बोर्डिंग के लिए लाइन में खड़े थे लोग, तभी एयरपोर्ट पर गिरी मिसाइल: रियाद हवाई अड्डे पर हमले का वीडियो आया सामने; भारत ने एडवाइजरी जारी की
सऊदी अरब के रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को हूती विद्रोहियों ने मिसाइल से हमला किया. इस हमले में एक भारतीय समेत 12 लोगों की जान गई है और 300 से अधिक लोग घायल हैं. रियाद के हवाई अड्डे पर हुए हमले का एक वीडियो भी सामने आया है.
पश्चिम एशिया में जारी भीषण जंग कब खत्म होगी, इसको लेकर कुछ भी कह पाना मुश्किल है. ऐसा लग रहा है पश्चिम एशिया का युद्ध अब सउदी पर शिफ्ट हो चुका है. शनिवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों ने हमला कर दिया. धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और आसमान में धुएं का गुबार नजर आया.
इस हमले में कम से कम 12 लोगों की जान गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए. हमले के बाद हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. बताया गया कि हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की रविवार को मौत हो गई. वहीं, मृतकों में 4 सऊदी के नागरिक, 2 बांग्लादेशी, अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, फिलिस्तीन समेत अन्य देशों के नागरिक शामिल थे. इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जो वास्तव में डरा देने वाला है.
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले का लाइव वीडियो
बता दें कि शनिवार को रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले का एक वीडियो भी सामने आया है. माना जा रहा है कि हूतियों की ओर से यह अभी तक का सबसे घातक हमला है, जो सऊदी अरब के किसी एयरपोर्ट पर किया गया. बताया जा रहा है कि ईरानी समर्थित यमन के हूती संगठनों ने सऊदी अरब के अलग-अलग हिस्सों में किए गए हमलों की जिम्मेदारी भी ली है. यमन के हूतियों ने ही सऊदी के इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली. इस बीच सामने आए हमले के वीडियो ने लोगों को डरा दिया.
अल-अरबिया ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कल हुए हूथी हमले के समय का फुटेज दिखाया है; इसमें हमले से पहले अपनी उड़ानों में सवार होने की तैयारी कर रहे उमरा यात्री भी दिखाई दे रहे हैं। https://t.co/dG9wmdOC96
— Abhinav Tripathi🇮🇳 (@abhinavthink) October 12, 2026
सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि यात्री विमान में सवार होने के लिए तैयारी कर रहे थे और कुछ लोग वेटिंग एरिया में बैठे नजर आ रहे हैं. ठीक इसी समय रियाद के एयरपोर्ट पर हूती हमला होता है. ब्लास्ट होते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को मिली. जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागना शुरू कर देते हैं.
हूतियों ने कहा- जारी रहेंगे हमले
हैरान करने वाली बात है कि हूतियों ने सऊदी अरब के ट्रांजिट हब को निशाना बनाना जारी रखने की धमकी भी दी है. हूतियों की ओर से अपनी सेनाओं के लिए इन ठिकानों को ऑपरेशन का इलाका करार दिया गया. रियाद एयरपोर्ट पर हुए इस हवाई हमले के बाद यमन के हूती ग्रुप से लड़ रहे सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से बताया गया कि किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक प्रोजेक्टाइल गिरा, जिससे आग लग गई. हालांकि, एयर डिफेंस सिस्टम ने पास में ही एक मिसाइल को रोका भी.
एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद
रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले के बाद इस एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. ट्रैकिंग साइट Flightradar24 की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया गया कि एयरपोर्ट को फिलहाल 24 घंटे के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने रविवार को भी सऊदी के कई इलाकों में धमाके अवाजें सुनने का दावा किया. रियाद के रहने वाले एक नागरिक ने कहा कि अवाज के बाद पक्षी घबरा गए, पूरा घर हिल गया.
तेलंगाना के रहने वाले शख्स की मौत
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में जिस भारतीय नागरिक की मौत हुई, उसकी पहचान तेलंगाना के मेहदीपत्तनम के रहने वाले मोहम्मद युसूफ अली के तौर पर हुई है. एआईएआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वह पीड़ित के परिवार के साथ लगातार संपर्क में बने हैं. ओवैसी ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि रियाद में हुए हमले में यूसुफ साहब का निधन हो गया है. उनके बेटे के घुटने का ऑपरेशन हो रहा है, एक और बेटा अस्पताल में है और उसके पैर की 3 उंगलियां कट गई हैं. उनकी बेटी और पत्नी सुरक्षित हैं.
उन्होंने बताया कि पीड़ित की चाची भी उनके साथ थीं, उनके सिर में चोट आई है, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं. मैं रियाद में यूसुफ के जीजा के संपर्क में हूं और DCM ने मुझे भरोसा दिलाया है कि वे उनका ध्यान रख रहे हैं. ओवैसी ने विदेश मंत्रालय से अपील करते हुए कहा कि परिवार को संभव मदद दी जानी चाहिए.
भारत ने जारी की एडवाइजरी
रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूतियों के हमले में घायल एक भारतीय शख्स की मौत के बाद रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी की है. इस एडवाइजरी के अनुसार, जो भी लोग रियाद या आसपास के इलाकों में रहते हैं, उन्हें घर के भीतर ही रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा स्थिति को देखते हुए सावधान रहने की बात भी कही गई है.
यह एजवाइजरी ऐसे समय पर आई है, जब रियाद एयरपोर्ट पर शनिवार को हुए यमन के हुतियों के मिसाइल हमले में एक भारतीय की मौत हो गई थी. बताया जाता है कि हमले में 11 भारतीय घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह भी पढ़ें: हम्माल फोर्स की हुंकार, पाकिस्तानी सेना पर BLA का सीधा प्रहार; 13 जवानों को मारने का दावा
यह भी पढ़ें: क्या हमलावर हम्मामी से मिले हुए थे क्रू मेंबर्स? फ्लाईदुबई पर उठे सवाल, यात्री के दावे से हड़कंप