)
हाल ही में खुलासा हुआ था कि राष्ट्रपति ट्रंप के सबसे बड़े बेटे ट्रंप जूनियर की शाही और लग्जरी शादी समारोह का बिल रूसी राष्ट्रपति पुतिन के करीबी बिजनेसमैन उमर क्रेमलेव ने चुकाया था. इसके बाद लगातार बढ़ती आलोचनाओं से घिरे ट्रंप की सफाई आई है. ट्रंप ने दावा किया है कि उनके जूनियर ट्रंप ने रूसी कारोबारी से किसी तरह का अनुचित लाभ नहीं लिया है. उन्होंने ये भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप जूनियर रूसी अरबपति उमर क्रेमलेव को अपनी भव्य शादी की पार्टी में हुए खर्च का पूरा पैसा वापस कर रहे हैं.
क्रेमलेव विवादों में घिरी इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन (IBA) के प्रमुख हैं और उनके रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करीबी संबंध बताए जाते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, मई में बहामास के दो निजी द्वीपों पर आयोजित डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की कई दिनों तक चली शादी की पार्टी पर क्रेमलेव ने कई लाख डॉलर खर्च किए थे.
यह भव्य समारोह ट्रंप जूनियर और सोशलाइट बेटिना एंडरसन की शादी के जश्न में आयोजित किया गया था. अमेरिकी खोजी पत्रकारिता संस्था प्रोपब्लिका ने हाल ही में एक रिपोर्ट में क्रेमलेव की ओर से किए गए इन खर्चों का सिलसिलेवार खुलासा किया. रिपोर्ट सामने आने के बाद एक बार फिर देशभर में इस पूरे मामले को लेकर भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल उठने लगे हैं.
अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की ओवरसाइट कमेटी में शामिल डेमोक्रेटिक सांसद रॉबर्ट गार्सिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई सवाल दागकर ट्रंप को घेरा है. उन्होंने लिखा कि उमर क्रेमलेव ने राष्ट्रपति के बेटे पर सैकड़ों हजार डॉलर खर्च किए हैं. सवाल यह है कि बदले में उन्हें क्या मिला? उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाब मिलना जरूरी है.
एक सदी से ज्यादा हो गया जब रूस और अमेरिका के नेता एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते थे. ट्रंप और पुतिन ने पारंपरिक दुश्मनी के उस मिथक को तोड़ा है. दोनों के आलोचक कुछ भी कहें लेकिन उन्होंने कूटनीति से इतर रिश्तों की एक नई परिभाषा गढ़ दी है.
ट्रंप ने इन आरोपों पर कहा, 'इसमें कोई मनाही नहीं है. बहुत से लोग इस तरह पार्टियां करते हैं. लेकिन जहां तक मेरी समझ है, उसने (ट्रंप जूनियर ने) उसके पैसे वापस कर दिए हैं. जहां तक मैं समझता हूं, मेरा बेटा उस व्यक्ति को जानता है. शायद दोनों दोस्त हैं. उसने उसे शादी की पार्टी दी थी. इसमें कुछ असामान्य नहीं है. मैंने खुद कई लोगों को उनकी शादी की पार्टियां दी हैं.'
रिपोर्ट के मुताबिक, क्रेमलेव ने उन निजी द्वीपों में से एक को किराए पर लेने का खर्च उठाया था, जहां ट्रंप परिवार और उनके दोस्त शादी के जश्न में शामिल हुए थे. जिस जगह ये वेडिंग सेरिमनी हुई उस आईलैंड का किराया करीब 1 लाख डॉलर प्रति रात तक हो सकता है. ट्रंप जूनियर का फंक्शन कई दिनों तक चला था. क्रेमलेव ने पार्टी से जुड़े तमाम अन्य खर्चे भी उठाए थे. इनमें आतिशबाजी का प्रदर्शन भी शामिल था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार डॉलर बताई गई है.