)
पाकिस्तान ने अगर भारत में भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली हरकतों को बंद नहीं किया, तो उसे बुरा अंजाम भुगतना पड़ सकता है. भारत ने जिनेवा में UN के निरस्त्रीकरण सम्मेलन में पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी दी है. पाकिस्तान को चेताते हुए भारत के स्थायी मिशन के सीनियर एडवाइजर अनमोल शेर बेदी ने साफ कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों और उसकी साजिश रचने वालों के बीच कोई फर्क नहीं किया जाएगा. अनमोल बेदी ने साफ कहा कि परमाणु ब्लैकमेलिंग के आगे भारत कभी नहीं झुकेगा. उन्होंने कहा कि भारत अपने ऊपर हुए हर आतंकी हमलों का माकूल जवाब देगा.
पाकिस्तान को हरकतों से बाज आने की चेतावनी
बेदी ने कहा कि भारत ने पिछले साल पाकिस्तान में स्थित आतंकी शिविरों को ध्वस्त करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था. यह पहलगाम में किए गए उस आतंकी हमले का जवाब था, जिसमें 26 आम नागरिक मारे गए थे. उन्होंने कहा कि भारत ने यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की थी और आगे भी आतंकी शिविरों को टारगेट करके ऐसी नपी-तुली और तनाव न बढ़ाने वाली कार्रवाइयां जारी रहेंगी. यूएन की बैठक में भारत ने कहा कि परमाणु हथियारों को शासन-कला के सामान्य औजारों के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. परमाणु हथियारों के साये पर निर्भर रहने का रवैया तनाव बढ़ने का खतरा पैदा करता है. उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों के साए में आतंकवादियों को पनाह नहीं दी जा सकती है. भारत ऐसी धमकियों से कभी डरने वाला नहीं है.
'सरकार नहीं, सेना चलाती है पाकिस्तान'
बेदी ने दुनिया को पाकिस्तान से सावधान करते हुए कहा कि वे जब भी इस्लामाबाद के साथ परमाणु और सैन्य टेक्नोलॉजी के मामले में सहयोग करें, तो अपनी सुरक्षा का ध्यान जरूर रखें. पाकिस्तानी सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद में असली ताकत किसके हाथ में है, यह बात सेक्रेटरी-जनरल एंटोनियो गुटेरेस की हालिया पाकिस्तान यात्रा के दौरान साफ हो गई. उन्होंने सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मिलने का एक ऐसा कदम उठाया जो आम तौर पर उनके दौरे के कार्यक्रम में शामिल नहीं होता, क्योंकि सैन्य नेताओं के साथ औपचारिक बातचीत उनके सामान्य कार्यक्रम का हिस्सा नहीं होती है.
कश्मीर मुद्दे पर भी पाकिस्तान को लताड़ लगाई
बेदी ने यूएन को भरोसा दिलाया कि भारत की परमाणु क्षमताएं किसी के खिलाफ नहीं हैं. इनका इस्तेमाल सिर्फ आत्मरक्षा के लिए ही किया जाएगा. इन्हें अपने सुरक्षा माहौल के हिसाब से तैयार किया गया है. बेदी ने यूएन के सामने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि रोके जाने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि भारत ने सिंधु जल संधि को रोक दिया है, क्योंकि यह संधि भरोसे और सहयोग की समझ पर आधारित थी और पाकिस्तान ने इन दोनों को ही कमजोर किया है. कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तानी प्रतिनिधि अंद्राबी को लताड़ लगाते हुए बेदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. हम मांग करते हैं कि भारत के जिन इलाकों पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है, उन्हें खाली किया जाए और वापस लौटाया जाए.
इनपुट- आईएएनएस