App

लाहौर का दम घुटा, तो भारत पर फोड़ा ठीकरा: प्रदूषण के लिए दिवाली को जिम्मेदार ठहराने वाले PAK की खुद कितनी आबोहवा साफ?

पाकिस्तान में लाहौर की हवा दमघोंटू हो चुकी है, लेकिन इसका समाधान निकालने के बदले वहां की सरकार ने भारत पर ही ठीकरा फोड़ दिया है. हालांकि, दिवाली से पहले लाहौर खुद कितना साफ-सुथरा राज्य था?

लाहौर का दम घुटा, तो भारत पर फोड़ा ठीकरा: प्रदूषण के लिए दिवाली को जिम्मेदार ठहराने वाले PAK की खुद कितनी आबोहवा साफ?

Lahore Pollution: लाहौर में इस वक्त प्रदूषण चरम सीमा पर पहुंच चुका है. हालांकि, वहां की सरकार अपने राज्य में दमघोंटू हवा के लिए भारत पर ठीकरा फोड़ रही है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की एनवायरनमेंट मिनिस्टर मरियम औरंगजेब ने लाहौर में प्रदूषण के लिए भारत से आने वाली हवा को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि भारत में दिवाली के मौके पर जलाए गए पटाखों और पराली जलाने के चलते लाहौर में प्रदूषण फैला है. मिनिस्टर की बातों से लगता है कि जैसे लाहौर में दिवाली से पहले कोई प्रदूषण नहीं था, जबकि यह शहर पहले से कोई पॉल्यूशन फ्री राज्य नहीं है. यह लंबे समय से पाकिस्तान और दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में टॉप पर रहा है.

मरियम औरंगजेब ने अपने 'X' हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि लाहौर से सटे भारतीय इलाकों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर दर्ज किया गया. उनके मुताबिक, हवा की धीमी गति और पाकिस्तान की ओर हवा के बहाव की संभावना को देखते हुए सीमा पार से आने वाला प्रदूषण लाहौर की एयर क्वालिटी को प्रभावित कर सकता है.  

प्रदूषण के लिए भारत को ठहराया जिम्मेदार 


मरियम ने लिखा,' दीवाली के बाद नई दिल्ली और भारतीय पंजाब के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद ज्यादा हो गया है. हवा की धीमी गति और पूर्वी दिशा से पाकिस्तान की ओर बहने वाली हवाओं के कारण यह चिंता जताई जा रही है कि लाहौर में हवा की गुणवत्ता और भी खराब हो सकती है. आज आधी रात के आसपास मिले आंकड़ों के अनुसार, लाहौर से सटे भारतीय इलाकों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर दर्ज किया गया. लाहौर से लगभग 49 किलोमीटर दूर खेमकरण में AQI 631, 50 किलोमीटर दूर पट्टी में 291. 51 किलोमीटर दूर अमृतसर में 514, 113 किलोमीटर दूर गुरदासपुर में 477, 120 किलोमीटर दूर जालंधर में 848, 160 किलोमीटर दूर अबोहर में 1244, बठिंडा में 1032, 161 किलोमीटर दूर लुधियाना में 744  और 174 किलोमीटर दूर बरनाला में 967 दर्ज किया गया.'

marriyum

मरियम ने आगे लिखा,' भारतीय पंजाब में 34 सर्विलांस सेंटर में से 24 जगहों पर वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पाया गया, जबकि 7 जगहों पर AQI का स्तर 1000 से भी ऊपर चला गया. सबसे अधिक रीडिंग फरीदकोट में 1588 दर्ज की गई, जबकि नई दिल्ली में यह 537 रही. हवा की धीमी गति और पाकिस्तान की ओर हवा के बहाव की संभावना को देखते हुए सीमा पार से आने वाला प्रदूषण लाहौर की एयर क्वालिटी को प्रभावित कर सकता है. रात और सुबह के समय लाहौर का AQI बेहद अनहेल्दी से लेकर खतरनाक श्रेणी में रहने की आशंका है. हालांकि, दोपहर के बाद मौसम में सुधार होने और हवा की दिशा बदलने के साथ वायु प्रदूषण धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है.'

दिवाली से पहले लाहौर में नहीं था प्रदूषण? 


अब सवाल ये है कि क्या दिवाली से पहले लाहौर में कोई प्रदूषण नहीं था या फिर यह पाकिस्तान के सबसे साफ जगहों में से एक है? दरअसल पाकिस्तान की एनवायरनमेंटल मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट 'हमारी हवा' की ओर से 2 नवंबर 2206 को एक आकलन पब्लिश किया गया था, जिसका  'लाहौर का स्मॉग: साल भर का बेसलाइन और अक्टूबर में होने वाले बदलाव' है. यह शहर में फैले प्रदूषण की तस्वीर दिखाता है.इस आकलन के अनुसार, अक्टूबर 2025-अक्टूबर 2026 के बीच हर महीने लाहौर में PM2.5 का मासिक औसत स्तर 35 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से ऊपर रहा. इस अवधि में सबसे साफ महीना जून 2026 रहा, जिसमें PM2.5 का औसत स्तर 40 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया. यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से तय की गई 5 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर की वार्षिक PM2.5 गाइडलाइन से 8 गुना ज्यादा है.

लाहौर में फैला प्रदूषण 


सर्दियां आते ही लाहौर में स्थिति खराब हुई और अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच मासिक औसत 124-183 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के दायरे में रहा, जबकि अक्टूबर 2026 में यह आंकड़ा 100 माइक्रोग्राम दर्ज किया गया. ये आंकड़े बताते हैं कि लाहौर में प्रदूषण की समस्या केवल दिवाली या कुछ दिनों की आतिशबाजी तक सीमित नहीं है. यहां बिना किसी बड़े उत्सव के भी शहर में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक रहता है. 

lahore

 'पाकिस्तान एयर क्वालिटी इनिशिएटिव' (PAQI) की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी एक रिपोर्ट में जांच की गई कि क्या लाहौर में प्रदूषण के लिए भारत में दिवाली पर छोड़े गए पटाखे जिम्मेदार थे, तो पाया गया कि 1 अक्टूबर 2026-9 नवंबर 2026 के बीच लाहौर में PM2.5 का औसत स्तर 126 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था. 'PAQI' ने 8 नवंबर की शाम से 10 नवंबर के बीच के प्रदूषण स्तर की भी जांच की और इसकी तुलना पिछले 7 दिनों के इन्हीं घंटों के आंकड़ों से की. इस दौरान लाहौर में PM2.5 का औसत स्तर 234 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया, जो कि 10 प्रतिशत की वृद्धि है.    

अपनी ही रिपोर्ट ने खारिज किए दावे 


पाकिस्तान में भारतीय सीमा से लगभग 130 किलोमीटर मी दूर स्थित फैसलाबाद और मुल्तान में प्रदूषण 40-40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. कसूर में 27 प्रतिशत और सियालकोट में 33 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई. वहीं, सीमा के पास स्थित लाहौर, कसूर, सियालकोट और नारोवाल में औसत वृद्धि 36 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रही, जबकि फैसलाबाद और मुल्तान में यह आंकड़ा 85 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था. ऐसे में 'PAQI' का कहना है कि अगर एयर क्वालिटी बिगड़ने का मुख्य कारण भारत से आने वाला प्रदूषण होता, तो सीमा के करीब के इलाकों में प्रदूषण का स्तर कहीं अधिक बढ़ना चाहिए था, लेकिन जो पैटर्न देखने को मिला वह इस तर्क का समर्थन नहीं करता.

दिवाली से पहले लाहौर में प्रदूषण 


पाकिस्तान के लाहौर में साल भर होने वाले प्रदूषण के मुख्य सोर्स में वाहनों से निकलने वाला धुआं, इंडस्ट्रीयल एक्टिविटी,  ईंट-भट्टे, पावर प्लांट, डीजल जनरेटर, डॉमेस्टिक फ्यूल और खुले में कचरा जलाना शामिल है. 'अर्बन यूनिट' की साल 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर में कार्बन एमिशन के लिए तकरीबन 35 प्रतिशत ट्रांसपोर्ट, 33 प्रतिशत पराली और 29 प्रतिशत कचरा जलाना और 3 प्रतिशत इंडस्ट्री जिम्मेदार हैं. यहां पराली भी बड़ी मात्रा में जलती है. 

lahore

PAQI के सैटेलाइट आकलन से पता चला है कि 1 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 के बीच पाकिस्तानी पंजाब में पराली जलाने की 16,714 घटनाएं सामने आईं. इस दौरान पूरे प्रांत में आग लगने की कुल 18,825 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 89 प्रतिशत मामले पराली जलाने से जुड़े होने की संभावना है. ऐसे में पाकिस्तान के लगाए गए आरोपों को उनके अपने ही आकलन का समर्थन नहीं मिला है. 'PAQI' की रिपोर्ट के अनुसार, उपलब्ध डेटा इस बात की पुष्टि नहीं करता है कि दिवाली के बाद लाहौर की खराब खराब एयर क्वालिटी के लिए सीमा पार छोड़े गए पटाखे जिम्मेदार हैं. इसके पीछे लंबे समय से चली आ रही प्रदूषण की समस्या और स्थानीय मौसम का हाथ है.  

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More