)
स्पेन की सत्ता बीते आठ साल से वामपंथी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के हाथों में हैं. हालांकि चुनाव पूर्व हुए सर्वेक्षणों यानी प्री पोल में नतीजों के बाद देश में नई सरकार आ सकती है. प्री पोल सर्वे में कंजरवेटिव पीपुल्स पार्टी के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने का अनुमान जताया गया है. ऐसा हुआ तो सांचेज के आठ साल के वामपंथी शासन का अंत हो जाएगा. आपको बताते चलें कि यूरोप में वामपंथी नेता सांचेज की गिनती अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के धुर-विरोधी और मुखर आलोचकों की सूची में पहले पायदान पर होती है.
इस बार के चुनावों में वामपंथी प्रधानमंत्री सांचेज की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है. ऑस्कर विजेता फिल्म डायरेक्टर समेत स्पेन के तमाम सेलिब्रेटीज को चुनाव प्रचार में उतारकर सांचेज ने जनादेश जीतने का दांव चला था, जो सर्वेक्षणों के मुताबिक फेल होता नजर आ रहा है. हालांकि प्री पोल सर्वे के नतीजे सही साबित हुए तो भी रूढ़िवादी पीपुल्स पार्टी को देश की नई सरकार बनाने के लिए अप्रवासी विरोधी धुर दक्षिणपंथी पार्टी वॉक्स के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, इस बात की संभावना भी बनी हुई है कि वोटों की गिनती के बाद त्रिशंकु संसद सामने आए. यानी दक्षिणपंथी गठबंधन और वामपंथी गठबंधन, दोनों में किसी को भी सरकार बनाने के लिए बहुमत ना मिल पाए.
सांचेज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तक ये कहते नजर आए कि जब यूरोपीय संघ के दूसरे देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे थे, तब स्पेन की अर्थव्यवस्था ने बेहतर प्रदर्शन किया. चुनावी कैंपेन में उन्होंने अपनी सरकार की उन नीतियों का भी जिक्र किया, जिनके तहत स्पेन में सैलरी और न्यूनतम मजदूरी बढ़ने के साथ महंगाई से परेशान बुजुर्गों की पेंशन में इजाफा हुआ.
हालांकि, प्रदर्शनकारियों के मुकाबिक उनकी ये कोशिश ऊंट के मुंह में जीरे के समान थी. क्योंकि लोगों की सारी सैलरी तो मात्र घरों का किराया देने में चली जा रही है. यानी स्पेन के लोगों को सांचेज सरकार की इन तमाम कोशिशें से ज्यादा राहत नहीं मिली. जनता को लगता है कि आर्थिक विकास का फायदा आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है. घरों के किराये आसमान छू रहे हैं और बड़ी तादाद में युवा अपने माता-पिता का घर छोड़कर अलग रहने में सक्षम नहीं हैं.
स्पेन में यह आम चुनाव कई मायनों में अहम हैं. स्पेन के चुनाव को यूरोप में दक्षिणपंथ की ओर बढ़ते राजनीतिक रुझान की एक और परीक्षा माना जा रहा है. आने वाले दिनों में यूरोप के कई और देशों में आम चुनाव होने जा रहे हैं.