अंतरिक्ष से लौटा रॉकेट: टकटकी लगाए देख रहे थे करोड़ों लोग; SpaceX ने ऐसे लपका 'कैच' कि दुनिया रह गई दंग
SpaceX ने स्पेस सेक्टर में एक नया इतिहास रच दिया है. स्पेसएक्स के स्टारशिप ने अंतरिक्ष से धरती तक की अपनी अब तक की सबसे अहम वापसी पूरी की. करीब 22 घंटे की उड़ान और 14 चक्कर लगाने के बाद यान ने वायुमंडल में दोबारा प्रवेश किया और टेक्सास स्थित लॉन्च टावर की विशाल मैकेनिकल आर्म्स के बीच सुरक्षित उतर गया. यह पूरी तरह रीयूजेबल रॉकेट की दिशा में बड़ा कदम है.
बीती रात जब आप गहरी नींद में सो रहे थे. उस समय एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने इतिहास रच दिया. स्पेस सेक्टर जो चमत्कार चंद घंटे पहले हुआ, वो पहले कभी नहीं हुआ था. नासा से लेकर इसरो तक दुनियाभर की एजेंसियों की इस घटनाक्रम पर नजर बनी हुई थी. स्पेस एक्स का यान धरती से लॉन्च होने के बाद अंतरिक्ष में गया. उसने धरती के कई चक्कर लगाए, तस्वीरें खींची और कई घंटे बिताने के बाद वापस उसी लॉन्च पैड पर वापस लौट आया. शिप का वापस आना ही सबसे मुश्किल हिस्सा था, जो कामयाबी से पूरा हुआ. हालांकि इस कामयाबी का मजा उस वक्त फीका हो गया, जब वापसी में बूस्टर फटने से कंपनी का डबल कैच का प्लान फेल हो गया.
ये नजारा किसी क्रिकेट मैच के जैसा था. जैसे कोई बाल हवा में हो और फील्डिंग में लगा खिलाड़ी उसे शानदार तरीके से अपनी हथेलियों में पकड़ लेता है. स्पेसएक्स के मुताबिक बूस्टर के कैच तो पहले भी हो चुके थे, लेकिन स्पेशशिप का ऑर्बिटल स्पीड से वापस आना, वायुमंडल में री-एंट्री करके दबाव झेलना, पलटना और हवा में रुककर आर्म्स में आना ये चमत्कार पहले कभी नहीं हुआ था.
सांसे थामकर लोगों ने देखा दुर्लभ नजारा
स्पेसएक्स के सबसे ताकतवर रॉकेट ‘स्टारशिप 15’ की वजह से ये कामयाबी मिली. इस शिप ने 14 नवंबर को अमेरिका के टेक्सास स्थित स्पेसएक्स के लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी थी. करीब 22 घंटे अंतरिक्ष में रहने के बाद 15 नवंबर को यह वापस लॉन्च टावर पर पहुंचा. भारतीय समय के मुताबिक, यह अंतरिक्ष यान रविवार को तड़के करीब 02:52 बजे वापस लौटा. इस दौरान इसने धरती के करीब 14 चक्कर लगाए.
क्यों अहम था ये प्रोजेक्ट?
एलन मस्क की कंपनी ने मिशन को लेकर जारी किए अपने बयान में कहा कि डबल कैच क्यों मिस हुआ, इसकी जांच कर रहे हैं. ये बड़ी कामयाबी है क्योंकि हमारी इस तकनीक से रॉकेट को रि-यूज यानी बार-बार इस्तेमाल करना संभव होगा. इससे भविष्य की अंतरिक्ष यात्राओं का खर्च कम करने और समय बचाने में मदद मिलेगी.