)
बिहार के शेखपुरा जिले में एक निजी आवासीय स्कूल से तीन बच्चों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. तीनों बच्चे बंगाली पर मोहल्ले स्थित बिहार बोर्डिंग स्कूल में रहकर पढ़ाई करते थे. शनिवार शाम से उनका कोई पता नहीं चल रहा है. स्कूल प्रबंधन ने काफी तलाश की, लेकिन जब बच्चे नहीं मिले तो उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद परिजनों ने नगर थाने पहुंचकर बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए गुमशुदगी का आवेदन दिया है.
तीसरी और चौथी कक्षा में पढ़ते हैं तीनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक, लापता तीनों बच्चे तीसरी और चौथी कक्षा के छात्र हैं. इनमें दो बच्चे लखीसराय जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक बच्चा शेखपुरा जिले का निवासी है. तीनों की पहचान लखीसराय जिले के कबैया थाना क्षेत्र के महसौना गांव निवासी मनोज राम के बेटे सन्नी कुमार (13), बिरुपुर गांव निवासी प्रदीप महतो के बेटे दुर्गेश कुमार (12) और शेखपुरा जिले के नगर थाना क्षेत्र के पचना गांव निवासी 13 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है.
तीनों बच्चे पढ़ाई के लिए शेखपुरा के बिहार बोर्डिंग स्कूल में रह रहे थे. शनिवार शाम को खेलने के बाद से उनके लापता होने की बात सामने आई है. देर रात तक जब बच्चे स्कूल में नहीं दिखे तो प्रबंधन ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
बच्चों के लापता होने से परिवार परेशान
बच्चों के लापता होने की खबर मिलते ही परिजनों की चिंता बढ़ गई. गायब बच्चों में से एक की मां बबीता देवी ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चे को पढ़ाई के लिए बोर्डिंग स्कूल में रखा था, लेकिन अब उसका कोई पता नहीं चल रहा है. उन्होंने कहा कि परिवार और रिश्तेदारों के बीच भी बच्चे की तलाश की गई, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली. परिजन बच्चों की सकुशल बरामदगी को लेकर परेशान हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने नगर थाने में गुमशुदगी का आवेदन सौंपा है.
स्कूल का CCTV कैमरा भी खराब
बिहार बोर्डिंग स्कूल के प्राचार्य अनुज कुमार ने बताया कि बच्चे खेलने के बाद से लापता हैं. उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल में सुरक्षा के लिहाज से लगाए गए CCTV कैमरे खराब पड़े हैं. ऐसे में बच्चों के लापता होने के मामले में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर तलाश
इस मामले में पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं. हालांकि, ऑफ द रिकॉर्ड मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चों की तलाश के लिए दूसरे थानों को भी सूचना दी गई है. साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी उनकी तलाश शुरू की गई है. फिलहाल परिजन बच्चों के सुरक्षित मिलने का इंतजार कर रहे हैं.
रोहित कुमार की रिपोर्ट