रुबियो-बेसेंट समेत ट्रंप के कई सहयोगी पुराने 'घरों' में शिफ्ट, वॉशिंगटन डीसी में सुरक्षित ठिकानों का नया ट्रेंड
डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी वॉशिंगटन डीसी के पुराने सैन्य परिसरों में रहने को तरजीह दे रहे हैं. करीब आधा दर्जन हाई प्रोफाइल लोग ऐसे सुरक्षित आवासों में रह रहे हैं, जो उनके लिए नहीं बनाए गए थे. बदली वैश्विक परिस्थितियों में गहराए सुरक्षा खतरों के बीच ये ट्रेंड सोशल मीडिया की सुर्खियां बटोर रहा है.
इधर ट्रंप अमेरिका को फिर से महान बनाने के नाम पर विदेश नीति और कूटनीति के गियर बदलते हुए कैपिटल सिटी वाशिंगटन डीसी के सिस्टम को नए सिरे से ढाल रहे हैं, दूसरी ओर उनके तमाम करीबी अपनी सेटिंग बैठाते हुए लक्जरी और आलीशान घरों को छोड़कर सुरक्षित सैन्य ठिकानों में शिफ्ट हो रहे हैं. वाशिंगटन डीसी में बने ऐसे तमाम पुराने घर बेहद डिमांड में हैं, जो एक सदी से भी ज्यादा पुराने होने के साथ बेहद मजबूत और प्राइवेसी के हिसाब से भी एकदम मुफीद हैं. ये आवास कड़े नियंत्रण वाले गेटों के पीछे हैं और देश की राजधानी के बाकी हिस्सों से पूरी तरह घिरे या अलग-थलग हैं.
किसके लिए बने थे ये खास घर?
करीब एक सदी पहले इन सुरक्षित ठिकानों को मूल रूप से अमेरिकी फौज के शीर्ष जनरलों और अन्य बड़े सैन्य अधिकारियों के रहने के लिए खास तौर से डिजाइन किया गया था. अब इन्हीं आवासों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट के कई सदस्य रहते हैं. उनका कहना है कि शहर की किसी भी अन्य लोकेशन की तुलना में, यहां रहना उन्हें ज्यादा सुरक्षित होने का अहसास कराता है.
ये मामला इसलिए भी सुर्खियां बटोर रहा है क्योंकि ट्रंप कैबिनेट के यहां शिफ्ट होने का आंकड़ा ऐतिहासिक रूप से बहुत ज्यादा है, क्योंकि पिछले कई राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में शायद ही कभी कोई सिविलियन अधिकारी या मिनिस्टर यहां रहने आया होगा.
सीएनएन की रिपोर्ट से जुड़े तार
वाशिंगटन की प्राइम लोकेशन छोड़कर यहां रहने आ रहे नेता और अफसर भले ही इसे शांति और सुकून के लिहाज से बेहतर जगह बता रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर बहुत से लोग ऐसे हैं जो ट्रंप कैबिनेट के इस फैसले को सीएनएन में प्रकाशित उस रिपोर्ट से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें अमेरिकी शहरों पर ईरान के डर्टी बम या केमिकल बम अटैक का खतरा बताया गया था.
(खबर अपडेट हो रही है....)