SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बैंक घोटाला पड़ा भारी: पद से हटाए गए पैराग्वे के राष्ट्रपति पेना, अपने ही घर में किए गए 'हाउस अरेस्ट'

यूएनो बैंक घोटाले के आरोप में महाभियोग का सामना कर रहे पराग्वे की सीनेट ने राष्ट्रपति सैंटियागो पेना को पद से हटाने का फैसला लिया है और उनको उनके ही घर में 'हाउस अरेस्ट' (नजरबंद) कर दिया गया है.

Written By Sumit Rai
Published: Nov 07, 2026, 11:41 AM IST | Updated: Nov 07, 2026, 11:46 AM IST
Image Credit: सैंटियागो पेना को उनके ही घर में 'हाउस अरेस्ट' कर दिया गया है.
Join

पराग्वे की राजनीति में एक बड़ा भूचाल आ गया है, जहां देश की सीनेट ने एक बड़े बैंकिंग घोटाले के मामले में सख्त कदम उठाते हुए राष्ट्रपति सैंटियागो पेना को उनके पद से हटा दिया है. बैंक के डूबने और उससे जुड़े गंभीर घोटालों के बाद राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई चलाई गई थी, जिसके तहत सीनेट में हुए मतदान में उपस्थित सभी 44 सीनेटर्स ने उन्हें हटाने के पक्ष में मतदान किया.

पद से हटाए जाने के तुरंत बाद स्थानीय अभियोजकों के आदेश पर सैंटियागो पेना को उनके ही घर में 'हाउस अरेस्ट' (नजरबंद) कर दिया गया है. सैंटियागो पेना पर पराग्वे के बड़े बैंक यूएनो के डूबने के बाद बैंक से जुड़े हितों के टकराव, नियमों में हेरफेर, सरकारी पैसे के गलत इस्तेमाल और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे.

महाभियोग से बचने के लिए इस्तीफा भी दिया, लेकिन...

महाभियोग की प्रक्रिया से बचने के लिए सैंटियागो पेना ने अपना इस्तीफा भी सौंपा था, जिसे सीनेट ने खारिज कर दिया. इस ऐतिहासिक कार्रवाई के बाद से पराग्वे में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. पराग्वे के संविधान के अनुसार, लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए पूर्व राष्ट्रपतियों को सीनेट में आजीवन सीट और संसदीय छूट मिलती है, बशर्ते उन्हें महाभियोग की सुनवाई में दोषी न ठहराया गया हो. इसलिए, पेना को पद से हटाए जाने के कारण वे इन विशेषाधिकारों से वंचित हो गए हैं.

महाभियोग से बचने के लिए पेना ने गुरुवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था. सीनेट ने उनके इस्तीफे के खिलाफ 24-20 से मतदान किया, लेकिन कांग्रेस के संयुक्त सत्र में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, क्योंकि सांसदों के सदन से बाहर चले जाने के कारण कोरम (कार्यवाही के लिए जरूरी न्यूनतम संख्या) पूरा नहीं हो पाया. 'चैंबर ऑफ डेप्युटीज' (निचले सदन) ने पेना के खिलाफ महाभियोग के आरोपों को मंजूरी दे दी थी, जिससे सीनेट में उनके खिलाफ सुनवाई का रास्ता साफ हो गया.

पेना ने अपना बचाव में बात रखने के लिए और समय मांगा था. उनका तर्क था कि उन्हें महाभियोग के आरोपों की जानकारी गुरुवार देर रात ही मिली थी. बाद में सीनेट ने कहा कि पेना अपना बचाव पेश करने के लिए उपस्थित नहीं हुए और इसके बाद सीनेट ने सबूतों की समीक्षा शुरू कर दी. हालांकि, बाद में उनके बचाव पक्ष के वकील कांग्रेस पहुंच गए.

ये भी पढ़ें- अरबों का साथ, फिर किसने रोका आइजेनकोट का हाथ: इजरायल में सियासी खिचड़ी; कौन बनाएगा सरकार?

30 लाख ग्राहकों का डूबा पैसा

रिपोर्ट्स के अनुसार, पराग्वे के प्रमुख 'यूएनो बैंक' के अचानक डूब जाने से लगभग 30 लाख आम नागरिक और ग्राहक प्रभावित हुए हैं, जिन्हें अपने खातों से पैसे निकालने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि करीब 10 लाख से ज्यादा लोगों ने यूएनो बैंक में अपना पहला खाता खोला था. बैंक में जमा पैसे तक पहुंच बंद होने के बाद लाखों लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES