US के सीक्रेट दौरे पर पहुंचे मोसाद चीफ तो बदल गया ट्रंप का सुर, कहा- ईरान से डील की जरूरत नहीं, क्या फिर मचने जा रही तबाही?
इजरायल की मशहूर खुफिया एजेंसी मोसाद के चीफ अमेरिका की यात्रा पर पहुंचे हुए हैं. उनके दौरे के बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सुर बदले नजर आ रहे हैं. क्या अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर फिर धावा बोलने जा रहे हैं.
इजरायल और ईरान के बीच चल रही तनातनी में एक नया मोड़ आ गया है. असल में, मोसाद के डायरेक्टर रोमन गोफमैन इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं. शुक्रवार को उन्होंने वाशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के बड़े अधिकारियों से मुलाकात की. इस गुप्त दौरे का मुख्य मकसद अमेरिका को ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू करने के लिए राजी करना है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू लगातार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर यह दबाव बना रहे हैं कि ईरान के खिलाफ मोर्चा दोबारा खोला जाए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेतन्याहू के कहने पर ही गोफमैन को विशेष रूप से इस मिशन पर अमेरिका भेजा गया है.
मोसाद चीफ ने सीआईए मुखिया से की सीक्रेट मीटिंग
एक्सियोस की रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोमन गोफमैन ने शुक्रवार को सीआईए डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ के साथ लंबी बैठक की. इसके बाद उनके मियामी जाने का कार्यक्रम है, जहां वे व्हाइट हाउस के दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात करेंगे. खास बात यह है कि विटकॉफ हाल ही में मॉस्को से लौटे हैं, जहां उन्होंने जेरेड कुशनर के साथ मिलकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन युद्ध में सीजफायर को लेकर चर्चा की थी. हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल बैठकों के दौर पर मोसाद, सीआईए और व्हाइट हाउस तीनों ने ही आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है.
हमें ईरान के साथ किसी डील की जरूरत नहीं- ट्रंप
खास बात ये है कि ये कूटनीतिक हलचल ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के भविष्य को लेकर गहरी अनिश्चितता बनी हुई है. हालांकि इजरायली अधिकारियों का मानना है कि कूटनीतिक रास्ते अभी पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं. इसी बीच, गुरुवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए सबको चौंका दिया.
उन्होंने एलान किया कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के साथ चल रही बातचीत से अलग होने को कह दिया है. अब वेंस का पूरा फोकस डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाले अमेरिकी शहरों और राज्यों के अंदरूनी हालात पर रहेगा. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर साफ शब्दों में लिखा, 'हमें ईरान के साथ किसी समझौते की कोई जरूरत नहीं है. वे दिन अब लद गए. हमारे पास उनका पैसा और उनका होर्मुज स्ट्रेट दोनों है.'
चुनावों में हुई हार के दर्द को सहला रहे ट्रंप-नेतन्याहू
रिपोर्ट के मुताबिक, ये सारी उथल-पुथल ऐसे वक्त हो रही हैं, जब नेतन्याहू और ट्रंप, दोनों ही चुनाव में हुई हार के बाद अपना दर्द सहला रहे हैं. पिछले महीने 27 अक्टूबर को हुए आम चुनाव के बाद से इजरायल भी अंदरूनी राजनीतिक उठापटक से जूझ रहा है. किसी भी पार्टी को बहुमत न मिलने की वजह से वहां पर सरकार बनाने को लेकर अनिश्चितता फैली हुई है. वहीं, अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को खासा नुकसान उठाना पड़ा है और संसद के दोनों सदनों में उसका बहुमत खत्म हो गया है.
ये भी पढ़ें- 'मैं कुरान पर हाथ रखकर लूंगा शपथ', US के पहले मुस्लिम सीनेटर बने अब्दुल का एलान, इस पुराने नेता का दिया हवाला
इस हार के बावजूद नेतन्याहू का फोकस ईरान से हटा नहीं है. इजरायली मीडिया में छपी रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां का रक्षा महकमा ईरान पर नए हमले की तैयारी कर रहा है. हालांकि, इजरायली सेना चाहती है कि ईरान के खिलाफ कोई नया अभियान अमेरिका के साथ मिलकर ही खोला जाए.
मजबूत राजनीतिक समर्थन से ही हो हमला
इजरायली आर्मी का यह भी मानना है कि ऐसा कोई भी बड़ा कदम वह कार्यवाहक सरकार के आदेश के बजाय देश के मजबूत राजनीतिक समर्थन पर चलाए. रक्षा अधिकारियों का यह भी कहना है कि फिलहाल ईरान पर हमला करने की कोई तत्काल या बेहद जरूरी ऑपरेशनल जरूरत नहीं है.
इसकी वजह ये है कि इजरायल और अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के पास ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं है, जो यह बताए कि ईरान के पास फिलहाल इजरायल के लिए कोई अस्तित्वगत खतरा पैदा करने वाला हथियार मौजूद है. यहां तक कि ऐसे किसी हथियार या सिस्टम के निर्माण का भी कोई सुराग नहीं मिला है.
दोबारा फिर भड़क सकता है युद्ध
सिवाय इस बात के कि ईरानी अधिकारियों ने कुछ अरसा पहले ये संकेत दिए थे कि वे एटम बम बनाने के लिए अपनी न्यूक्लियर पॉलिसी में बदलाव कर सकते हैं. इसके साथ ही, वे परमाणु अप्रसार संधि (NPT) से बाहर निकलकर यूरेनियम एनरिचमेंट तेज कर सकते हैं.
इजरायली डिफेंस एक्सपर्टों का मानना है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई इस सोच के समर्थक हैं. उन्होंने सैद्धांतिक रूप से इसकी मंजूरी भी दे दी है. हालांकि, जमीन पर अभी इसके खास नतीजे देखने को नहीं मिले हैं. कुल मिलाकर, यह टकराव अभी खत्म नहीं हुआ है. इसने बस कुछ समय के लिए हॉल्ट ले रखा है. यह दोबारा कब बड़े रूप में सामने आ जाए, कोई कह नहीं सकता.