SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चीन से टेक वॉर के बीच ट्रंप का बड़ा दांव, बनाई 'Super Intelligence Force'; अब AI नहीं, अगली महाबली तकनीक पर नजर

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को AI के क्षेत्र में वैश्विक बढ़त दिलाने के लिए 'सुपर इंटेलिजेंस फोर्स' के गठन का ऐलान किया है. इस बड़े कदम और इसके असर से जुड़ी पूरी खबर पढ़ें.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Oct 04, 2026, 19:36 IST | Updated: Oct 04, 2026, 19:40 IST
Image Credit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुपर इंटेलिजेंस को लेकर संघीय सरकार के प्रयासों में तालमेल बनाने के लिए ‘सुपर इंटेलिजेंस फोर्स’ (SIF) के गठन का ऐलान किया है.
Join

अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी बढ़त की लड़ाई अब सिर्फ AI तक सीमित नहीं रह गई है. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने इस मुकाबले को एक कदम आगे ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में अमेरिका ने 'सुपर इंटेलिजेंस फोर्स' बनाने का फैसला किया है. इसका मकसद ऐसी तकनीकों पर काम करना है, जो मौजूदा AI से भी आगे की क्षमताएं हासिल कर सकें. अमेरिका लंबे समय से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में चीन को पीछे रखने की कोशिश कर रहा है. लेकिन अब फोकस सिर्फ बड़े AI मॉडल, चिप्स और डेटा सेंटर तक नहीं है.

अमेरिकी रणनीति का अगला चरण ऐसी सुपर इंटेलिजेंस विकसित करने पर है, जो इंसानों की सोचने और समस्या हल करने की क्षमता से कहीं आगे जा सके. चीन ने AI, सेमीकंडक्टर और क्वांटम तकनीक में तेजी से अपनी क्षमता बढ़ाई है. इससे अमेरिका पर तकनीकी बढ़त बनाए रखने का दबाव बढ़ा है. ट्रंप प्रशासन का नया कदम इसी प्रतिस्पर्धा का हिस्सा माना जा रहा है.

'सुपर इंटेलिजेंस' क्यों अहम है?

सुपर इंटेलिजेंस को ऐसी अपडेटेड AI क्षमता के तौर पर देखा जाता है, जो इंसानों से बेहतर तरीके से जटिल समस्याओं का विश्लेषण करके उसका समाधान कर सके. अगर यह तकनीक व्यावहारिक रूप ले लेती है, तो इसका असर रक्षा, साइबर सुरक्षा, विज्ञान, अर्थव्यवस्था और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों पर पड़ सकता है. अब तक AI को तकनीकी दौड़ का सबसे अहम मोर्चा माना जा रहा था. लेकिन Super Intelligence पर जोर यह संकेत देता है कि अमेरिका अगली पीढ़ी की तकनीकी बढ़त के लिए अभी से तैयारी करना चाहता है. इस दौड़ में अमेरिका और चीन के बीच मुकाबला आने वाले वर्षों में और तेज होने की संभावना है.

सरकार और टेक कंपनियों के बीच तालमेल

ट्रंप के मुताबिक, SIF का काम यह सुनिश्चित करना होगा कि सुपर इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अमेरिका दुनिया में अपनी बढ़त बनाए रखे. उन्होंने सुपर इंटेलिजेंस को औद्योगिक क्रांति और इंटरनेट से भी बड़े बदलाव के रूप में बताया. सरकार का कहना है कि इस तकनीक का इस्तेमाल अमेरिकी नागरिकों के हितों की रक्षा और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा. सुपर इंटेलिजेंस फोर्स उपभोक्ताओं, जनहित संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे से जुड़े संस्थानों और सुपर इंटेलिजेंस कंपनियों के साथ संघीय सरकार के संपर्क को समन्वित करेगी.

किन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी?

SIF का नेतृत्व राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन, फेडरल ट्रेड कमीशन के चेयरमैन एंड्रयू फर्ग्यूसन, रिसर्च एंड इंजीनियरिंग के लिए अंडर सेक्रेटरी ऑफ वॉर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर एमिल माइकल तथा ऑफिस ऑफ पर्सनल मैनेजमेंट के निदेशक स्कॉट कुपोर करेंगे. फोर्स सीधे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीफ ऑफ स्टाफ सुसी वाइल्स को रिपोर्ट करेगी. ट्रंप ने बयान के अंत में कहा कि इस पहल का उद्देश्य सुपर इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अमेरिका की स्थिति मजबूत करना और इसके लाभों को अमेरिकी नागरिकों तक पहुंचाना है.

क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप?

सुपर इंटेलिजेंस पर ऐतिहासिक व्हाइट हाउस समझौते के बाद, जिसमें दुनिया की सबसे अहम टेक्नोलॉजी कंपनियां एक साथ आईं और अमेरिकी लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पक्का किया. ट्रंप ने आगे कहा, 'हम 'सुपर इंटेलिजेंस फोर्स' (SIF) बनाने का ऐलान कर रहे हैं. सुपर इंटेलिजेंस फोर्स का काम फेडरल सरकार की कोशिशों में तालमेल बिठाना है ताकि यह पक्का किया जा सके कि अमेरिका सुपर इंटेलिजेंस के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करता रहे. कई लोगों का कहना है कि यह इंडस्ट्रियल रेवोल्यूशन और इंटरनेट से भी बड़ी चीज है और इससे सभी अमेरिकियों के हितों की रक्षा होगी और उनके जीवन में सुधार आएगा.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES