)
चीन अपने अंतरिक्ष स्टेशन 'तियांगोंग' (Tiangong) पर पहली बार किसी विदेशी नागरिक को भेजने जा रहा है. चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (CMSA) ने शनिवार को घोषणा की कि पाकिस्तान का एक अंतरिक्ष यात्री उनके अगले अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बनेगा. यह पहला मौका होगा जब कोई गैर-चीनी नागरिक चीन के इस हाई-टेक अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखेगा.
चीन की अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री 'Shenzhou-24' क्रू के साथ अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेंगे. हालांकि, उड़ान की सटीक तारीख का अभी खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि यह मिशन इसी साल (2026) के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा. यह अंतरिक्ष यात्री एक 'पेलोड स्पेशलिस्ट' के रूप में मिशन में शामिल होंगे. वे कुछ समय के लिए कक्षा में रहकर एक संक्षिप्त रिसर्च मिशन पूरा करेंगे और फिर मई में तियांगोंग स्टेशन पर पहुंचे 'शेंझोउ-23' अंतरिक्ष यान के जरिए वापस पृथ्वी पर लौटेंगे.
चीन की एजेंसी ने फिलहाल उस अंतरिक्ष यात्री के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है जो इस उड़ान में शामिल होगा. हालांकि, अप्रैल में यह जानकारी दी गई थी कि पाकिस्तान के मोहम्मद जीशान अली और खुर्रम दाऊद का चयन चीन में ट्रेनिंग के लिए किया गया है. इन्हीं दोनों में से किसी एक को इस ऐतिहासिक यात्रा का मौका मिलेगा.
चीन और पाकिस्तान के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में यह सहयोग नया नहीं है. फरवरी 2025 में दोनों देशों के बीच एक अहम समझौता हुआ था. इसके तहत चीनी सरकार ने पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया था. आधिकारिक चीनी समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ट्रेनिंग के पूरा होने के बाद पाकिस्तानी यात्री आने वाले सालों में चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ मिलकर छोटे अभियानों पर काम करेंगे.
हाल के वर्षों में चीन ने अपने स्पेस प्रोग्राम में भारी-भरकम निवेश किया है. वह अंतरिक्ष की रेस में अमेरिका को सीधी चुनौती दे रहा है. चीन का लक्ष्य 2030 तक चांद पर अपने अंतरिक्ष यात्रियों को उतारना है, और तियांगोंग स्पेस स्टेशन इस दिशा में एक बड़ा कदम है.
चीन और पाकिस्तान एक-दूसरे को "हर मौसम का दोस्त" मानते हैं. चीन, पाकिस्तान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और प्रमुख विदेशी निवेशक भी है. ऐसे में अंतरिक्ष के क्षेत्र में यह कदम दोनों देशों के रणनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाता है.