तीन मिनट तक साउथ कोरिया में मची खलबली, एयरस्पेस में घुस आए पुतिन के जहाज; फिर क्या हुआ?
साउथ कोरिया के एयरस्पेस में कई रूसी विमान घुस आए थे, जिसे लेकर पहले अलर्ट जारी किया गया था. लेकिन, बाद में इनको हटा लिया गया. पहले नागरिकों को जमीन के नीचे बनी इमारतों में शरण लेने के लिए कहा गया था.
साउथ कोरिया ने बताया कि मंगलवार को कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच के समुद्री इलाके में, कई रूसी विमान दक्षिण कोरिया के एयर स्पेस में आ गए थे. न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, सियोल की सेना ने अपने पहले के उस बयान में सुधार किया है, जिसमें कहा गया था कि इन विमानों ने देश के टेरिटोरियल एयरस्पेस का उल्लंघन किया है. इसके बाद जारी किया गया अलर्ट हटा लिया गया.
पहले कहा गया था कि विदेशी विमानों ने दक्षिण कोरिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और आशंका जताई गई थी कि वे रूस या उत्तर कोरिया के हो सकते हैं. सुरक्षा मंत्रालय ने सुबह लगभग 7:52 बजे उल्लेउंग द्वीप के निवासियों को जमीन के नीचे बनी जगहों या इमारतों में शरण लेने का आदेश दिया था, लेकिन तीन मिनट बाद ही यह आदेश वापस ले लिया गया, क्योंकि विमान खतरनाक इलाके से बाहर चले गए थे.
तैनात किए गए थे लड़ाकू विमान
'जॉइंट चीफ्स' ने बताया कि रूसी विमानों के जाने से पहले, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए देश ने अपने लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया था. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि कितने रूसी विमान देखे गए या वे किस तरह के विमान थे.
लगभग 9,000 की आबादी वाले इस द्वीप पर किसी दुर्घटना या बड़ी गड़बड़ी की कोई खबर नहीं है. साल 2022 में उल्लेउंग के लोगों को एक बड़ा डर झेलना पड़ा था, जब उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच तनाव बढ़ने पर उत्तर कोरिया ने समुद्र में 20 से ज्यादा मिसाइलें दागी थीं. उस समय एक मिसाइल द्वीप की ओर आ गई थी, जिसके बाद 'एयर रेड सायरन' बजने लगे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया था.
पहले भी खदेड़े थे जहाज
यह घटना उस घटना के एक हफ्ते बाद हुई है, जब पिछले सोमवार को दक्षिण कोरिया ने अपने लड़ाकू विमानों को भेजकर कई रूसी सैन्य विमानों को खदेड़ा था. दक्षिण कोरिया का कहना था कि ये विमान कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच के समुद्री इलाके में, देश के 'एयर डिफेंस जोन' में कुछ समय के लिए आ गए थे. उसी दिन जापान ने भी मॉस्को के सामने विरोध दर्ज कराया. जापान का कहना था कि दो संदिग्ध रूसी विमान उसके दक्षिण-पश्चिमी तट के पास देश के हवाई क्षेत्र में घुस आए थे.