स्पेन में वोटिंग: ट्रंप से टकराने वाले स्पेन के वामपंथी PM सांचेज खुद क्यों फंस गए? सर्वे में दक्षिणपंथी लहर की बयार
स्पेन में आम चुनावों के लिए आज वोटिंग हो रही है. इस चुनाव को यूरोप में दक्षिणपंथ की ओर बढ़ते राजनीतिक रुझान की परीक्षा माना जा रहा है. आने वाले दिनों में यूरोप के कई देशों में चुनाव होंगे. प्री पोल सर्वे में विपक्षी राजनीतिक दल कंजरवेटिव पीपुल्स पार्टी और Vox के गठबंधन को बहुमत और प्रधानमंत्री सांचेज की पार्टी PSOE की सत्ता से विदाई के आसार नजर आ रहे हैं.
स्पेन की सत्ता बीते आठ साल से वामपंथी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के हाथों में हैं. हालांकि चुनाव पूर्व हुए सर्वेक्षणों यानी प्री पोल में नतीजों के बाद देश में नई सरकार आ सकती है. प्री पोल सर्वे में कंजरवेटिव पीपुल्स पार्टी के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने का अनुमान जताया गया है. ऐसा हुआ तो सांचेज के आठ साल के वामपंथी शासन का अंत हो जाएगा. आपको बताते चलें कि यूरोप में वामपंथी नेता सांचेज की गिनती अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के धुर-विरोधी और मुखर आलोचकों की सूची में पहले पायदान पर होती है.
पेड्रो सांचेज के लिए प्रतिष्ठा का सवाल
इस बार के चुनावों में वामपंथी प्रधानमंत्री सांचेज की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है. ऑस्कर विजेता फिल्म डायरेक्टर समेत स्पेन के तमाम सेलिब्रेटीज को चुनाव प्रचार में उतारकर सांचेज ने जनादेश जीतने का दांव चला था, जो सर्वेक्षणों के मुताबिक फेल होता नजर आ रहा है. हालांकि प्री पोल सर्वे के नतीजे सही साबित हुए तो भी रूढ़िवादी पीपुल्स पार्टी को देश की नई सरकार बनाने के लिए अप्रवासी विरोधी धुर दक्षिणपंथी पार्टी वॉक्स के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, इस बात की संभावना भी बनी हुई है कि वोटों की गिनती के बाद त्रिशंकु संसद सामने आए. यानी दक्षिणपंथी गठबंधन और वामपंथी गठबंधन, दोनों में किसी को भी सरकार बनाने के लिए बहुमत ना मिल पाए.
प्रदर्शनों के चलते खतरे में पड़ी कुर्सी!
सांचेज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तक ये कहते नजर आए कि जब यूरोपीय संघ के दूसरे देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे थे, तब स्पेन की अर्थव्यवस्था ने बेहतर प्रदर्शन किया. चुनावी कैंपेन में उन्होंने अपनी सरकार की उन नीतियों का भी जिक्र किया, जिनके तहत स्पेन में सैलरी और न्यूनतम मजदूरी बढ़ने के साथ महंगाई से परेशान बुजुर्गों की पेंशन में इजाफा हुआ.
हालांकि, प्रदर्शनकारियों के मुकाबिक उनकी ये कोशिश ऊंट के मुंह में जीरे के समान थी. क्योंकि लोगों की सारी सैलरी तो मात्र घरों का किराया देने में चली जा रही है. यानी स्पेन के लोगों को सांचेज सरकार की इन तमाम कोशिशें से ज्यादा राहत नहीं मिली. जनता को लगता है कि आर्थिक विकास का फायदा आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है. घरों के किराये आसमान छू रहे हैं और बड़ी तादाद में युवा अपने माता-पिता का घर छोड़कर अलग रहने में सक्षम नहीं हैं.
वामपंथियों से इमोशनल अपील, दक्षिणपंथियों का दिखाया हौवा
चुनावी प्रचार का वक्त खत्म होने तक सांचेज वामपंथियों मतदाताओं से इमोशनल अपील करते रहे. अपनी आखिरी रैली में उन्होंने कहा, 'ये चुनाव स्पेन को आगे ले जाने के लिए है, न कि पीछे धकेलने के लिए. दक्षिणपंथी गठबंधन के सत्ता में आने से वर्षों की सामाजिक प्रगति पर पानी फिर जाएगा और सार्वजनिक सेवाओं को भारी नुकसान पहुंचेगा. ऑस्कर पुरस्कार विजेता स्पेनिश फिल्म निर्देशक पेड्रो अल्मोदवार भी सांचेज की चुनावी रैली में मौजूद रहे.
पीपुल्स पार्टी के नेता फेइखू का बड़ा बयान
पीपुल्ल पार्टी के नेता अल्बर्टो नुनेज फेइखू ने सत्ता पक्ष की 'डर की राजनीति' को खारिज करते हुए कहा, 'सांचेज 'डर का माहौल बनाने' की कोशिश कर रहे हैं. मैं ट्रंप के साथ अच्छे संबंधों का पैरोकार हूं, ताकि देश को इसका फायदा मिले.
बताते चलें कि 2023 के आम चुनाव में फेइखू की पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं, लेकिन वह सरकार बनाने में नाकाम रही थी.
ट्रंप के दिखाए रास्ते पर चलेंगे फेइखू?
फेइखू ने कहा, 'सरकार चलाने का मतलब प्रशासन संभालना है और मैंने पूरी जिंदगी इसी पल की तैयारी में बिताई है. मैं सत्ता में आया तो सख्त प्रवासन नीतियां लागू करके, घुसपैठियों को भगाऊंगा और सीमाओं पर कड़ी निगरानी का इंतजाम करूंगा.'
घुसपैठियों की आएगी शामत
वहीं, वॉक्स पार्टी के नेता सैंटियागो अबास्कल की पार्टी शुरुआत से ही बड़े पैमाने पर अप्रवासियों को देश से निकालने की वकालत करती आई है. अबास्कल ने अपनी रैली में कहा, 'निर्भीक होकर मतदान करें.'
सांचेज और उनकी सरकार को घेरने वाले भ्रष्टाचार के मामलों का जिक्र करते हुए अबास्कल ने कहा, 'हमारा मुकाबला एक आपराधिक माफिया से है, जिसका सरगना एक बेरहम बॉस और झूठा इंसान है.'
यूरोप में दक्षिणपंथ की बयार का लिटमस टेस्ट
इस तरह से देखें तो ये आम चुनाव कई मायनों में अहम हैं. स्पेन के चुनाव को यूरोप में दक्षिणपंथ की ओर बढ़ते राजनीतिक रुझान की एक और परीक्षा माना जा रहा है. आने वाले दिनों में यूरोप के कई और देशों में आम चुनाव होने जा रहे हैं.