी देते हैं. ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब तक कार के टैंक से अंदर की हवा बाहर नहीं निकलेगी, तब तक आप उसमें नया पेट्रोल नहीं भर सकते. ठीक इसी तरह, जब गाड़ी चलती है और पेट्रोल खत्म होता है, तो टैंक में वैक्यूम बनने से रोकने के लिए बाहर की हवा का अंदर जाना बहुत जरूरी होता है.
गाड़ी की सेफ्टी के लिए रखें ये ध्यान
जिस तरह कार में एयरबैग और सीट बेल्ट सुरक्षा का काम करते हैं, ठीक उसी तरह ये छोटे छेद भी गाड़ी को बड़े हादसे से बचाते हैं. अगर इन छेदों में धूल, मिट्टी, कचरा या कोई चीज फंस जाए और ये बंद हो जाएं, तो कार का फ्यूल सिस्टम सही से काम करना बंद कर सकता है. इससे तेल भरवाते समय दिक्कत आ सकती है और गाड़ी की परफॉर्मेंस पर भी असर पड़ता है.
इसलिए अगली बार जब भी आप गाड़ी में पेट्रोल या डीजल भरवाने जाएं, तो फ्यूल टैंक के आसपास की जगह पर जरूर नजर डालें. अगर वहां कोई धूल या कचरा जमा हो, तो उसे तुरंत साफ कर दें. कार की छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखना आपको बड़े नुकसान से बचा सकता है.