स्पेन जा रही प्रवासियों की नाव समुद्र में पलटी, 39 लोगों की दर्दनाक मौत, कई लापता
यह नाव सेनेगल की राजधानी डकार और उत्तरी शहर सेंट-लुईस के बीच से होकर स्पेन के कैनरी आइलैंड्स जा रही थी. अब तक 39 शव बरामद हुए हैं और सिर्फ एक व्यक्ति को बचाया जा सका है.
स्पेन के कैनरी आइलैंड्स जा रही प्रवासियों की एक नाव सेनेगल के पास समंदर में पलट गई. इस हादसे में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई है. अभी भी कई लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है. अब तक सिर्फ एक ही व्यक्ति को जिंदा बचाया जा सका है. बताया जा रहा है कि यह नाव राजधानी डकार और सेंट-लुईस के बीच डूबी. नाव में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी सही संख्या अभी साफ नहीं हो पाई है.
सेनेगल में प्रवासियों की मदद करने वाले ग्रुप 'बोजा फी' के फाउंडर सालिउ डिउफ ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि अब तक जितने भी शव मिले हैं, वे सभी सेनेगल के नागरिकों के ही हैं. हालांकि, बाकी यात्रियों की पहचान और वे किस देश के हैं, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है.
इस दर्दनाक हादसे पर सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू डियोमाये फेय ने दुख जताया है. उन्होंने सेनेगल के लोगों से अपील की है कि वे ऐसे खतरनाक समुद्री रास्तों पर जाकर अपनी जान जोखिम में न डालें. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान में उन्होंने वादा किया कि अवैध तरीके से लोगों को पार कराने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी. उन्होंने कहा, 'हम इन यात्राओं को ऑर्गनाइज करने वालों के खिलाफ लगातार लड़ते रहेंगे और अपने युवाओं को यहीं देश में बेहतर भविष्य की उम्मीद देने के लिए काम करेंगे.'
जनवई से मई के बीच 635 मौतें
इस हादसे ने एक बार फिर समंदर के रास्ते यूरोप जाने का खतरा की हकीकत को दुनिया के सामने रखा है. यह हादसा यह समझने के लिए काफी है कि प्रवासी अपनी जान जोखिम में डालकर अटलांटिक महासागर पार करते हैं.
स्पेन के प्रवासी अधिकार समूह 'वॉकिंग बॉर्डर्स' (Walking Borders) ने इसे लेकर डराने वाले आंकड़े शेयर किए हैं. जनवरी से मई 2026 के बीच इस रूट पर 635 लोगों की मौत हुई है. ये सभी लोग कैनरी आइलैंड्स जाने की कोशिश कर रहे थे. संस्था जिन भी रास्तों पर नजर रखती है, उनमें सबसे ज्यादा मौतें इसी रूट पर हुई हैं.
आखिर क्यों सेनेगल छोड़ रहे लोग?
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोग सेनेगल क्यों छोड़ रहे हैं? इसकी कोई एक वजह नहीं बल्कि 3 कई कारण हैं. अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के मुताबिक पहला कराण देश में काम-धंधे की कमी, दूसरा कारण परिवार की जिम्मेदारियों का दबाव, और तीसरा कराण पहले से मौजूद माइग्रेशन नेटवर्क. युवाओं को लगता है कि यूरोप जाकर उन्हें अच्छी नौकरी मिलेगी और ज्यादा कमाई होगी. यही उम्मीद उन्हें भीड़भाड़ वाली नावों में जानलेवा सफर करने पर मजबूर कर रही है.
देश की सांख्यिकी एजेंसी के आंकड़े भी इस संकट को साफ दिखाते हैं. 2026 की दूसरी तिमाही में सेनेगल का लगभग हर चौथा युवा बेरोजगार था. यह राष्ट्रपति फेय की सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है. 2024 में वे युवाओं के भारी समर्थन से ही सत्ता में आए थे. ऐसे में अब उन पर युवाओं के लिए देश में ही रोजगार के नए मौके बनाने का भारी दबाव है.
एक दूसरी नाव से 142 प्रवासियों को रोका गया
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में सेनेगल के अधिकारियों के हवाले से बताया कि उन्होंने शुक्रवार को एक और नाव को बीच में ही रोक लिया था. इस कार्रवाई में स्पेन जा रहे 142 प्रवासियों को सुरक्षित बचा लिया गया. नाव में सवार लोगों में 23 महिलाएं, दो नवजात और दो अन्य बच्चे भी शामिल थे. पुलिस के मुताबिक, ये सभी यात्री सेनेगल, गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ, गिनी और नाइजीरिया के रहने वाले थे.
स्पेन के एल हिएरो में इमरजेंसी घोषित
पिछले कुछ समय से अटलांटिक के इस खतरनाक रास्ते से स्पेन के कैनरी आइलैंड्स पहुंचने वाले प्रवासियों की संख्या अचानक बहुत बढ़ गई है. हालात को देखते हुए स्पेन के एल हिएरो (El Hierro) द्वीप के अधिकारियों ने शनिवार को वहां इमरजेंसी (आपातकाल) घोषित कर दी. नवंबर की शुरुआत से ही करीब 30 नावों में 3,300 से ज्यादा प्रवासी यहां पहुंच चुके हैं.
हैरानी की बात यह है कि यह संख्या इस पूरे द्वीप की आबादी के करीब एक-तिहाई के बराबर है. पश्चिम अफ्रीका से समुद्र के रास्ते यूरोप जाने वालों के लिए एल हिएरो एक बड़ा एंट्री पॉइंट है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, कैनरी आइलैंड्स की क्षेत्रीय सरकार के अध्यक्ष फर्नांडो क्लाविजो ने इस स्थिति को 'पूरी तरह से बर्दाश्त से बाहर' बताया है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के तरबेला डैम पर बांध टूटा, मच सकती थी बड़ी तबाही; चीनी प्रोजेक्ट पर लगा ताला!