)
Russia New Nuclear Powered Submarine: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार ( 27 नवंबर 2026) को उत्तर-पश्चिमी शहर सेवेरोडविंस्क में देश की नई न्यूक्लियर पावर्ड सबमरीन 'पर्म' के ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लिया. रूसी राष्ट्रपति ने इस मौके पर बोलते हुए कहा कि रूस दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से एक है, जो इतनी शक्तिशाली परमाणु पनडुब्बियां बनाने में सक्षम हैं.
पुतिन ने अपने इस नए हथियार को वैश्विक लेवल पर सबसे ज्यादा महत्व रखने वाला हथियार बताया. न्यूक्लियर पावर्ड सबमरीन 'पर्म' यासेन-एम क्लास की पांचवीं परमाणु-संचालित पनडुब्बी है. यह पिछले 6 सालों में रूस के बेड़े में शामिल हुई है.
पुतिन ने यह भी बताया कि साल 2030 तक रूसी नौसेना को 5 और मिसाइल ले जाने वाली सबमरीन सौंपी जाएंगी, जिनमें यासेन एम क्लास की 3 सबमरीन होंगी. उन्होंने कहा,'हम अपनी नौसेना, जिसमें हमारी सबमरीन आर्मी भी शामिल है उसे विकसित और बेहतर बनाना जारी रखेंगे. हमारी योजनाओं के मुताबिक, सेवमाश शिपयार्ड में कई तरह की न्यूक्लियर पावर्ड सबमरीन का प्रोडक्शन चल रहा है. साल 2030 तक नौसेना को 5 मिसाइल ले जाने वाली सबमरीन सौंपी जाएंगी, जिनमें यासेन एम क्लास की 3 पनडुब्बियां शामिल हैं.'
पुतिन की सेवेरोडविंस्क यात्रा के बीच क्रेमलिन के प्रतिनिधि और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने अपने देश में परमाणु हथियारों की अहमियत पर जोर दिया. 'UNN' की रिपोर्ट के मुताबिक, पेस्कोव ने कहा कि रूस दुश्मनों से घिरा हुआ है. ऐसे में परमाणु हथियार ही उसकी सुरक्षा की मुख्य गारंटी हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए रूस की न्यूक्लियर फोर्स हर दिन अपनी अहमियत साबित कर रही है. पेस्कोव का यह बयान पुतिन की सेवेरोडविंस्क यात्रा के दौरान आया.
रूसी सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरमैन दिमित्री मेदवेदेव ने इस हफ्ते की शुरुआत में चेतावनी दी कि अगर पश्चिमी देश यूक्रेन को मास डिस्ट्रक्शन के वेपन देते हैं, तो रूस पहले परमाणु हमला कर सकता है. वहीं, अक्टूबर 2026 में पुतिन ने खुद धमकी दी थी कि अगर कलिनिनग्राद क्षेत्र या रूस के अन्य इलाकों पर हमला होता है, तो वे अपने पास मौजूद सभी हथियारों का इस्तेमाल करेंगे. वहीं, इससे एक दिन पहले अमेरिका के विशेष दूत जेरेड कुशनर ने बताया कि अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान पुतिन ने वाशिंगटन को भरोसा दिलाया कि उनका यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने का कोई इरादा नहीं है.