)
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की लंदन वाली सीट (Holborn and St Pancras) अब खाली होने जा रहे हैं और अब इस सीट से सांसद बनने की रेस में भारतीय मूल के ऋषि मदलानी भी शामिल हो गए हैं. ऋषि मदलानी फिलहाल सस्टेनेबल फाइनेंस प्रोफेशनल और पूर्व Labour councillor हैं. वह इस सीट से लेबर पार्टी की तरफ से उम्मीदवार बनने की कोशिश कर रहे हैं. कीर स्टारमर ने 1 सितंबर 2026 को इस सीट के सांसद पद से इस्तीफा दिया था. 2015 से वो इस सीट से सांसद चुनते आ रहे हैं. उनके इस्तीफे के बाद यहां अब उपचुनाव होने हैं. जिसमें ऋषि मदलानी लेबर पार्टी की तरफ से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं.
इस बात की जानकारी खुद मदलानी ने सोशल मीडिया के जरिए दी है. उन्होंने बताया कि Holborn and St Pancras से लेबर उम्मीदवार बनने के लिए आवेदन किया है. उन्होंने कहा कि वह इलाके के लिए ज्यादा सोशल हाउसिंग, जलवायु परिवर्तन पर मजबूत कार्रवाई और स्थानीय समुदायों की बेहतर आवाज के लिए काम करना चाहते हैं. मदलानी ने यह भी तर्क दिया कि वो इस इलाके को अच्छी तरह जानते हैं और उन्हें काउंसलर के रूप में भी यहां के लोगों की सेवा करने का मौका मिला है.
मदलानी ने यह भी बताया कि सस्टेनेबल फाइनेंस में काम करने का अनुभव उन्हें अर्थव्यस्था को मजबूत करने में काफी फायदा पहुंचाएगा. ऋषि मदलानी का इस क्षेत्र से बहुत पुराना रिश्ता है. वह पिछले 25 वर्षों से Holborn and St Pancras में रह रहे हैं. उनका कहना है कि इसी इलाके में उनकी राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रियता की शुरुआत हुई और यहीं से सार्वजनिक सेवा के लिए उनके इरादे मजबूत हुए. मदलानी को Labour Indians और Labour Friends of India जैसे संगठनों ने समर्थन भी दिया है.
Holborn and St Pancras सीट से भारत का पुराना रिश्ता रहा है. वीके कृष्ण मेनन भी इस सीट से लेबर का काउंसलर रह चुके हैं. बाद में 1947 में वह स्वतंत्र भारत के ब्रिटेन में पहले हाई कमिश्नर बने थे. अब 80 साल बाद एक बार फिर से कोई भारतीय मूल का उम्मीदवार इस सीट से चुनाव में उतरने की कोशिश कर रहा है. मदलानी ने भी कृष्ण मेनन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें ब्रिटिश भारतीय समुदाय के योगदान पर फख्र है. हालांकि इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनकी उम्मीदवारी सिर्फ उनके ब्रिटिश-भारतीय मूल पर आधारित नहीं है.
हालांकि मदलानी के लिए यह राह इतनी आसान नहीं होगी, क्योंकि लेबर पार्टी की उम्मीदवार बनने की रेस में सोमालियाई मूल की सगल अब्दी-वली कोशिशों में लगी हुई हैं. सगल अब्दी वली सोमालिया से आईं पूर्व बाल शरणार्थी हैं और फिलहाल Camden Council की Leader हैं. सगल ने साल 2022 में काउंसलर चुने जाने का बाद वहां की राजनीति में अपनी जगह बनाई थी.

जबकि इनके विरोध में ग्रीन पार्टी की तरफ से Zack Polanski मैदान में होंगे. वो करीब एक साल से 'Green Party of England and Wales' के नेता हैं. उनके नेतृत्व में पार्टी ने हाल के स्थानीय और उपचुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है. पार्टी की सदस्य संख्या भी उनके कार्यकाल में काफी बढ़ी है. Polanski का दावा है कि Greens इस सीट पर लेबर्स को हरा सकते हैं और वह महंगाई, बढ़ते बिल और आम लोगों की आर्थिक परेशानियों को अपना प्रमुख मुद्दा बनाना चाहते हैं.