कौन हैं किंबरली गिल्फोइल, जो ट्रंप परिवार के लिए बन गईं आफत? कहा- राजदूत पद से हटाया तो खोल दूंगी परिवार के बड़े राज
अपने बड़बोलेपन की वजह से दुनिया के तमाम मुल्कों की सांस ऊपर-नीचे कर देने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों खुद मुसीबत में हैं. इसकी वजह ग्रीस में अमेरिकी राजदूत किंबरली गिल्फोइल हैं, जिन्होंने उनके बड़े राज खोल देने की धमकी दी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार से जुड़ा बड़ा राज अगले कुछ दिनों में बाहर आ सकता है. उनके बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर (48 वर्षीय) की मंगेतर रहीं किंबरली गिल्फोइल (57 वर्ष) ने ट्रंप फैमिली के राज उजागर करने की धमकी दी है. किंबरली गिल्फोइल ग्रीस में यूएस की राजदूत हैं और अपने पद से इस्तीफा दिए जाने की मांग से भड़की हुई हैं.
किंबरली के पास ट्रंप परिवार के राज
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने किंबरली गिल्फोइल से ग्रीस के राजदूत पद से इस्तीफा देने की अपील की है. उनसे यह अपील राजनीतिक प्रभाव के बदले फंड हासिल करने, लॉबिस्टों को सरकार की खुफिया जानकारी प्रदान करने और राजनयिकों को कथित तौर पर धमकाने के बाद की गई है. इस अनुरोध की खबर बाहर आने के बाद से किंबरली बुरी तरह बिफरी हुई हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, गिल्फोइल के पास एक सीक्रेट डायरी है, जिसमें ट्रंप परिवार से जुड़े कई राज दर्ज हैं. इस डायरी को उन्होंने 'द डेविल वियर्स MAGA' नाम दिया है. चूंकि वे ट्रंप फैमिली से लंबे समय तक जुड़ी रही थीं. इसलिए उनके पास अमेरिका के प्रथम परिवार से जुड़े कई अहम राज हो सकते हैं. माना जा रहा है कि अगर किंबरली ने अपनी धमकी को अंजाम दिया तो ट्रंप परिवार के कई अनसुने राज सामने आ सकते हैं.
किंबरली से मार्को रुबियो हैं बेहद नाराज
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीस में अमेरिकी राजदूत का पदभार संभालने के बाद कथित रूप से कई ऐसे काम किए थे, जिसके बाद से विदेश मंत्री मार्को उनसे बेहद नाराज थे. उन्होंने इसके बारे में राष्ट्रपति ट्रंप को अवगत करवाया, जिसके बाद किंबरली से इस्तीफा लेने का फैसला किया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, किंबरली ने ग्रीस में राजदूत बनने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप के महत्वाकांक्षी मेक अमेरिका ग्रेट अगेन यानी MAGA में वित्तीय योगदान करने वाले उद्यमियों से अपने लिए एक लाख डॉलर की वित्तीय मदद मांगी. उन्होंने उनसे कहा कि वह क्रेडिट कार्ड का लोन चुका दे. इसके साथ ही अमेरिका के बड़े अधिकारियों से मिलवाने के लिए लॉबिस्टों से वित्तीय मदद लेने और दूतावास में तैनात अमेरिकी राजनयिकों से अभद्रता करने के आरोप भी लगे.
किसी भी देश में गड़बड़ी फैला सकता है यूएस'
किंबरली पर सबसे बड़ा आरोप तब सामने आया, जब इस साल की शुरुआत में उन्होंने आधिकारिक डिनर के दौरान ग्रीक अधिकारियों से बेबाकी से कह दिया कि अमेरिका के पास दुनिया के किसी भी देश को अस्थिर करने की क्षमता है. वह चाहे तो किसी भी देश में गड़बड़ी फैला सकता है.
इस बयान के बाद अमेरिका की ग्रीस समेत दुनियाभर के देशों में खासी किरकिरी हुई. कई देशों में अमेरिकी दखल से इस बयान को जोड़ते हुए चर्चाएं भी चलीं. जिससे ट्रंप प्रशासन को खासी जलालत झेलनी पड़ी. इसके बाद ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने किंबरली से इस्तीफा देने के लिए कह दिया. हालांकि, अब कदम ट्रंप प्रशासन के लिए गले का फंदा बनता दिख रहा है.