)
जिस प्लास्टिक वाली दूध की बोतल को खाली होने पर आप कचरे में फेंक देते हैं उससे 300 मीटर की सड़क बन चुकी है. ये कमाल शंघाई के इंजीनियरों ने कर दिखाया है. यहां 6,000 पुरानी मिल्क बॉटल्स को पिघलाकर 300 मीटर लंबी रोड बना दी. जिस पर हर दिन हजारों छात्र पैदल चलते हैं और साइकिल दौड़ा रहे हैं. इस फॉर्मूले को अब अमेरिका में भी आजमाया जा रहा है, हालांकि सवाल यह है कि क्या प्लास्टिक का संकट खत्म होगा या सिर्फ यह एक प्रयोग है? वैज्ञानिकों ने इस तकनीक की असली चुनौतियों को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं.
दरअसल, सबसे पहले बात करते हैं इस सड़क की. आज से 5 साल पहले 22 अप्रैल 2021 को चीन की इस पहली प्लास्टिक सड़क का उद्घाटन किया गया था, जिसे 'डाउ' (Dow) और डेयरी कंपनी 'शाइनी मीडो' (Shiny Meadow) ने ईस्ट चाइना यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की मदद से रेडी किया है.
हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इस सड़क को बनाने की प्रोसेस दिलचस्प है. सबसे पहले 6,000 से ज्यादा पुरानी दूध की बोतलों को टुकड़ों में काटा गया. फिर पिघलाकर डामर में मिलाया गया. डाउ के 'ELVALOY RET' डामर एडिटिव ने इस कचरे को एक टिकाऊ सड़क की सतह में बदल दिया और सड़क तैयार हुई.
हां, लेकिन यह प्रोसेस अक्सर सफल नहीं हो पाती. डाउ कंपनी का कहना है कि बोतलों के अंदर बचा हुआ दूध प्लास्टिक की गुणवत्ता खराब कर देता है. कई रीसाइक्लिंग प्लांट्स के पास इसे संभालने की क्षमता नहीं होती. लिहाजा रीसायकल होने लायक प्लास्टिक भी या तो लैंडफिल में डंप होता है या आग के हवाले कर दिया जाता है. शंघाई के इस प्रोजेक्ट ने रीसाइक्लिंग की नई व्यवस्था भले न बनाई हो, लेकिन रीसायकल न हो सकने वाले प्लास्टिक को सड़क की सतह में बदलकर कचरे के निपटान का एक तरीका जरूर निकाला है.
इस पूरे काम में डाउ कंपनी के डामर एडिटिव का यूज किया गया है. यह तरीका नया और रचनात्मक जरूर है, लेकिन इसके पीछे दोनों कंपनियों का अपना-अपना बिजनेस फायदा भी छिपा है. एक तरफ डाउ को अपना एडिटिव बेचकर मुनाफा होता है, तो दूसरी तरफ शाइनी मीडो को खुद को पर्यावरण हितैषी ब्रांड के तौर पर पेश करने का मौका मिलता है.
प्लास्टिक कचरे को सड़क निर्माण में खपाने का यह फॉर्मूला अब अमेरिका में आजमाया जा रहा है. साल 2025 में 'वर्जीनिया ट्रांसपोर्टेशन रिसर्च काउंसिल' द्वारा जारी एक केस स्टडी में पाया गया कि रीसायकल प्लास्टिक युक्त डामर मिश्रण मजबूती के मामले में पारंपरिक डामर को कड़ी टक्कर देता है. कई बार दरारों व कटाव को झेलने में उससे आगे निकल जाता है. वर्जीनिया के परिवहन विभाग और फेडरल हाईवे एडमिनिस्ट्रेशन की यह पहल दिखाती है कि अब सरकारी एजेंसियां भी जमीनी स्तर पर ऐसी सड़कों के ट्रायल में जुट चुकी हैं.
एक सवाल है कि जब प्लास्टिक को बारीक पीसकर सड़क की सतह में मिलाया जाता है और उस पर रोजाना गाड़ियां दौड़ती हैं, तो घिसाव से निकलने वाले माइक्रोप्लास्टिक्स का क्या होता है? इस सवाल को लेकर पेन स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं की एक टीम ने पड़ताल की थी. अक्टूबर 2026 में 'जर्नल ऑफ क्लीनर प्रोडक्शन' में छपी उनकी स्टडी के नतीजे चौंकाने वाले रहे. लैब में ट्रैफिक और पानी जैसे पर्यावरणीय दबावों के बीच किए गए परीक्षणों में सामने आया कि प्लास्टिक मिला डामर सामान्य डामर के मुकाबले ज्यादा मजबूत है और इससे कुल मिलाकर कम माइक्रोप्लास्टिक्स निकलते हैं.
इस ड्रायल को लेकर वैज्ञानिक किसी जल्दबाजी में नहीं हैं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि उनका परीक्षण सिर्फ एक तरह के प्लास्टिक और डामर पर आधारित था. असली दुनिया में जब सड़कें सालों तक मौसम की मार और ट्रैफिक का बोझ सहती हैं, तो उनका व्यवहार कैसा रहता है, यह अभी जांच का टॉपिक है. वर्जीनिया की रिपोर्ट में भी लंबे समय तक सड़क के घिसने या खराब होने से निकलने वाले माइक्रोप्लास्टिक की मात्रा को लेकर अनिश्चितता जताई गई थी. जाहिर है, 'मिल्क बॉटल रोड' की चमक-दमक भरी खबरों के मुकाबले वैज्ञानिक अपने दावों को लेकर काफी संभलकर चल रहे हैं.
अब सवाल यह है कि क्या इस प्रयोग को देखकर हमें खुश होना चाहिए? इसका जवाब है हां, लेकिन एक सीमा तक. क्योंकि, अकेले अमेरिका में हर साल करीब 3.6 करोड़ टन प्लास्टिक कचरा निकलता है, तो क्या 300 मीटर की एक सड़क इस पूरे पहाड़ को खत्म कर सकती है? बिल्कुल नहीं. इसी तरह, शंघाई का एक फुटपाथ एक मजबूत और बड़े रीसाइक्लिंग सिस्टम की जगह भी नहीं ले सकता, लेकिन इसके दूसरे पहलू को समझना बेहद जरूरी है.
यह ट्रायल एक शुरुआती प्रयोग के तौर पर यह हमें यह जरूर सिखाता है कि जो प्लास्टिक दोबारा इस्तेमाल नहीं हो सकता, उसे कचरे के ढेर में फेंकने या जलाने के बजाय सड़क जैसे काम के ढांचे में बदला जा सकता है. आज की युवा यानी मिलेनियल और जेन-जी पीढ़ी बहुत समझदार है, वह कंपनियों के पर्यावरण के नाम पर किए जाने वाले दिखावे (ग्रीनवॉशिंग) को तुरंत पकड़ लेती है. उनके लिए इस खबर का सीधा मतलब यह नहीं है कि प्लास्टिक की समस्या खत्म हो गई है, बल्कि यह है कि एक उत्साहजनक लेकिन अभी भी प्रयोगात्मक समाधान तलाशा जा रहा है और संतोष की बात यह है कि वैज्ञानिक भी यही बात कह रहे हैं.