)
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आसिफ मुनीर के उल्टे दिन शुरू हो गए हैं और वह दिन दूर नहीं जब पाकिस्तानी सेना को वहां से दुम दबाकर भागना पड़ेगा. दरअसल, पाकिस्तानी सेना हमेशा से अपने हिस्से वाले कश्मीरियों पर जुल्म ढाती रही है, लेकिन अब बर्दाश्त की सारी हदें पार हो चुकी हैं. पाक सेना की ज्यादती के खिलाफ अब युवाओं ने मोर्चा खोल दिया है. पीओके में पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष आसिम मुनीर और पाक पीएम शहबाज शरीफ के खिलाफ बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर चुके हैं. इसी कड़ी में पीओके की एक छोटी बच्ची ने आसिम मनीर को ललकारते हुए पाक सेना की आतंकियों से सांठ-गांठ की पोल खोल दी. छोटी बच्ची ने आसिम मुनीर को बुजदिल और दहशतगर्द बताते हुए जमकर लताड़ लगाई. अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है.
आसिम मुनीर को बच्ची ने लताड़ा
वायरल वीडियो में बच्ची कह रही है कि मैं नवाज शरीफ, शहबाज शरीफ, मरियम नवाज, आसिम मुनीर और फैसल राठौड़ को यह कहना चाहती हूं कि आप लोग कान खोल के हमारी बात सुन लें, हम लोग डरने वाली कौम में से नहीं हैं. बच्ची ने पाक सेनाध्यक्ष आसिम मुनीर को लताड़ते हुए कहा कि तुम बहुत बुजदिल हो. तुम दहशतगर्द हो और तुम्हारी यह काली करप्ट सी रेंजर भी दहशतगर्द है.
PoK में पाक सेना के उल्टे दिन शुरू!
बच्ची ने आगे कहा कि मैं आसिम मुनीर साहब को यह कहना चाहती हूं कि हम तुम और तुम्हारी बुजदिल-दहशतगर्द रेंजर्स के खिलाफ लड़ के दिखाएंगे. उसने कहा कि अभी लड़ने का टाइम नहीं आया, लेकिन जब आएगा, तो हम लड़ना भी जानते हैं इंशाअल्लाह. हम लड़ के दिखाएंगे तुम कातिल फोर्सेस के खिलाफ.
JKJAAC की अगुवाई में हो रहे प्रदर्शन
बता दें कि पीओके में पाकिस्तानी सेना के कथित अत्याचारों, सरकारी दमनकारी नीतियों और हिंसात्मक कार्रवाई के खिलाफ बड़े पैमाने पर छात्र सड़कों पर उतर चुके हैं. 'जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी' (JKJAAC) की अगुवाई में मुजफ्फराबाद, मीरपुर, कोटली और धीरकोट जैसे शहरों में जोरदार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं.
हाल ही में मीरपुर यूनिवर्सिटी के छठे स्टूडेंट एक्सपो में पाकिस्तान सेना के खिलाफ नारेबाजी देखने को मिली थी. इसी तरह से धीरकोट में छात्रों ने पाकिस्तानी सेना के कथित अत्याचार और क्रूरता के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था. अब छोटी बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इन घटनाओं से साफ जाहिर होता है कि पीओके के युवाओं में पाक सेना के खिलाफ कितना गुस्सा है.