चीन से उड़ान, अंतरिक्ष में पहचानः पहले पाकिस्तानी 'एस्ट्रोनॉट' के मिशन का रोमांचक Video
चीन का शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है और बड़ी तेजी से अतंरिक्ष की ओर बढ़ रहा है. पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी अंतरिक्ष जा रहे हैं. वह पहले पाकिस्तानी हैं, जो पृथ्वी की कक्षा में पहुंचे हैं.
चीन के कंधे पर बैठकर पाकिस्तान अब अंतरिक्ष तक पहुंच गया है. दरअसल, चीन ने अपने अंतरिक्ष यान शेनझोउ-24 को आज (बुधवार, 25 नवंबर) सुबह-सुबह सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया. चीन के गोबी रेगिस्तान स्थित जियुकुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से इसकी लॉन्चिंग हुई. लॉन्ग मार्च 2F रॉकेट के जरिए लॉन्च किए गए इस मिशन में 2 चीनी नागरितकों के साथ पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी अंतरिक्ष में जा रहे हैं. इसी के साथ जीशान अली पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं, जो पृथ्वी की कक्षा में पहुंचे हैं. पाकिस्तानी जीशान अली के साथ चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी अंतरिक्ष की ओर रवाना हो चुके हैं. रॉकेट धुएं और आग के विशाल गुबार के बीच सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की ओर रवाना हुआ.
इस मिशन का महत्व
शेनझोउ-24 को चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम का 41वां मिशन कहा जा रहा है. चीन ने पहली बार अपने मानव अंतरिक्ष मिशन में किसी विदेशी नागरिक को शामिल किया है. चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, इस मिशन के दौरान करीब 90 वैज्ञानिक प्रयोग व परीक्षण किए जाने की योजना है. चीनी मीडिया के मुताबिक, इस मिशन के दौरान स्पेस लाइफ साइंसेज, माइक्रोग्रैविटी, मैटेरियल साइंस और स्पेस मेडिसिन पर लगभग 90 वैज्ञानिक परीक्षण किए जाएंगे.
चीन ने विदेशी यात्री को शामिल करते हुए इस मिशन को ऐसे वक्त में शुरू किया है, जब नासा के नेतृत्व वाला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) रिटायर होने के कगार पर है. यह स्पेस सेंटर साल 2030 तक रिटायर हो सकता है. ऐसे में चीन अपने स्पेस स्टेशन को एक वैश्विक हब के रूप में पेश कर रहा है.
पाकिस्तान के लिए क्यों खास है मिशन?
चीन के सहयोग से अंतरिक्ष में जा रहे मुहम्मद जीशान अली, पाकिस्तानी एयरफोर्स के पायलट हैं. चीनी न्यूज चैनल CCTV के मुताबिक, जीशान अली को इस मिशन में पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर शामिल किया गया है. वह अंतरिक्ष में जैव प्रौद्योगिकी और पदार्थों से जुड़ी चार वैज्ञानिक परियोजनाओं पर काम करेंगे. साथ ही प्रकाश संश्लेषण करने वाले सूक्ष्मजीवों पर भी एक रिपोर्ट तैयार करेंगे.
जीशान अली लगभग 5 से 10 दिनों तक तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर रहेंगे. जानकारी के मुताबिक, जीशान अली के अलावा खुर्रम दाऊद का चयन किया था. दोनों ने चीन में अपनी ट्रेनिंग पूरी की थी. हालांकि, अंतिम वक्त में जीशान अली को इस मिशन के लिए चुना गया है. अगर मिशन सफल रहता है, तो यह पाकिस्तान का पहला पूर्ण ऑर्बिटल मानव अंतरिक्ष मिशन होगा.
ये भी पढ़ें- बीजिंग की चाल में फंसा इस्लामाबाद! Hangor सबमरीन के बहाने चीन कर रहा है अपने नए हथियारों की टेस्टिंग