नेपाल में फिर तबाही: मौत की तरह बहती आई बाढ़, इमारतें-पुल सब बहा ले गई नदी; घर छोड़कर भागे लोग
Nepal Natural Disaster: नेपाल में एक बार फिर आई बाढ़ ने तबाही मचाई है. यहां एक नदी में आई भीषण बाढ़ से कई पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर बह गए. इसके चलते लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है.
Nepal Flood: नेपाल पिछले कुछ महीनों पहले ही भीषण बाढ़ से जूझ रहा था. अब एक बार फिर यहां मध्य भाग में एक नदी में आई भीषण बाढ़ से कई घर और पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर बह गए. इसको देखते हुए नेपाली अधिकारियों ने रविवार ( 11 अक्टूबर 2026) को ग्रामीणों से सुरक्षित जगहों पर जाने का आग्रह किया. फिलहाल कोई हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है.
'रॉयटर्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि काठमांडू से लगभग 100 किलोमीटर (62 मील) पश्चिम में गोरखा जिले के चुमनुबरी गांव में हुए एक भूस्खलन ने बूढ़ी गंडकी नदी को ब्लॉक कर दिया, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई.
नेपाल में फिर आई बाढ़
घटना को लेकर नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा,' बुढी गंडकी नदी में चुमानुवमी रूरल म्युनिसिपैलिटी 6 की तरफ से जबरदस्त बाढ़ आ रही है, इसलिए जब तक बाढ़ गुजर न जाए त्रिशूली दोभान तक नदी के पास न जाएं. ऊंची जगहों पर रहें.'
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भी बाढ़ को लेकर अपने 'X' हैंडल पर पोस्ट किया,' बुढ़ी गंडकी नदी में बाढ़ के बाद, नेपाली सेना की एक टुकड़ी को खोज और बचाव अभियान के लिए हवाई और जमीनी रास्ते से तैनात किया गया है. साथ ही, जगत इलाके से 6 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया है, जहां भूस्खलन का खतरा है. काठमांडू में तैनात कम्पोजिट क्विक रिएक्शन टीम को भी हवाई परिवहन के जरिए इसी इलाके में भेजा गया है.'
ग्रामीणों को कहीं ओर जाने की सलाह
बता दें कि बुद्धि गंडकी त्रिशुली नदी की ट्रिब्यूटरी नदी है, जो एक अन्य ट्रिब्यूटरी नदी के निचले हिस्से में स्थित है. यहां अगस्त 2026 में एक ग्लेशियर के ढहने से विनाशकारी बाढ़ आई थी, जिसमें 1,457 लोग मारे गए थे और हजारों लोग अभी भी लापता हैं.
घटना को लेकर गोरखा जिले के सीनियर ऑफिसर धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा,' हमने नदी के निचले इलाकों में बसे ग्रामीणों से कहा है कि वे सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और सुरक्षित रहें.' उन्होंने कहा कि कई घर और 2 झूलते पुल बह गए हैं. बाढ़ से एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचा है.
इन इलाकों में अलर्ट
नेपाल में आपदा को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा अधिकारियों ने गोरखा, तनहुन, चितवन, पूर्वी नवलपरासी और पश्चिमी नवलपरासी जिलों में नदी के किनारे रहने वाले लोगों को बाढ़ के बारे में सतर्क कर दिया है. नेशनल डिजास्टर ऑफिशियल्स ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा,' कृपया यह सुनिश्चित करने में मदद करें कि जोखिम वाले क्षेत्रों में लोगों को समय पर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाए और आवश्यकतानुसार खोज और बचाव कार्यों में सहायता करें.' अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस के बचावकर्मी इलाके में पहुंच चुके हैं और हेलीकॉप्टर से स्थिति पर नजर रख रहे हैं.