SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सड़कें सुनसान, रेलवे स्टेशन वीरान और पुलिस थानों में भी कामकाज ठप... बांग्लादेश में आवामी लीग ने लगाया फुल 'लॉकडाउन'

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी ने 27 और 28 नवंबर को दो दिवसीय फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है. पूरे देश में इस फुल लॉकडाउन का असर देखने को मिल रहा है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतरकर हिंसक प्रदर्शन कर रहे हैं.

Written By K. Raj Mishra
Published: Nov 27, 2026, 12:10 IST | Updated: Nov 27, 2026, 12:45 IST
Image Credit: बांग्लादेश में आवामी लीग ने लगाया फुल 'लॉकडाउन' (AI तस्वीर)
Join

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर सियासी बवाल और हिंसक प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. हसीना की पार्टी अवामी लीग ने अपने नेता की वापसी और पार्टी पर लगे बैन को हटाने की मांग को लेकर दो दिवसीय फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है. लॉकडाउन के पहले दिन यानी आज (शुक्रवार, 27 नवंबर) हजारों की संख्या में अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतरे. कई जिलों में हसीना के समर्थकों ने सड़कों पर जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया. कुछ जिलों में काफी उग्र प्रदर्शन की खबरें भी आई हैं. इस बीच तारिक रहमान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज को विकास के लिए मिलने वाले पैसे पर रोक लगा दी है. सरकार के इस फैसले के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है.

सरकार ने गोपालगंज की विकास राशि रोकी

बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने गोपालगंज जिला परिषद, उपजिला परिषद, नगरपालिकाओं और यूनियन परिषदों को मिलने वाली तीसरी किस्त को रोक दिया है. रिपोर्ट में कहा गया कि आमतौर पर इन निकायों को साल में चार किस्तों में पैसा दिया जाता है. रिपोर्ट के अनुसार, यह किस्त जनवरी से मार्च 2027 के बीच मिलनी थी. वहीं, ढाका ट्रिब्यून ने गाजीपुर में पुलिस और कपड़ा श्रमिकों के बीच झड़प होने की बात कही है. श्रीपुर में हुई इस हिंसक झड़प में कालियाकैरे सर्कल के ASP मो. शफीकुल इस्लाम समेत कई पुलिसकर्मी घायल होने की बात सामने आई है.

गाजीपुर में पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

चश्मदीदों के अनुसार, आस-पास की कई फैक्ट्रियों के मजदूरों ने ढाका-मयमनसिंह राजमार्ग पर जाम लगा दिया. इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया. इससे मजदूर प्रदर्शनकारी भड़क गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. मजदूरों की ओर से कथित तौर पर पुलिस पर ईंटें फेंकी गईं, जिसमें एएसपी शफीकुल इस्लाम और कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए.

ट्रेनें रोकीं, पुलिस थानों में काम ठप! 

गोपालगंज जिले में कई ट्रेनों को रोक दिया गया है. इसके अलावा दो पुलिस स्टेशनों में प्रदर्शनकारियों ने हमला किया है. 'द डेली स्टार' ने इन खबरों की पुष्टि की है. 'द डेली स्टार' के मुताबिक, जिले में 17 नवंबर को हुई हिंसा मामले में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने 'स्पेशल पावर्स एक्ट' के तहत 8 लोगों पर नामजद और 5000 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. BGB सेक्टर मुख्यालय के नायब सूबेदार मो. शौकत हुसैन ने 23 नवंबर को तुंगीपाड़ा थाने में यह मामला दर्ज कराया है. 

FIR में कहा गया कि 17 नवंबर को शाम करीब 7:30 बजे निलफा खालेक बाजार में कुछ लोगों ने गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होकर देसी बम फोड़े और BGB कर्मियों को उनके आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने से रोका. आरोप यह भी है कि ड्यूटी पर तैनात BGB कर्मियों पर उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया गया, जिसमें कुछ कर्मी मामूली रूप से तो कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए.

ये भी पढ़ें- 'दिसंबर में केवल ठंड आएगी, हसीना नहीं', बांग्लादेश के मंत्री के बड़े बोल; भारत संग गंगा जल संधि पर क्या कह दिया?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES