ब्रेक फेल, टायर फटा या एक्सीलेटर अटका तो न घबराएं! याद रखें ये 6 बातें, टल जाएगा खतरा, सुरक्षित रहेंगे आप
कार चलाते समय अचानक कोई इमरजेंसी आ जाए, तो चंद सेकंड की समझदारी बड़ी अनहोनी टाल सकती है. घबराहट में गलत कदम उठाने से बेहतर है कि सही तरीका अपनाया जाए. ये 6 आसान और कारगर उपाय आपको और आपकी गाड़ी को हादसों से सुरक्षित रखेंगे.
नेशनल हाईवे हो या शहर की बिजी सड़कें, ड्राइविंग करते समय खतरा कभी भी बताकर नहीं आता. रफ्तार से दौड़ती कार में अचानक ब्रेक फेल हो जाना, टायर का फट जाना या एक्सीलेटर का फंस जाना किसी भी ड्राइवर के लिए बड़ी मुसीबक का समय होता है. ऐसी भयानक स्थिति में अक्सर बहुत से ड्राइवर घबरा जाते हैं और यही वो कुछ सेकंड का समय होात है, जो जिंदगी और मौत के बीच का फर्क तय करता है. ज्यादातर हादसे गाड़ियों की खराबी से कम और ड्राइवरों के पैनिक करने से ज्यादा होते हैं. अगर कभी आपके सामने ऐसी जानलेवा इमरजेंसी आ जाए, तो घबराने की जगह तुरंत ये 6 स्टेप्स फॉलो करें. इससे बड़े हादसे का खतरा डल जाएगा और गाड़ी को भी भारी नुकसान नहीं होगा.
शांत रहें और स्टीयरिंग पर पकड़ मजबूत रखें
अगर कार या बाइक चलाते समय अचानक ब्रेक फेल हो जाए या फिर कोई दूसरी गाड़ी सामने आ जाए, तो घबराने से बचें. दिमाग ठंडा रखने की कोशिश करें. गाड़ी का कंट्रोल पूरी तरह अपने हाथ में रखने के लिए स्टीयरिंग व्हील को दोनों हाथों से 9 और 3 की पोजीशन में मजबूती से थामे रखें.
ब्रेक को पूरी ताकत से दबाएं
ब्रेक पैडल पर पूरी ताकत से प्रेशर डालें. आपकी कार में अगर एबीएस है, तो ब्रेक पैडल को लगातार दबाए रखें और उसे छोड़ें नहीं. तेज स्पीड में पहले जोर से ब्रेक लगाएं और क्लच तुरंत न दबाएं.
क्लच का इस्तेमाल सही वक्त पर करें
शुरुआत में ही क्लच दबाने से इंजन ब्रेकिंग का असर खत्म हो जाता है और गाड़ी की रफ्तार बढ़ सकती है. इसलिए क्लच पर पैर सिर्फ तभी रखें जब कार काफी धीमी हो जाए या इंजन बंद होने की कगार पर पहुंचे.
स्टीयरिंग में अचानक झटका न दें
गाड़ी को अपनी लेन में ही सीधा संभालने का प्रयास करें और स्टीयरिंग को एकदम से जोर से न घुमाएं. जब तक सामने किसी टक्कर का सीधा खतरा न हो और बचना बहुत जरूरी न हो जाए, तब तक लेन बदलने की गलती न करें.
तुरंत हजार्ड लाइट्स ऑन करें
गाड़ी के थमते ही सबसे पहले हजार्ड लाइट्स यानी सभी इंडिकेटर को ऑन कर दें. इससे पीछे से आ रही गाड़ियों को समय रहते आपकी स्थिति का पता चल जाएगा और वे सावधान होकर अपनी रफ्तार धीमी कर लेंगी.
बिना बाहर देखे बाहर न निकलें
कार रुकते ही हड़बड़ी में बाहर निकलने की गलती न करें. साइड और रियर व्यू मिरर्स में पीछे से आ रही गाड़ियों को देखें और जब पूरी तरह तसल्ली हो जाए कि रास्ता सेफ है, तभी बाहर निकलें या आगे बढ़ें.
इन बातों का भी रखें ध्यान
सड़क पर चलते समय हमेशा आगे चल रहे वाहन से एक सुरक्षित फासला बनाए रखें, जिससे अचानक ब्रेक लगाने की नौबत आने पर आपको संभलने का पूरा वक्त मिल सके. इसके साथ ही, किसी खाली और सुरक्षित जगह पर जाकर कभी-कभार इमरजेंसी ब्रेकिंग का प्रैक्टिस भी जरूर करते रहें. एन मौके पर पैनिक न करना और सही समय पर सही फैसला लेना ही आपको हादसे से बचा सकता है. इन बातों का ध्यान रखकर आप अपनी हर यात्रा को सुरक्षित बना सकते हैं.