‘धर्म के नाम पर न हो पहचान, पाकिस्तान को फूटी कौड़ी भी देने की जरूरत नहीं...' मिशिगन के नए सीनेटर अब्दुल अल सईद ने सुनाई खरी-खरी
अमेरिकी सीनेटर अब्दुल अल सईद ने धर्म आधारित राष्ट्र की अवधारणा पर सवाल उठाते हुए पाकिस्तानी फौज को हो रही फंडिंग का कड़ा विरोध किया है. अब्दुल का कहना है कि पाकिस्तान खुद को इस्लामिक रिपब्लिक कहता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि अमेरिका उसे या उनकी सेना को आर्थिक मदद दे. उनका ये बयान अब सुर्खियों में आ गया है.
दिल्ली हो या दुबई से लेकर अमेरिका, 'अब्दुल' एक बार फिर चर्चा में है. भारत की वर्तमान राजनीति से लेकर अमेरिका की सियासत तक, जिधर देखो उधर 'अब्दुल' के चर्चे हैं. बकौल असदुद्दीन ओवैसी अब्दुल अब सिर्फ दरी नहीं बिछाता, वो सत्ता में भागीदारी मांगने लगा है. उनके इन बयानों के इतर अमेरिका में नए-नए सीनेटर बने अब्दुल का बयान तेजी से वायरल हो रहा है. उनके बयान में सहिष्णुता की झलक साफ-साफ दिख रही है. यहां बात अमेरिकी संसद में नए नवेले सीनेटर चुने गए अब्दुल अल सईद की जिन्होंने अपने दमदार भाषण से दुनियाभर की सुर्खियां बटोर ली हैं.
धर्म और जाति से न हो देश या राज्य की पहचान: अब्दुल
अमेरिका के मिशिगन से नवनिर्वाचित सीनेटर अब्दुल अल सईद ने देश और राज्यों की पहचान धर्म या जातीयता के आधार पर करने की पुरातन सोच का तगड़ा विरोध किया है. उन्होंने कहा कि वह एथ्नोस्टेट यानी किसी खास जातीय या धार्मिक समुदाय पर आधारित राज्य की अवधारणा में विश्वास नहीं करते. जब एक पत्रकार ने उनसे कहा कि दुनिया के करीब 43 देश अपनी पहचान किसी न किसी धर्म से जोड़ते हैं. पाकिस्तान को इसकी सबसे बड़ी मिसाल बताते हुए इस्लामाबाद सिटी को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की राजधानी बताया, तो इस तुलना से भड़के अब्दुल ने कहा, 'किसी भी सूरत में पाकिस्तान की सेना को बड़ी फंडिंग तो दूर फूटी कौड़ी भी नहीं देनी चाहिए.
1947 से अमेरिकी खैरात पर पल रहा है पाकिस्तान
आपको बताते चलें कि 2025 में ट्रंप प्रशासन ने पाकिस्तान के F 16 लड़ाकू विमानों के रखरखाव और निगरानी के लिए 39.7 करोड़ डॉलर के पैकेज को मंजूरी दी थी. इससे पहले 2022 में बाइडन प्रशासन ने भी पाकिस्तान के F-16 विमानों के रखरखाव के लिए 45 करोड़ डॉलर के पैकेज को मंजूरी दी थी. USAFacts के मुताबिक, पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में अमेरिका ने पाकिस्तान के लिए कुल 19.58 करोड़ डॉलर की विदेशी सहायता देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई थी. इसमें से 98.5 फीसदी मदद आर्थिक, स्वास्थ्य और मानवीय कार्यक्रमों के लिए थी, जबकि 1.5 प्रतिशत सैन्य उद्देश्यों के लिए निर्धारित की गई थी.
पाकिस्तान को न दी जाए फूटी कौड़ी: अब्दुल अल सईद
अब्दुल अल सईद की ये ज्वलंत टिप्पणी उस वक्त आई है जब वॉशिंगटन में पाकिस्तान को दी जाने वाली अमेरिकी सुरक्षा सहायता, आतंकवाद रोधी सहयोग और विदेशी सहायता की प्राथमिकताओं को लेकर बहस जारी है. बाकी अब्दुल जहां अपनी कट्टरपंथी सोच के लिए दुनियाभर के निशाने पर है, तो अब्दुल अल सईद जैसे सहिष्णु लोग भी हैं जो अपनी मानवतावादी सोच के चलते हर धर्म के बीच न सिर्फ पॉपुलर हैं, बल्कि चुनाव जीतकर सीनेटर भी बन रहे हैं.
कौन हैं अब्दुल?
अमेरिका में नए सीनेटर बने हैं, सहिष्णु हैं. उदार हैं. अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े हैं. अभी दीपावली पर उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स से हिंदुओं को दीपावली की शुभकामनाएं भी भेजी थीं.
भारत की सियासत से लेकर सोशल मीडिया में 'अब्दुल' को पॉपुलर करने में एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी का बड़ा योगदान माना जा सकता है, वो अपनी रैलियों में मुस्लिम समाज के युवाओं को एकजुट करने के लिए अक्सर ये कहते हैं कि अब्दुल अब राजनीति में सिर्फ दरी और कुर्सी नहीं बिछाएगा, वो सांसद-विधायक बनकर आगे देश के उच्च पदों पर बैठेगा.