App

‘बॉस ऑफ बॉसेस’ की कहानी खत्म: पुलिस की वर्दी से ड्रग्स के ‘द गॉडफादर’ तक... गैलार्डो की मौत, पीछे छोड़ गया खौफनाक साम्राज्य

मेक्सिको से लेकर अमेरिका तक 'बॉस ऑफ बॉसेस' और 'द गॉडफादर' के नाम से मशहूर गैलार्डो का किस्सा खत्म हो गया. मुल्क के सबसे खौफनाक ड्रग सरगनाओं में से एक M A F गैलार्डो की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. कभी पुलिस की नौकरी में अपराधियों का अंत करने की कसम खाने वाला गैलार्डो ड्रग्स लॉर्ड बना तो उसकी कहानी फिल्मी पर्दे से लेकर वेब सीरीज तक में नजर आई.

‘बॉस ऑफ बॉसेस’ की कहानी खत्म: पुलिस की वर्दी से ड्रग्स के ‘द गॉडफादर’ तक... गैलार्डो की मौत, पीछे छोड़ गया खौफनाक साम्राज्य
Image Credit: गैलार्डो (रॉयटर्स)

मेक्सिको के सबसे बड़े ड्रग्स माफिया ‘बॉस ऑफ बॉसेस’ मिगुएल एंजेल फेलिक्स गैलार्डो की 80 साल की उम्र में मौत हो गई. गैलार्डो सिर्फ ड्रग्स माफियाओं का एकछत्र अधिपति नहीं, पूरे अपराध जगत का वो बेताज बादशाह था. एक पुलिस वाला कैसे मुल्क का सबसे बदनाम नशे का सौदागर बन गया, ये कहानी रियल होने के बावजूद रील लगती है. कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे गैलार्डो को जेल से इमरजेंसी में अस्पताल ले जाया गया था. जहां हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई. गैलार्डो को 1989 में गिरफ्तार किया गया था. गैलार्डो की मौत के साथ ही मैक्सिको के सबसे पुराने ग्वाडलहारा ड्रग्स कार्टेल के सबसे चर्चित अध्याय का अंत हो गया.

जेल में उसकी सेहत बिगड़ी तो आखिरी सांस तक नहीं सुधरी. कभी अपनी आंख के इशारे से अच्छे-अच्छों को नचाने वाले गैलार्डो को एक आंख से दिखाई नहीं देता था. उसके सुनने की क्षमता लगभग खत्म हो चुकी थी. 2022 में उनकी बिगड़ती हालत देखते हुए हाउस अरेस्ट दिया गया था.

El Chapo का ‘Boss’ जो कहलाता था 'द गॉडफादर'  

मेक्सिको में गैलार्डो की दहशत थी. उसके किस्से अमेरिका तक मशहूर थे. वो खुद पुलिसवाला था. पुलिस की नौकरी के दौरान वो एक गवर्नर का बॉडी गार्ड भी रहा. ड्रग्स माफियाओं की धरपकड़ के दौरान उसे, इस धंधे में इतना स्कोप दिखा कि पुलिस की नौकरी छोड़कर अपराध जगत में कूद गया. उसे पकड़ने की कई कोशिशें हुईं लेकिन पुलिस-प्रशासन में अपने रसूख के चलते वो पलक झपकते गायब हो जाता था.

आधुनिक ड्रग व्यापार का जनक

गैलार्डो ने ग्वाडलहारा कार्टेल खड़ा करके मैक्सिको के नशीले पदार्थों के काले धंधे को उस दौर में नई शक्ल दी, जब कोकीन लैटिन अमेरिकी देशों से लेकर अमेरिका तक हाई डिमांड में था. उसने बड़े पैमाने पर कोकीन की सप्लाई की. उसने रिश्वत के जरिए सरकारी संरक्षण हासिल करके तस्करी के नए-नए तरीके ईजाद करके खुद का कद इतना मजबूत कर लिया कि उसका नाम सुनकर लोगों के पसीने छूट जाते थे. वो मेक्सिको के एक और कुख्यात ड्रग्स माफिया अलचापो का भी सुपर बॉस था.

1980 के दशक में उसने मैक्सिको के सभी छोटे-बड़े गिरोहों को मिलाकर ग्वाडलहारा कार्टेल बनाया और कोलंबियाई कार्टेल के साथ मिलकर पूरे मैक्सिको के ड्रग व्यापार पर एकछत्र राज किया. आगे चलकर मेक्सिको का खूंखार ड्रग्स माफिया बना 'अल चापो' गैलार्डो की गाड़ी चलाने वाला ड्राइवर था जो समय-समय पर गैलार्डो के काले धंधे का लॉजिस्टिक्स संभालता था.

समय कभी एक जैसा नहीं रहता, 1985 में वक्त ने पलटा खाया और एक अमेरिकी एजेंट की हत्या के बाद उसके साम्राज्य पर शिकंजा कसना शुरू हुआ. कई देशों की पुलिस उसके पीछे थी, लेकिन 4 साल तक उसे कोई छू नहीं पाया. वो इतना शातिर था कि कानून की आंखों में धूल झोंककर छूमंतर हो जाता था. 1989 में गिरफ्तारी के बाद उसकी जिंदगी के आखिरी तीस साल जेल में बीते. 80 साल की उम्र में उसका किस्सा खत्म हो गया.

बॉस ऑफ बॉसेस बनने की इनसाइड स्टोरी

गैलार्डो ने मैक्सिको में मौजूद गांजे की तस्करी को एक संगठित अंतरराष्ट्रीय कोकीन नेटवर्क में बदलने में अहम भूमिका निभाई. 1980 के दशक की शुरुआत में उसके गैंग ने कोलंबिया के ड्रग माफिया पाब्लो इकोबार से हाथ मिलाया. ये साझेदारी उस दौर में बेजोड़ थी. दोनों ने कई माफियाओं को अपने बैनर तले झुककर काम करने पर मजबूर किया. नई साझेदारी के तहत कोकीन कोलंबिया में तैयार होती थी और गैलार्डो का ग्वाडलहारा नेटवर्क उसे मैक्सिको के रास्ते अमेरिका तक पहुंचाने लगा.

एरोप्लेन से अमेरिका में कोकीन की सप्लाई

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक गैलार्डो के नेटवर्क ने अमेरिका और आस-पास कोकीन की तस्करी कराने के लिए छोटे और हल्के दो से चार सीटर विमानों का इस्तेमाल भी किया. प्लेन से कोकीन की तस्करी उस समय एक नायाब आइडिया था. तस्करी के इस मॉडल के जरिए दक्षिण अमेरिका से मध्य अमेरिका और फिर मैक्सिको के रास्ते अमेरिका के बाकी हिस्सों तक कोकीन की सप्लाई होने लगी. इस तरह उसने अमेरिका में कोकीन की सप्लाई का ऐसा मॉडल मजबूत किया कि वो अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की आंखों में खटकने लगा.

यहीं से गैलार्डो सिर्फ मैक्सिको का ड्रग्स बॉस नहीं रहा, बल्कि वो अमेरिका की कोकीन मार्केट तक उसका सिक्का चलने लगा. अमेरिका में गैलार्डो के ग्वाडलहारा कार्टेल को मॉर्डन मेक्सिकन कार्टल्स का गॉडफादर कहा जाता था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More