कपड़े निकाल रहे थे... तभी आवाज आई धांए: घर में PAK एंकर की दर्दनाक मौत; पति ने कहा- गलती से चल गई गोली
पाकिस्तानी टीवी एंकर राबिया अहसन की घर में गोली लगने से मौत हो गई. पति अहसन ताहिर खान ने गोली चलने की बात कबूल की, लेकिन इसे हादसा बताया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पाकिस्तान के एक निजी चैनल की एंकर राबिया अहसन अपने घर पर मुर्दा हालत में मिली हैं. पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट की रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके पति अहसन ताहिर खान ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात कबूल कर ली है. हालांकि, उनका कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी का कत्ल जानबूझकर नहीं किया, बल्कि गलती और अनजाने में यह घटना घटी.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि मौसम बदलने पर, जब गर्मियों के कपड़े रखे जा रहे थे और सर्दियों के कपड़े निकाले जा रहे थे, तब कपड़ों के बीच एक 30 बोर की पिस्तौल मिली. घर पर मौजूद एक घरेलू सहायक के शुरुआती बयान के आधार पर, पिस्तौल पति के हाथ में थी, तभी वह चल गई. साथ ही, पुलिस ने भी यह बात कही है कि परिवार के किसी भी सदस्य ने अब तक पति-पत्नी के बीच किसी विवाद या अनबन की जानकारी नहीं दी है. फिर भी, इस घटना की जांच एक संभावित हत्या के मामले के रूप में की जाएगी और इसके पीछे के सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी.
गर्दन के नीचे लगी गोली
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, राबिया अहसन की गर्दन के निचले हिस्से में सामने की तरफ गोली लगी थी, जो जानलेवा साबित हुई. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मिली 30 बोर की पिस्तौल बिना लाइसेंस की लग रही है. मौके से जुटाए गए फोरेंसिक सबूत और सैंपल लैब में भेज दिए गए हैं; फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की जाएगी.
'X' पर दिए गए एक बयान में, पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने बताया कि जांच के दौरान राबिया अहसन के पति ने पुलिस को दावा किया कि बंदूक गलती से चल गई थी. उन्होंने आगे बताया कि पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी की टीमें हादसे वाली जगह से सबूत इकट्ठा कर रही हैं, जबकि मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.
किस चैनल में काम करती थीं राबिया
41 वर्षीय राबिया 'चैनल 92' से जुड़ी थीं, जहां वह पत्रकार आमिर मतीन के साथ 'मुकाबिल' नाम का प्रोग्राम होस्ट करती थीं. वह दो बेटियों की मां थीं. सोशल मीडिया पर कई और पत्रकार इस घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं. साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इंसाफ की मांग कर रहे हैं.