'जासूसी के किले' में हैकर्स का तहलका: CIA के डेटाबेस से उड़ाई खुफिया जानकारी, US में हड़कंप
दुनिया की अहम खुफिया एजेंसियों में से एक सीआईए और दो अन्य एजेंसियों पर साइबर हमला हुआ है, जिसमें कुछ अहम खुफिया जानकारियां लीक हो गई हैं. माना जा रहा है कि इसमें उपलब्ध डेटा, सोशल मीडिया कंटेंट और अन्य ऑनलाइन सामग्री हो सकती है.
अमेरिकी जासूसी एजेंसी सीआईए और दो अन्य खुफिया एजेंसियों पर हाल ही में साइबर अटैक हुआ है, जिसमें उनकी सीक्रेट जानकारी लीक हो गई है.मामले की जानकारी रखने वाले अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की.
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) और 'ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस' को हाल ही में एक साइबर सेंधमारी का पता चला है, जिससे उनकी कुछ 'अनक्लासिफाइड' जानकारी लीक हो गई है. इस सेंधमारी से 'ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस एनालिसिस सिस्टम' पर असर पड़ा है. यह एक ऐसा कंप्यूटर नेटवर्क है, जो सार्वजनिक और नॉन क्लासीफाइड खुफिया जानकारी जुटाने का काम करता है.
हालांकि, यह साफ नहीं है कि कौन सी जानकारी लीक हुई है, लेकिन लोगों का कहना है कि कोई भी 'क्लासीफाइड' इन्फॉर्मेशन खतरे में नहीं पड़ी है. दो लोगों के मुताबिक, इस सेंधमारी में अन्य सरकारी एजेंसियों की जानकारी भी लीक होने की आशंका है.
क्या जानकारी लीक हुई?
'ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस' में उपलब्ध डेटा, सोशल मीडिया कंटेंट, सैटेलाइट तस्वीरें और अन्य ऑनलाइन सामग्री शामिल हो सकती है. इनमें से ज्यादातर जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होती है, लेकिन इसमें डेटा बेचे जाने वाली ऐसी जानकारी भी हो सकती है, जो काफी संवेदनशील हो सकती है, खासकर तब, जब इसे अन्य डेटा के साथ मिला दिया जाए.
जासूसी एजेंसियां इस डेटा का इस्तेमाल अन्य खुफिया स्रोतों के साथ मिलकर एनालिसिस करने और अहम नतीजे निकालने के लिए कर सकती हैं.
फेडरल एजेंसियों के लिए साइबर सुरक्षा उल्लंघन कोई नई बात नहीं है, लेकिन हाल ही में कई एजेंसियों ने अपने सिस्टम में सेंधमारी का पता लगाया है. इससे मौजूदा और पूर्व अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के बीच चिंता बढ़ गई है.
इस संवेदनशील सुरक्षा मामले पर चर्चा करने के लिए, अधिकारियों और मामले की जानकारी रखने वाले अन्य लोगों ने अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बात की. यह मामला अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया था.
CIA का टिप्पणी करने से इनकार
'ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस' के एक अधिकारी ने कहा कि इससे उनकी अहम काबिलियत पर कोई असर नहीं पड़ा है. CIA ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब तकनीकी गड़बड़ियों के मामले बढ़े हैं. पिछले हफ्ते 'नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी' (NSA) के इंटरनल सीक्रेट नेटवर्क में कई दिनों तक कामकाज ठप रहा था, जिसे लेकर अधिकारियों और कंपनियों का कहना है कि यह कोई साइबर हमला नहीं था. इन समस्याओं ने अमेरिकी जनता को परेशान कर दिया है.
AI लगा रहा कमजोरियों का पता
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि कुछ मामलों में, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सॉफ्टवेयर की ऐसी कमजोरियों का पता लगा रहा है, जिन्हें तुरंत ठीक (पैच) करने की जरूरत है. इस मामले में, ऐसा लगता है कि किसी हैकर ने कम से कम एक सरकारी सिस्टम तक अवैध पहुंच बना ली है. हालांकि, इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह नहीं बताया कि जांचकर्ताओं को यह पता है या नहीं कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
सरकारी सिस्टम में सेंध लगने की यह सबसे हालिया घटना है. पिछले हफ्ते, राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बात की पुष्टि की कि FBI के 'नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर' को हाल ही में हैक किया गया था. यह एक नेशनल डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल स्थानीय, राज्य और फेडरल कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपराधिक संदिग्धों के बारे में जानकारी शेयर करने के लिए करती हैं.