PAK में CM का अपहरण? खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने लगाया किडनैपिंग का आरोप, पासपोर्ट भी हुआ ब्लॉक
Pakistan CM Kidnap: पाकिस्तान में खैबर पख्तूनवा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने पुलिस पर उन्हें अगवा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा पंजाब पुलिस लोगों के बीच तनाव भड़का रही है. उन्होंने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज पर भी साजिश रचने का आरोप लगाया.
Pakistan News: पाकिस्तान में इन दिनों हाई वोल्टेज ड्रामा चल रहा है. यहां की राजधानी इस्लामाबाद में सोमवार ( 14 सितंबर 2206) को खैबर पख्तूनवा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी को हिरासत में ले लिया गया. मुख्यमंत्री ने बाद में आरोप लगाया कि उन्हें अगवा किया गया.
सीएम सोहेल ने हिरासत में लिए जाने से पहले पंजाब पुलिस पर जनाबूझकर लोगों के बीच तनाव भड़काने का आरोप लगाया था. उनका दावा था कि ये सब भारत के एजेंडे के तहत किया जा रहा है.
सरकार को बताया भारतीय एजेंट
मुख्यमंत्री सोहेल की गिरफ्तारी से पहले उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पंजाब पुलिस को चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने पुलिस ऑफिसर से कहा,' आप आग लगा रहे हैं और भारतीय एजेंडे पर काम कर रहे हैं.' उन्होंने कहा,' या तो आप भारत के एजेंडे पर हैं या पंजाब में भारत के जो यार थोपे गए हैं, उनके एजेंडे पर हो.' उनका यह इशारा पंजाब की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) सरकार पर था. उन्होंने पुलिस से कहा कि मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि पाकिस्तान के टुकड़े मत करो, जिसके भी एजेंडे पर हो, वो पाकिस्तान का दुश्मन है.
मरियम नवाज लगाया आरोप
मुख्यमंत्री अफरीदी ने बाद में देर रात पंजाब पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अगवा करने की कोशिश की गई. अफरीदी के मुताबिक, पुलिस की ओर से उन्हें अगवा कर लिया गया था, लेकिन बाद में जनता के दबाव पर उन्हें सड़क में छोड़ दिया गया. अफरीदी ने PML-N पर मुल्क के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान को तोड़ने की साजिश रची जा रही है.
अफरीदी ने कहा कि मरियम नवाज शरीफ का कहना है कि उन्हें भारत नहीं, बल्कि पाकिस्तान के 3 राज्यों से खतरा है. हाल ही में मरियम नवाज ने अपने एक बयान में कहा था कि पंजाब को भारत से खतरा नहीं है. पंजाब में 3 राज्यों से आतंकी आते हैं और हिंसा करते हैं. उनके इस बयान पर पाकिस्तान के 3 राज्यों सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान ने विरोध जताया था.
24 सांसदों का पासपोर्ट जब्त
इस बीच इस्लामाबाद की एक एंटी टेररिस्ट अदालत ने खैबर पख्तूनवा के मुख्यमंत्री समेत और इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के 24 सांसदों का पासपोर्ट ब्लॉक कर दिया है. यह आदेश ऐसे समय पर दिया गया है, जब PTI ने 27 सितंबर 2026 को देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है.