)
एक कहावत है, देने वाला जब भी देता है, छप्पर फाड़ कर देता है. कुछ ऐसा ही अमेरिका में रहने वाले एक पति-पत्नी के साथ हुआ है. यहां पति ने पत्नी को एक छोटा सा गिफ्ट दिया और इस तोहफे ने कुछ ही मिनटों में कपल को करोड़पति बना दिया. पत्नी की किस्मत इतनी अच्छी निकली कि वह सीधे 5 करोड़ रुपये की मालकिन बन गई. अब यह कपल पूरी दुनिया घूमने की प्लानिंग में जुट गया है.
वर्जीनिया लॉटरी अधिकारियों के अनुसार, जिस कपल ने यह लॉटरी जीती है वह बेडफोर्ड काउंटी में रहता है. उन्होंने बताया कि वर्जीनिया के फॉरेस्ट इलाके में वॉटरलिक रोड पर 'क्विक-ई फूड्स' स्टोर है, जहां से पति ने 'गोल्ड 7s' (Gold 7s) के दो स्क्रैच-ऑफ लॉटरी टिकट खरीदे थे.
वो घर पहुंचा और दोनों टिकट टेबल पर रख दिए. इसके बाद पत्नी के पास गया और उससे मुस्कुराते हुए कहा कि यह उसके लिए एक छोटा सा सरप्राइज गिफ्ट है.
पत्नी ने अपनी किस्मत आजमाई और टेबल पर रखी टिकटों को स्क्रैच करना शुरू कर दिया. जैसे ही उसने पहला टिकट स्क्रैच किया, उसमें गेम का सबसे बड़ा प्राइज यानी पूरे 577,777 डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपये) का जैकपॉट निकल आया. शुरुआत में दोनों को इस पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब कंफर्म हुआ तो दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
इस कपल ने लॉटरी अधिकारियों को बताया कि वे इस सरप्राइज जैकपॉट की मदद से पूरी दुनिया घूमना चाहते हैं. वे खूबसूरत जगहों की सैर करेंगे और ट्रैवलिंग का खर्च इसी रकम से पूरा करेंगे. यानी यह कपल अब वर्ल्ड टूर प्लान कर रहा है.
जुलाई 2026 में एक ऐसा ही मामला अमेरिका के फ्लोरिडा से भी सामने आया था, जहां एक शख्स ने सिर्फ एक लॉटरी टिकट खरीदा था और वो अरबपति बन गया था. सीबीएस न्यूज के अनुसार, शख्स ने 'मेगा मिलियंस' (Mega Millions) टिकट पर पूरे 803 मिलियन डॉलर यानी करीब 6,700 करोड़ रुपये जीते थे. इस लॉटरी का लकी ड्रॉ 28 जुलाई को निकला था. जीतने वाले लकी नंबर्स थे 34, 48, 49, 59, 70 और गोल्ड मेगा बॉल नंबर 12. यह टिकट ब्रैडेंटन शहर के एक छोटे से 'Wawa' स्टोर से खरीदा गया था.